होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जम्मू-कश्मीर की नई मीडिया नीति पर PCI ने सरकार से मांगा ये जवाब
जम्मू-कश्मीर की नई मीडिया नीति पर PCI ने सरकार से मांगा ये जवाब
जम्मू-कश्मीर की नई मीडिया नीति पर भारतीय प्रेस परिषद (पीसीआई) ने मंगलवार को वहां की सरकार से जवाब मांगा है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
बीते दिनों जम्मू-कश्मीर की नई मीडिया नीति को मंजूरी मिली है, जिसमें कहा गया है कि अधिकृत किए गए अधिकारी प्रकाशित-प्रसारित सामग्री की निगरानी करेगा और यह तय करेगा कि कौन-सी खबर ‘फेक’ है। लिहाजा प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया यानी भारतीय प्रेस परिषद ने इस बारे में वहां की सरकार से जवाब मांगा है। परिषद ने कहा कि इसके प्रावधान प्रेस के स्वतंत्र कार्यों को प्रभावित करने वाले हैं।
मीडियाकर्मियों के कल्याण के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर सरकार ने इस महीने की शुरुआत में ‘मीडिया नीति- 2020’ को मंजूरी दी थी। इस नीति में देश की एकता, अखंडता और सार्वभौमिकता को बनाए रखने के साथ मीडिया के दुरुपयोग व फर्जी सूचनाओं पर रोक लगाने की बात कही थी। लिहाजा नीति में उल्लेखित ‘फर्जी सूचना’ के प्रावधानों का पीसीआई ने स्वत: संज्ञान लिया है, क्योंकि यह मामला प्रेस के स्वतंत्र कार्यों को प्रभावित करता है।
इस नीति के तहत जम्मू-कश्मीर सरकार ने अधिकारियों को अधिकृत किया है कि वे प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और अन्य मीडिया में ‘फर्जी सूचना’ की विषय वस्तु पर निर्णय करेंगे और पत्रकारों व मीडिया संगठनों के खिलाफ आगे की कार्रवाई करेंगे।
पीसीआई ने बयान जारी कर कहा कि जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव से भी जवाब मांगा गया है। केंद्र शासित प्रदेश के एक अधिकारी ने पहले कहा था कि इस नीति के तहत प्रयास होगा कि फर्जी सूचना, गलत खबर को दूर किया जाए और ऐसी व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जाए कि सार्वजनिक शांति, संप्रभुता और देश की अखंडता को कमतर करने के लिए मीडिया के इस्तेमाल के किसी प्रयास को प्रति सचेत किया जा सके।
टैग्स भारतीय प्रेस परिषद प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया जम्मू-कश्मीर नई मीडिया नीति