होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जानें, क्यों चर्चा में है दीपक चौरसिया की ये एक्सक्लूसिव रिपोर्ट
जानें, क्यों चर्चा में है दीपक चौरसिया की ये एक्सक्लूसिव रिपोर्ट
किर्गिस्तान के विश्केक में बंद दरवाजों के पीछे की खबर भी निकालकर ले आए दीपक चौरसिया
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
लोकसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली आधिकारिक विदेश यात्रा को कवर करने के लिए यूं तो पत्रकारों की पूरी टीम उनके साथ गई थी, लेकिन वरिष्ठ टीवी पत्रकार दीपक चौरसिया यहां भी बाजी मारने में सफल रहे। उन्होंने शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मोदी के किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुँचने के बाद उनसे और सम्मेलन से जुड़ी हर छोटी-बड़ी खबर से दर्शकों को रूबरू कराया।
बतौर ‘न्यूज नेशन’ रिपोर्टर के रूप में चौरसिया ने पहले ही साफ कर दिया था कि इस सम्मेलन में पीएम मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की नजरें जरूर मिलेंगी, लेकिन दिल नहीं और हुआ भी ऐसा ही। इतना ही नहीं, किर्गिस्तान के राष्ट्रपति ने सभी मेहमानों के सम्मान में डिनर दिया था, जिसमें पत्रकारों का प्रवेश वर्जित था, लेकिन चौरसिया बंद दरवाजों के पीछे की खबर भी निकाल लाये। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान के मसले पर चीन के राष्ट्रपति ने पीएम मोदी से क्या कहा। इस तरह के अहम मौकों पर अनुभव काफी काम आता है और दीपक चौरसिया के पास इसकी कोई कमी नहीं। वह समय-समय पर खुद को साबित करते रहे हैं।
सम्मलेन में जब सभी राष्ट्राध्यक्ष एक-दूसरे से मुलाकात कर रहे थे, बाहर यह चर्चा चल रही थी कि क्या मोदी ने इमरान से बात की? क्या दोनों नेताओं के बीच संवाद हुआ? चौरसिया ने इस चर्चा पर विराम लगाते हुए सबसे पहले ‘न्यूज नेशन’ के दर्शकों को बता दिया कि दोनों नेताओं ने बस हाथ मिलाया। चौरसिया जानते थे कि पर्दे के पीछे क्या हुआ, इसकी जानकारी वही शख्स दे सकता है जो खुद वहां मौजूद हो, इसलिए उन्होंने मौका मिलते ही पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से सच जान लिया।
चौरसिया ने कुरैशी को उस वक़्त सवालों के जवाब देने के लिए मना लिया, जब वह होटल गोल्डन ड्रैगन से निकलकर अपनी कार में बैठ रहे थे। इसके अलावा भी दीपक चौरसिया ने सम्मेलन से जुड़ी हर खबर देशवासियों तक पहुंचाई। चौरसिया की खासियत यही है कि वो वहां से भी खबरें खोज लाते हैं, जहाँ संभावना नजर नहीं आती और इसके बाद उनके विश्लेषण से ऐसा पैकेज तैयार करते हैं, जो अपने आप में परिपूर्ण होता है। पीएम मोदी के बिश्केक पहुँचते ही चौरसिया ने सम्मलेन में भारत की भूमिका, पाकिस्तान के हाल और उसके प्रभाव के बारे में वह सबकुछ बता दिया, जिसके बारे में देशवासियों को जानना जरूरी है। कुल मिलाकर कहा जाए तो दीपक चौरसिया ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उन्हें ऐसे ही खबरों का बादशाह नहीं कहा जाता।
टैग्स न्यूज नेशन दीपक चौरसिया विश्केक किर्गिस्तान शंघाई सहयोग संगठन एससीओ