होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इस न्यूज चैनल से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष अग्निहोत्री, निभाएंगे बड़ी जिम्मेदारी
इस न्यूज चैनल से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष अग्निहोत्री, निभाएंगे बड़ी जिम्मेदारी
आशुतोष अग्निहोत्री ने हाल ही में ‘दैनिक जागरण’ से विदाई ली थी। वह इस अखबार के साथ करीब 12 साल से जुड़े हुए थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष अग्निहोत्री को लेकर खबर है कि उन्होंने अब 'हिन्दी ख़बर' जॉइन कर लिया है। वह यहां कंसल्टेंट एडिटर के तौर पर अपनी पारी को आगे बढ़ाएंगे।
आशुतोष अग्निहोत्री ने हाल ही में ‘दैनिक जागरण’ से विदाई ली थी। वह इस अखबार के साथ करीब 12 साल से जुड़े हुए थे। इस दौरान उन्होंने कानपुर और नोएडा में विभिन्न पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभाई। इस अखबार के साथ अपने एक दशक से ज्यादा के सफर में वह रायबरेली, इटावा, नोएडा और गाजियाबाद के ब्यूरो चीफ भी रह चुके हैं।
बता दें कि आशुतोष अग्निहोत्री को मीडिया के क्षेत्र में काम करने का डेढ़ दशक से ज्यादा का अनुभव है। पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत उन्होंने वर्ष 2006 में आगरा में ‘राष्ट्रीय सहारा’ से की थी। हालांकि, वह यहां महज एक साल ही कार्यरत रहे और वर्ष 2007 में ‘राष्ट्रीय सहारा’ को अलविदा कहकर उन्होंने ‘अमर उजाला’ के आगरा एडिशन का दामन थाम लिया। करीब तीन साल बाद वर्ष 2010 में ‘अमर उजाला’ में उन्हें एटा के ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी दी गई।
वर्ष 2011 में ‘अमर उजाला’ को बाय बोलकर उन्होंने ‘दैनिक जागरण’ का रुख कर लिया और कानपुर में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी नई पारी शुरू कर दी। यहां वर्ष 2012 में प्रबंधन ने उन्हें रायबरेली का ब्यूरो चीफ नियुक्त कर दिया। इसके एक साल बाद ही वर्ष 2013 में उन्हें इटावा के ब्यूरो चीफ का जिम्मा संभालने का मौका मिला। यहां भी करीब एक साल तक यह जिम्मेदारी निभाने के बाद 2014 में उन्हें कानपुर में चीफ क्राइम रिपोर्टर की नई भूमिका सौंपी गई। इस पद पर उन्होंने करीब दो साल तक काम किया।
इसके बाद आशुतोष अग्निहोत्री को प्रबंधन ने नोएडा भेज दिया, जहां उन्होंने हरियाणा डेस्क पर अपनी प्रतिभा दिखाई। इस दौरान पिछले लोकसभा चुनाव में उन्होंने दिल्ली-एनसीआर में चुनाव डेस्क की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद प्रबंधन ने पहले उन्हें नोएडा और फिर गाजियाबाद के ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी सौंपी। कुछ समय पूर्व प्रबंधन ने उन्हें नोएडा मुख्यालय में डेस्क पर वापस बुला लिया था। तब से वह यहीं पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद के रहने वाले आशुतोष अग्निहोत्री ने वहीं से अपनी पढ़ाई-लिखाई पूरी की। उन्होंने आगरा से पत्रकारिता की पढ़ाई की है।
टैग्स दैनिक जागरण इस्तीफा हिन्दी खबर आशुतोष अग्निहोत्री ब्यूरो चीफ