होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / वरिष्ठ पत्रकार दीपक शर्मा की मेनस्ट्रीम मीडिया में हुई वापसी
वरिष्ठ पत्रकार दीपक शर्मा की मेनस्ट्रीम मीडिया में हुई वापसी
कई मीडिया संस्थानों में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं दीपक शर्मा
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
तीन वर्ष की ऑनलाइन न्यूज (वैकल्पिक मीडिया) के अनुभव के बाद वरिष्ठ पत्रकार दीपक शर्मा ने अब मेनस्ट्रीम मीडिया में वापसी की है। उन्होंने न्यूज एजेंसी ‘आईएएनएस’ (Indo Asian News Service ) में बतौर एग्जिक्यूटिव एडिटर कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले दीपक शर्मा देश की जनता से सीधे जुड़े रहने के उद्देश्य से शुरू की गई वेबसाइट ‘इंडिया संवाद’ की टीम का लंबे समय तक नेतृत्व कर चुके हैं। बाद में उन्होंने यहां से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि कुछ समय पहले उन्हें एक टीवी चैनल में अवसर मिला था, लेकिन उन्होंने अब आईएएनएस के साथ नई पारी शुरू कर दी है।
दीपक शर्मा को मीडिया के क्षेत्र में काम करने का काफी अनुभव है। ‘इंडिया संवाद’ के साथ जुड़ने से पहले दीपक शर्मा ‘आजतक’ न्यूज चैनल में कार्यरत थे, जहां वे स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम के एडिटर के तौर पर कार्यरत थे। वे अक्सर सोशल मीडिया के जरिए समसामायिक मुद्दों पर जन समुदाय से इंटरेक्ट होते रहते हैं। सजग, खोजी, निष्पक्ष व बेबाक पत्रकार दीपक शर्मा शब्दों की दुनिया में ही नहीं, बल्कि खेल जगत में हॉकी के राष्ट्रीय स्तर के खिलाडी भी रहे हैं।
उनकी स्कूली व कॉलेज स्तर की शिक्षा लखनऊ के क्राइस्ट चर्च कॉलेज से हुई। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन व अंग्रेजी में एमए किया। अपने करियर की शुरुआत उन्होंने ‘दैनिक जागरण’ के साथ की थी। उसके बाद वे अंग्रेजी दैनिक ‘द पायॅनियर’ के लिए काम करने लगे। वर्ष 2002 में उन्होंने विशेष संवाददाता के रूप में ‘आजतक’ जॉइन किया और जल्द ही वे स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम के एडिटर बना दिए गए। दीपक बहुमुखी खोजी पत्रकारों में से एक हैं। भारतीय उपमहाद्वीप में आतंकी नेटवर्क और माफिया गिरोहों के विषय में वो गहरी जानकारी रखते हैं।
वाजपेयी सरकार के कार्यकाल में उन्होंने ही तत्कालीन रक्षा सौदों की जांच-पड़ताल की और कांग्रेस ने संसदीय मामलों की समीति के कागजात पर आधारित दीपक शर्मा की आजतक पर प्रसारित रिपोर्ट के आधार पर वाजपेयी सरकार के खिलाफ एकमात्र अविश्वास प्रस्ताव संसद में पेश किया था।
इसके अलावा आजतक में दीपक ने कई अन्य घोटालों का भी पर्दाफाश किया। वेस्टइंडीज में हुए क्रिकेट विश्वकप में भारत की जबरदस्त हार के बाद राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का स्टिंग ऑपरेशन करनेवाली टीम का नेतृत्व भी दीपक शर्मा ने ही किया था। स्टिंग ऑपरेशन के जरिये नकली दवा बनाने के कारोबार का खुलासा भी दीपक शर्मा और उनकी टीम ने ही किया था, जिसके बाद देशभर में जागरुकता फैली और नकली दवा बनाने वाले केंद्रों पर छापे मारे गये।
उन्होंने ही स्टिंग ऑपरेशन के जरिए बॉलिवुड और अंडरवर्ल्ड के संबंधों पर से परदा उठाया था, जिसमें जासूसी कैमरे के सामने फिल्मी सितारों, निर्माताओं और निर्देशकों ने कबूल किया था कि माफिया सरगना दऊद इब्राहिम बॉलिवुड की फिल्मों में पैसा लगा रहा है। फिर वह समय भी आया जब दीपक ने आजतक को अलविदा कह दिया। जनवरी 2015 में दीपक ने आजतक से अपना नाता तोड़ लिया और वेबसाइट ‘इंडिया संवाद’ की टीम का नेतृत्व संभाल लिया था।
आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कीजिए
टैग्स आईएएनएस दीपक शर्मा इंडो एशियन न्यूज सर्विस इंडिया संवाद