होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / मुश्किल दौर में भी सहारा समूह ने एम्प्लॉयीज को दिया ये ‘तोहफा’
मुश्किल दौर में भी सहारा समूह ने एम्प्लॉयीज को दिया ये ‘तोहफा’
कोविड-19 और उसके कारण देश में लगाए गए लॉकडाउन के कारण विभिन्न सेक्टर्स में छंटनी और वेतन कटौती की खबरों के बीच ‘सहारा समूह’ (Sahara Group) ने अपने एम्प्लॉयीज को एक अच्छी खबर दी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
कोविड-19 और उसके कारण देश में लगाए गए लॉकडाउन के कारण विभिन्न सेक्टर्स में छंटनी और वेतन कटौती की खबरों के बीच ‘सहारा समूह’ (Sahara Group) ने अपने एम्प्लॉयीज को एक अच्छी खबर दी है। समूह की ओर से कहा गया है कि इस कठिन दौर में भी उसने अपने एम्प्लॉयीज को वेतन वृद्धि और प्रमोशन दिया है। इसके साथ ही समूह की ओर से यह भी कहा गया है कि कोरोनावायरस के कारण पैदा हुई स्थिति के कारण ग्रुप में छंटनी नहीं की जाएगी।
यही नहीं, महामारी के कारण पिछले दिनों विभिन्न राज्यों से वापस अपने घर उत्तर प्रदेश लौटे तमाम लोगों को समूह अपने यहां नियुक्त करने की योजना भी तैयार कर रहा है। समूह की ओर से जारी एक स्टेटमेंट में कहा गया है कि ऐसे लोगों को उनकी योग्यता के अनुसार स्थानीय स्तर पर समूह के विभिन्न बिजनेस में रोजगार दिया जाएगा।
हालांकि, समूह की ओर से यह भी कहा गया है कि लॉकडाउन के कारण आर्थिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और समूह अभूतपूर्व स्थिति का सामना कर रहा है। इस कठिन दौर के बावजूद सहारा ग्रुप का कहना है, ‘समूह के किसी भी बिजनेस में कोरोना के कारण छंटनी नहीं करने का निर्णय लिया गया है। सभी एम्प्लॉयीज पूरी सुरक्षा के साथ काम करते रहेंगे।’
कंपनी की ओर से कहा गया है कि उसने अपने 4,05,874 फील्ड वर्कर्स को प्रमोशन भी दिया है। इसके अलावा 4,808 वर्कर्स को सैलरी इंक्रीमेंट के साथ प्रमोशन दिया गया है। बताया जाता है कि सहारा समूह के विभिन्न बिजनेस में 14 लाख से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं।
इससे पहले अप्रैल में सहारा प्रमुख सुब्रत राय ने महामारी से निपटने में अपने समूह के सभी श्रमिकों, ग्राहकों और निवेशकों को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया था। इसके साथ ही सभी से लॉकडाउन को लेकर सरकार की ओर से जारी गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की थी।
टैग्स छंटनी सुब्रत राय सहारा समूह प्रमोशन कोविड-19 कोरोनावायरस महामारी