होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / NDTV ने 10 साल के लिए इस कंपनी के साथ की 750 करोड़ रुपये की विशेष डील
NDTV ने 10 साल के लिए इस कंपनी के साथ की 750 करोड़ रुपये की विशेष डील
माना जा रहा है दोनों के बीच करीब 750 करोड़ की यह डील न सिर्फ डिजिटल कंटेंट, बल्कि पूरे मीडिया में हुईं सबसे बड़ी डील में से एक है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
'एनडीटीवी' (NDTV) ग्रुप से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है। दरअसल, ग्रुप की डिजिटल शाखा एनडीटीवी कंवर्जेंस (NDTV Convergence) ने दुनिया के सबसे बड़े कंटेंट डिस्कवरी प्लेटफॉर्म 'तबूला' (Taboola) के साथ दस साल के लिए डील की है। माना जा रहा है दोनों के बीच करीब 750 करोड़ की यह डील न सिर्फ डिजिटल कंटेंट, बल्कि पूरे मीडिया में हुईं सबसे बड़ी डील में से एक है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दशक भर की यह डील ट्रैफिक में बढ़ोत्तरी सहित पारस्परिक रूप से निर्धारित अनुमानों पर आधारित है। 10 साल की अवधि के विभिन्न चरणों के लिए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने पर ‘एनडीटीवी कंवर्जेंस‘ को तबूला की ओर से 750 करोड़ रुपये या 100 मिलियन डॉलर का राजस्व हासिल हो सकता है।
यह डील ‘एनडीटीवी कंवर्जेंस‘ को पर्सनलाइज्ड कंटेंट रिकमेंडेशंस, एडिटोरियल प्लानिंग, मॉनिटाइजेशन और ग्रोथ स्ट्रैटेजी के लिए ‘तबूला‘ के पूरे पोर्टफोलियो तक तत्काल पहुंच उपलब्ध कराती है।
इस डील के बारे में ‘एनडीटीवी’ की ग्रुप प्रेजिडेंट सुपर्णा सिंह का कहना है, ‘तबूला हमारे बिजनेस की एक महत्वपूर्ण आधारशिला रही है। हम उनके साथ अपने सात साल लंबे जुड़ाव को महत्वपूर्ण मानते हैं, क्योंकि वे लगातार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए अपना समर्थन प्रदर्शित करते हैं। तबूला के टूल्स, जिन्हें हम अपने न्यूजरूम में इस्तेमाल करते हैं, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) और नई तकनीक का सबसे अच्छा उपयोग करते हैं, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि हमारे कंटेंट में पाठकों के लिए और अधिक जानने व सीखने के लिए तमाम विकल्प हों।’
वहीं, ‘तबूला‘ के फाउंडर और सीईओ एडम सिंगलोडा (Adam Singolda) ने ‘एनडीटीवी‘ को वर्ष 2014 से एक सच्चा पार्टनर बताया है। उनका कहना है, ‘उन्होंने दिखा दिया है कि वे ‘एनडीटीवी‘ को शीर्ष पर बनाए रखने के लिए किस तरह लगातार प्रयास में जुटे हुए हैं।’ बता दें कि इससे पहले एनडीटीवी कंवर्जेंस ने वर्ष 2018 में तबूला के साथ पांच साल के लिए डील की थी। यह डील 300 करोड़ रुपये से ज्यादा में हुई थी।
टैग्स