होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / नोटबंदी से बंद हुए न्यूज चैनल के संचालक ने शुरू किया ये 'गलत काम'
नोटबंदी से बंद हुए न्यूज चैनल के संचालक ने शुरू किया ये 'गलत काम'
इस मामले में चैनल की रिपोर्टर को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
स्टिंग ऑपरेशन के नाम पर केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा से 10 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बंद हो चुके लोकल न्यूज चैनल प्रतिनिधि टीवी के संचालक आलोक कुमार और उसकी महिला साथी निशा को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। इस चैनल की रिपोर्टर नीशू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने 22 वर्षीय नीशू को इसी साल 22 अप्रैल को उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह डॉक्टर महेश शर्मा के नोएडा स्थित कैलाश अस्पताल में रंगदारी के 45 लाख रुपए वसूलने पहुंची थी।
नीशू के पास आलोक कुमार का एक पत्र भी था, जिसमें 45 लाख रुपए तुरंत और बाकी रकम तीन दिन बाद दिए जाने की बात लिखी हुई थी। जांच में नीशू के पास से स्टिंग में इस्तेमाल होने वाला कैमरा भी मिला था। पुलिस का कहना है कि इस मामले में कुछ और लोगों की भूमिका भी सामने आई है, फिलहाल उनकी तलाश की जा रही है। बताया जाता है कि आरोप जिस विडियो क्लिप को दिखाकर ब्लैकमेलिंग का प्रयास कर रहे थे, पुलिस को जांच में उसमें कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला था।
गौतमबुद्ध नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्ण ने बताया कि पूछताछ में पुलिस को पता चला था कि इस मामले का मास्टरमाइंड आलोक कुमार है। नीशू जब पूर्व में रंगदारी की रकम वसूलने आयी थी, उस समय आलोक कुमार भी कैलाश अस्पताल में मौजूद था, लेकिन पुलिस को देखकर भाग गया था। नीशू से पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आलोक कुमार तथा उसकी सहायिका को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। वैभव कृष्ण ने बताया कि आलोक कुमार ने कुछ बड़े नेताओं और मंत्रियों से मोटी रकम वसूली है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, नोटबंदी के बाद पैसों की कमी के चलते चैनल बंद होने के बाद जब आलोक कुमार के पास कोई काम नहीं रहा तो उसने ब्लैकमेलिंग का धंधा अख्तियार कर लिया। उसने गिरोह में कुछ महिलाओं को भी शामिल कर रखा है। ये लोग खुद को पत्रकार बताकर पहले बड़े नेताओं व अन्य लोगों से संपर्क करते हैं और बाद में ब्लैकमेल करना शुरू कर देते हैं।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर गौतमबुद्ध नगर के एसएसपी वैभव कृष्ण की प्रेसवार्ता का विडियो आप यहां देख सकते हैं-
#NoidaPolice ~ थाना सेक्टर-20 नोएडा पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या-469/19 में वांछित मुख्य आरोपी आलोक कुमार व सह अभियुक्ता निशा गिरफ्तार।
— NOIDA POLICE (@noidapolice) May 5, 2019
उक्त संबंध में @sspnoida द्वारा दी गयी बाइट @Uppolice pic.twitter.com/EnaKMAttjQ
टैग्स आलोक कुमार ब्लैकमेलिंग डॉ. महेश शर्मा प्रतिनिधि टीवी