होम / रेडियो / पुलिस को पता चला ये 'मामला', घर से हुई RJ अंकित की गिरफ्तारी
पुलिस को पता चला ये 'मामला', घर से हुई RJ अंकित की गिरफ्तारी
कई दिनों की पड़ताल के बाद पुलिस ने अंकित गुलाटी की कार को भी जब्त किया
पंकज शर्मा 6 years ago
दिल्ली के रायसीना रोड पर 30 जून को हुए हिट एंड रन मामले में दिल्ली पुलिस ने नामी एफएम चैनल में रेडियो जॉकी अंकित गुलाटी को उसके पटेल नगर स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अंकित गुलाटी की कार भी जब्त कर ली है, जिससे यह हादसा हुआ था। बता दें कि रायसीना रोड पर 30 जून की सुबह करीब साढ़े पांच बजे अंकित की तेज रफ्तार कार ने धीरज कुमार नामक व्यक्ति को टक्कर मार दी थी। हादसे में लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ता धीरज कुमार की मौत हो गई थी, जबकि अंकित गुलाटी फरार होने में कामयाब रहा था।
जांच के दौरान ही पुलिस को पता लगा कि एक काले रंग की कार ने धीरज को टक्कर मारी थी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को तलाशना शुरू किया, जिसमें अंकित की कार की पहचान हो सकी। इसके बाद पुलिस ने अंकित को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले धीरज के परिजनों ने इस मामले को हत्या का बताते हुए कुछ लोगों पर शक जाहिर किया था।
पुलिस पूछताछ में अंकित गुलाटी ने खुलासा किया कि 30 जून की रात वह नेहरू प्लेस के ईरोज होटल में पार्टी करने गया था। सुबह 3 बजे तक पार्टी करने के बाद वह नई दिल्ली के सम्राट होटल गया और वहां से 5 बजे निकलने के बाद किसी दोस्त से मिलने होटल पार्क जा रहा था। अंकित ने बताया कि रास्ता भूल जाने की वजह से उसने मोबाइल पर नेविगेटर लगाया हुआ था और लगातार मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था, इसी दौरान ये हादसा हो गया।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स रेडियो जॉकी हिट एंड रन अंकित गुलाटी आरजे धीरज