होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / हनीट्रैप मामले में पुलिस ने मीडिया संस्थान के मालिक के खिलाफ उठाया बड़ा कदम
हनीट्रैप मामले में पुलिस ने मीडिया संस्थान के मालिक के खिलाफ उठाया बड़ा कदम
पत्रकार संगठनों ने पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को डराने का सरकारी प्रयास बताते हुए विरोध में अपनी आवाज बुलंद की है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
मध्य प्रदेश के चर्चित हाईप्रोफाइल हनीट्रैप मामले में नए खुलासे करने वाले इंदौर के सांध्य दैनिक ‘सांझा लोकस्वामी’ के मालिक जितेंद्र सोनी उर्फ जीतू सोनी के घर, होटल और अखबार पर पुलिस-प्रशासन की टीम ने शनिवार को छापामार कार्रवाई की।
छापे के दौरान पुलिस के साथ नगर निगम और खाद्य विभाग की टीम भी थी। बताया जाता कार्रवाई में जीतू के होटल से कई दस्तावेजों के अलावा 67 लड़कियां भी पकड़ी गई हैं। पुलिस ने हनी ट्रैप मामले के फरियादी इंदौर नगर निगम के अधिकारी हरभजन सिंह की शिकायत पर जीतू सोनी व उसके बेटे अमित सोनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों के खिलाफ आईटी एक्ट के साथ ही आर्म्स एक्ट और ह्यूमन ट्रैफिकिंग का मामला भी दर्ज किया गया है।
बताया जाता है कि जीतू सोनी अपने अखबार ‘सांझा लोकस्वामी’ और चैनल पर कुछ दिनों से हनीट्रैप से जुड़े ऑडियो और विडियो का प्रकाशन/प्रसारण कर रहे थे। पुलिस-प्रशाशन ने रविवार सुबह अखबार के कार्यालय को सील कर दिया है।
वहीं, पुलिस ने इन छापों का हनीट्रैप मामले से कोई भी संबंध होने से इनकार किया है। रविवार शाम को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इंदौर की एसएसपी रुचिवर्धन मिश्रा का कहना था कि शिकायत के आधार पर बकायदा सर्च वारंट के साथ आरोपितों के कई ठिकानों पर दबिश दी गई थी। एसएपी का कहना था कि छापे के दौरान निजी मीडिया समूह के संचालक के होटल से 67 महिलाओं और लड़कियों को छुड़ाया गया। इन लड़कियों और महिलाओं के बयान के आधार पर ह्यूमन ट्रैफिकिंग की धारा में एफआईआर दर्ज की गई।
इधर, पुलिस की इस कार्रवाई को स्थानीय पत्रकार संगठनों ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को डराने का सरकारी प्रयास बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। रविवार को हुई इंदौर प्रेस क्लब की प्रबंधकारिणी की बैठक में पुलिस द्वारा अखबार के कार्यालय पर मारे गए छापे, दफ्तर को सील करने की निंदा करते हुए संस्था के पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा वहां कवरेज के लिए पहुंचे मीडियाकर्मियों के साथ पुलिस द्वारा अभद्र व्यवहार का आरोप भी लगाया गया।
इंदौर प्रेस क्लब ने जीतू सोनी व अमित सोनी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को तुरंत प्रभाव से वापस लेने और ‘सांझा लोकस्वामी’ के कार्यालय पर लगाई गई सील को तत्काल हटाने की मांग की है। इंदौर प्रेस क्लब ने एक प्रस्ताव पारित कर प्रेस की आजादी में भरोसा रखने वाले संगठनों से इस मामले में प्रेस क्लब के साथ खड़े होकर अपना समर्थन व्यक्त करने का आग्रह भी किया है। प्रेस क्लब का एक प्रतिनिधिमंडल इस मामले में राज्यपाल से मुलाकात कर अपना विरोध दर्ज कराएगा।
टैग्स मध्य प्रदेश हनीट्रैप इंदौर प्रेस क्लब छापा जीतू सोनी अमित सोनी सांझा लोकस्वामी