होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकार को भारी पड़ गई राधे मां के कार्यक्रम की कवरेज, मुश्किल से बची जान
पत्रकार को भारी पड़ गई राधे मां के कार्यक्रम की कवरेज, मुश्किल से बची जान
कार्यक्रम की कवरेज के लिए टीवी पत्रकार को किया गया था आमंत्रित
पंकज शर्मा 6 years ago
अपनी हरकतों से अक्सर सुर्खियों में रहने वाली राधे मां उर्फ सुखविंदर कौर इस बार नए विवाद में फंस गई हैं। आरोप है कि एक टीवी पत्रकार के सवाल पूछने पर भड़कीं राधे मां ने न सिर्फ उससे बदसलूकी की, बल्कि उनके समर्थकों ने पत्रकार से मारपीट भी की। यही नहीं, राधे मां के समर्थकों ने पत्रकार को जान से मारने की धमकी भी दी। मामला पानीपत का है। बलजीत नगर नाका चौकी पुलिस ने राधे मां और उनके 15 समर्थकों के खिलाफ पत्रकार से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पत्रकार का नाम जितेंद्र शर्मा है। एक न्यूज चैनल में कार्यरत जितेंद्र का आरोप है कि उन्हें राधे मां के कार्यक्रम की कवरेज करने के लिए बुलाया गया था। इस दौरान उन्होंने राधे मां से कुछ सवाल पूछे, जिस पर वह भड़क गईं और उनके समर्थक हाथापाई पर उतर आए। जितेंद्र के अनुसार, राधे मां के समर्थकों ने उनका कैमरा भी तोड़ दिया और जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण की कोशिश भी की। जितेंद्र के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने किसी तरह हमलावरों के चंगुल से उन्हें छुड़ाकर सुरक्षित घर पर पहुंचाया।
बता दें राधे मां खुद को देवी का अवतार बताती हैं। देश भर में उनके कई श्रद्धालु हैं, जो उनके सत्संग में शामिल होते हैं। राधे मां अपने भक्तों को गुलाब का फूल देकर उनके कष्टों के निवारण का आशीर्वाद देती हैं।
टैग्स पत्रकार से बदसलूकी पत्रकार से मारपीट सुखविंदर कौर राधे मां जितेंद्र शर्मा