होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / 34 साल पुराने मामले में इस प्रतिष्ठित मीडिया समूह के एडिटर-इन-चीफ गिरफ्तार
34 साल पुराने मामले में इस प्रतिष्ठित मीडिया समूह के एडिटर-इन-चीफ गिरफ्तार
राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) ने गुरुवार को यहां के एक प्रतिष्ठित मीडिया समूह के एडिटर-इन-चीफ को गिरफ्तार किया है, जिनका नाम है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
पाकिस्तान के राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो (एनएबी) ने गुरुवार को यहां के एक प्रतिष्ठित मीडिया समूह के एडिटर-इन-चीफ को गिरफ्तार किया है, जिनका नाम है मीर शकीलुर रहमान। रहमान जंग/जियो मीडिया समूह के एडिटर-इन-चीफ के पद पर कार्यरत हैं। उन पर 34 साल पहले एक रियल एस्टेट खरीद में कर चोरी का आरोप लगा है।
दरअसल, आरोप है कि रहमान ने लाहौर में एक प्रमुख स्थान पर 1986 में तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से एक-एक कनाल के 54 भूखंड कौड़ियों के दाम पर हासिल किया था। अधिकारियों के मुताबिक, ब्यूरो ने जब उनसे इसी मामले में सवाल किया, तो वे संतोषजनक जवाब देने में असफल रहे, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रहमान ब्यूरो के लाहौर मुख्यालय में उसके संयुक्त जांच दल के समक्ष पेश हुए थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारी का आरोप है कि नवाज शरीफ ने बदले में मीडिया का समर्थन हासिल करने के लिए रहमान को ये भूखंड दिए थे। बताया जा रहा है कि रहमान को शुक्रवार को जवाबदेही अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।
वहीं जंग/जियो समूह ने एक बयान में कहा कि जिस संपत्ति पर सवाल उठाए जा रहे हैं उसे एक निजी पक्ष से लिया गया था और इससे जुड़े सभी सबूत एनएबी को उपलब्ध कराए गए थे। इनमें शुल्क और कर संबंधी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने से जुड़े दस्तावेज भी शामिल थे।
टैग्स पाकिस्तान राष्ट्रीय जवाबदेही ब्यूरो एनएबी मीर शकीलुर रहमान जंग/जियो मीडिया समूह