होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / संकेत उपाध्याय की नई पारी, अब दिखेंगे दो चैनलों पर
संकेत उपाध्याय की नई पारी, अब दिखेंगे दो चैनलों पर
वरिष्ठ टीवी पत्रकार संकेत उपाध्याय ने इंडिया अहेड (India Ahead) चैनल को अलविदा कह दिया
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
वरिष्ठ टीवी पत्रकार संकेत उपाध्याय ने इंडिया अहेड (India Ahead) चैनल को अलविदा कह दिया है। यहां उन्होंने एक साल की अल्प पारी खेली है।
मिली जानकारी के मुताबिव वे अब एनडीटीवी समूह का हिस्सा बन गए हैं। इस बार वे एनडीटीवी 24X7 और एनडीटीवी इंडिया दोनों ही चैनलों पर नजर आएंगे। अंग्रेजी और हिंदी दोनों ही भाषाओं पर अच्छी पकड़ रखने वाले संकेत एनडीटीवी इंडिया के बहुचर्चित साप्ताहिक शो ‘मुकाबला’ को भी होस्ट करेंगे। एनडीटीवी समूह के साथ ये उनकी दूसरी पारी होगी।
गौरतलब है कि 2018 में संकेत उपाध्याेय ने अंग्रेजी चैनल 'सीएनएन-न्यूज18' (CNN-News 18) से इस्तीफा दे दिया था। उल्लेखनीय है कि संकेत ने प्रिंट पत्रकार के तौर पर वर्ष 2002 में 'इंडो एशियन न्यूूज सर्विस' से अपने कॅरियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह जयपुर चले गए और हिन्दुस्तान टाइम्स अखबार जॉइन कर लिया। वे वहां सिटी रिपोर्टर के तौर पर करीब दो साल तक कार्यरत रहे।
वर्ष 2005 में उन्होंने 'एनडीटीवी' के साथ टीवी की दुनिया में कदम रखा। यहां उन्होंने सिटी डेस्क से शुरुआत की और बाद में उन्हें एनडीटीवी के अंग्रेजी चैनल 'NDTV 24×7' का लखनऊ ब्यूरो हेड बना दिया गया। जिस समय संकेत को यह बड़ी जिम्मेगदारी दी गई, उस समय उनकी उम्र महज 23 साल थी।
वर्ष 2008 में संकेत ने दिल्ली का रुख किया और यहां अंग्रेजी चैनल 'टाइम्सनाउ' के साथ करीब साढ़े पांच साल तक काम किया। यहां उन्होंने प्रिंसिपल करेसपॉन्डेंट के तौर पर जॉइन किया था और वर्ष 2014 में जब इस्तीफा दिया था तब वह यहां डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर काम कर रहे थे। अपनी इस पारी के दौरान संकेत ने लगभग सभी बड़ी घटनाओं, जिनमें बाढ़ की त्रासदी से लेकर चुनाव और दंगों सभी को कवर किया है। सात बजे अपने शो की एंकरिंग के अलावा वह उस समय चैनल के एडिटर-इन-चीफ अरनब गोस्वामी की गैरमौजूदगी में कई बार 'NewsHour' शो को भी होस्ट करते थे।
वर्ष 2014 में संकेत ने आउटपुट इंचार्ज के तौर पर 'इंडिया टुडे' ग्रुप जॉइन कर लिया था। यहां वह एक रिपोर्टर और एंकर दोनों की भूमिका निभाई। यहां अन्य महत्वपूर्ण काम करने के साथ ही उन्होंने 'First Up' शो को भी होस्ट किया था।
इसके बाद संकेत उपाध्याय ने वर्ष 2016 में 'CNN News 18' में बतौर डिप्टी एग्जिक्यूटिव एडिटर के तौर पर अपनी पारी शुरू की। यहां चैनल के दिन के सभी ऑपरेशंस में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती थी। इसके अलावा वह यहां शाम का प्राइम टाइम शो भी होस्ट करते थे।
संकेत की गिनती उन चुनिंदा पत्रकारों में होती है जो खबर को काफी बारीकी से समझते हैं। नई पारी के लिए उन्हें समाचार4मीडिया की ओर से शुभकामनाएं...
टैग्स एनडीटीवी इंडिया एनडीटीवी संकेत उपाध्याय