होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘सहारा न्यूज नेटवर्क’ से रमेश अवस्थी ने दिया इस्तीफा, अब राजनीति की ‘पिच’ पर उतरे
‘सहारा न्यूज नेटवर्क’ से रमेश अवस्थी ने दिया इस्तीफा, अब राजनीति की ‘पिच’ पर उतरे
रमेश अवस्थी वर्तमान में यहां ऑल इंडिया हेड (टीवी) के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। समाचार4मीडिया से बातचीत में रमेश अवस्थी ने कहा कि अब वह पूरा ध्यान सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में लगाएंगे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
वरिष्ठ पत्रकार रमेश अवस्थी ने ‘सहारा न्यूज नेटवर्क’ (Sahara News Newtork) से इस्तीफा दे दिया है। लंबे समय से इस नेटवर्क से जुड़े हुए रमेश अवस्थी वर्तमान में यहां ऑल इंडिया हेड (टीवी) के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। वह अखबार और टीवी यानी राष्ट्रीय सहारा और सहारा टीवी दोनों के प्रशासनिक कर्तव्यों की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। इसके साथ ही वह यूपी चैनल हेड की भूमिका भी निभा रहे थे।
समाचार4मीडिया से बातचीत में रमेश अवस्थी ने अपने इस्तीफे की पुष्टि की है। रमेश अवस्थी के अनुसार, अब वह पूरा ध्यान सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में लगाएंगे। वर्तमान में उत्तर प्रदेश के कानपुर से भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रमेश अवस्थी ने बताया कि वह पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाना जारी रखेंगे। पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे वह पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाएंगे। फिलहाल वह कानपुर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
‘सहारा न्यूज नेटवर्क’ से अपने इस्तीफे के बारे में रमेश अवस्थी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर भी पोस्ट की है। ‘एक्स’ (X) पर अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा है, ‘दोस्तों, सहारा मीडिया से विदाई लेते हुए सभी पदों से मैंने इस्तीफा दे दिया है। जिंदगी है तो सफर जारी रहना चाहिए। नये पड़ाव से रूबरू जल्द… #Rameshawasthi’
दोस्तों, सहारा मीडिया से विदाई लेते हुए सभी पदों से मैंने इस्तीफा दे दिया है। जिंदगी है तो सफर जारी रहना चाहिए। नये पड़ाव से रूबरू जल्द… #Rameshawasthi
— Ramesh Awasthi ( Modi Ka Parivar ) (@irameshawasthi) March 6, 2024
बता दें कि रमेश अवस्थी सहारा के जाने-माने चेहरों में से एक रहे हैं। उत्तर प्रदेश के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की पत्रकारिता में जाना पहचाना नाम रमेश अवस्थी तेजतर्रार पत्रकारों में से एक हैं। राजनीतिक गलियारों में भी इनकी मजबूत पकड़ है।
रमेश अवस्थी ‘सहारा’ से करीब 32 साल से जुड़े हुए थे, यहां पर उन्होंने वर्ष 1992 में जॉइन किया था और विभिन्न भूमिकाएं निभाते हुए यहां तक पहुंचे थे। इससे पहले रमेश अवस्थी ‘आज’ अखबार में भी काम कर चुके हैं। वह भारत सरकार की हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य भी रह चुके हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें अब तक तमाम राष्ट्रीय/अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।
टैग्स इस्तीफा सहारा न्यूज नेटवर्क रमेश अवस्थी रिजाइन