होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन ने MIB को लिखा पत्र, उठाई ये मांग
न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन ने MIB को लिखा पत्र, उठाई ये मांग
महामारी के चलते इन दिनों न्यूज चैनल्स के परिचालन में ज्यादा लागत आ रही है और विज्ञापन की कमी भी बनी हुई है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
कोरोनावायरस (कोविड-19) के प्रकोप की मार मीडिया इंडस्ट्री पर भी पड़ रही है। इस महामारी के चलते इन दिनों न्यूज चैनल्स के परिचालन में ज्यादा लागत आ रही है और विज्ञापन की कमी भी बनी हुई है। इसे देखते हुए निजी टेलिविजन न्यूज चैनल्स का प्रतिनिधित्व करने वाले समूह ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन’ (NBA) ने सूचना प्रसारण मंत्रालय से डीडी फ्रीडिश पर स्लॉट के लिए कैरिज फीस के भुगतान की तारीख को बढ़ाए जाने की मांग की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रसार भारती इस बात की अनुमति देने के लिए तैयार हो गया है कि न्यूज चैनल्स भुगतान किए बिना डीडी फ्रीडिश पर एक अप्रैल से अपना प्रसारण जारी रख सकते हैं। हालांकि, एनबीए और प्रसार भारती भुगतान के एक वैकल्पिक मॉडल पर काम कर रहे हैं, जिसके लिए समाचार चैनलों को प्रति वर्ष 5.7 प्रतिशत की दर से ब्याज का भुगतान करना पड़ता है, जिससे एसोसिएशन के सदस्य परेशान हैं।
इस बारे में एनबीए के प्रेजिडेंट और ‘इंडिया टीवी’ के चेयरमैन व एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा ने सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने कहा है, ‘वर्तमान में न्यूज चैनल्स पर विज्ञापनों की बुकिंग 50 प्रतिशत से भी कम रह गई है। न्यूज ब्रॉडकास्टर्स के लिए विज्ञापन ही कमाई का एकमात्र साधन है। ऐसे में न्यूज ब्रॉडकास्टर्स के सामने कैश की काफी दिक्कत होगी।’
बता दें कि दूरदर्शन द्वारा संचालित चैनलों के लिए 26 स्लॉट आरक्षित हैं, डीडी फ्री डिश में 80 स्लॉट हैं, जिनमें से 54 निजी चैनलों द्वारा बोली लगाई जानी हैं। इन डीडी फ्री डिश चैनल्स की पहुंच कम से कम 30 मिलियन घरों में है। इन चैनल्स के मासिक सबस्क्रिप्शन के लिए भुगतान नहीं करना होता है।
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्रालय एनबीए रजत शर्मा एमआईबी डीडी फ्रीडिश न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन कोविड-19 कोरोनावायरस