होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / माखनलाल विवि: पत्रकारों के प्रदर्शन का दिखा असर, मैनेजमेंट ने लिया ये बड़ा फैसला
माखनलाल विवि: पत्रकारों के प्रदर्शन का दिखा असर, मैनेजमेंट ने लिया ये बड़ा फैसला
माखनलाल विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों व भोपाल के पत्रकारों ने यूनिवर्सिटी के गेट पर किया था प्रदर्शन, प्रबंधन के समक्ष रखी थीं तमाम मांगें
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
‘माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय’ (MCU) के पूर्व छात्रों और राजधानी भोपाल के पत्रकारों के प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीन छात्रों का निष्कासन रद्द कर दिया है। इसके साथ ही निष्कासित किए गए सभी 23 छात्रों को परीक्षा में भाग लेने की अनुमति दे दी गई है। हालांकि, इसके लिए उन्हें विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष अंडरटेकिंग देनी होगी। जिन तीन छात्रों का निष्कासन रद्द किया गया है, उनमें इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के छात्र रवि भूषण सिंह, पत्रकारिता विभाग के विपिन तिवारी और विधि सिंह शामिल हैं। इन तीनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र लिखकर अपना पक्ष रखा था। इस बीच सभी 23 छात्रों का निष्कासन रद्द करने की मांग को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के गेट के सामने धरने पर बैठ गए हैं।
बता दें कि पिछले दिनों दो फैकल्टी प्रोफेसर्स मुकेश कुमार व दिलीप मंडल पर जातिगत टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाते हुए विश्वविद्यालय के छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस पर यूनिवर्सिटी की ओर से कार्रवाई के तहत 23 छात्रों को निष्कासित कर दिया गया था। उनके खिलाफ पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। इसके साथ ही जांच कमेटी गठित कर जांच पूरी होने तक दोनों प्रोफेसर्स के विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई थी।
छात्रों के खिलाफ विश्वविद्यालय की इस कार्रवाई का यहां के पूर्व छात्रों और भोपाल में कार्यरत पत्रकारों ने विरोध किया था। इन लोगों ने छात्रों का निष्कासन रद्द करने के साथ ही उनके खिलाफ दर्ज एफआइआर वापस लेने की मांग उठाई थी। इन मांगों को लेकर विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों और भोपाल में कार्यरत 100 से अधिक पत्रकारों ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर एकत्र होकर प्रदर्शन किया था। इसके बाद उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलाधिसचिव डॉ. श्रीकांत सिंह से मिलकर और कुलपति दीपक तिवारी से फोन पर बातचीत की था। इन लोगों का कहना था कि निष्कासित छात्रों को 23 दिसंबर से शुरू हो रहे परीक्षा सत्र में शामिल होने की अनुमति दी जाए।
इसके साथ ही पूर्व छात्रों ने विश्वविद्यालय से निकाले गए छात्रों को समझाते हुए उनसे राजनीतिक पचड़े से दूर रहने की अपील की। इस मौके पर पूर्व छात्र और राजधानी में कार्यरत पत्रकार धर्मेंद्र पैगवार, आदेश प्रताप सिंह भदोरिया, धनंजय प्रताप सिंह, सत्य प्रकाश आर्य, रवीश पाल सिंह, सुधीर दंडोतिया, जितेंद्र शर्मा, बृजेश द्विवेदी, विवेक पटैया, अनूप दुबे, अभिषेक दुबे, प्रशांत शर्मा, सौरभ खंडेलवाल, बृजेंद्र ऋषिश्वर, दीपक विश्वकर्मा, योगेंद्र प्रताप सिंह चंदेल, जयेंद्र दीक्षित, अजय वर्मा, गिरीश उपाध्याय, गुरुदत्त तिवारी, जीत शर्मा, सुशील यादव, राकेश शर्मा, जतिन राठौर, समीर खान, मनीष चंद्र मिश्रा, काशिफ कलबी, भोजराज उच्चस्वरे, शाहिद अफरोज महिपाल मौर्य आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक,ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स विरोध प्रदर्शन माखनलाल यूनिवर्सिटी मुकेश कुमार दिलीप मंडल एमसीयू