होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / ‘NBF’ ने ‘Puthiya Thalaimurai’ चैनल के ब्लैकआउट को बताया लोकतंत्र के खिलाफ कदम
‘NBF’ ने ‘Puthiya Thalaimurai’ चैनल के ब्लैकआउट को बताया लोकतंत्र के खिलाफ कदम
फेडरेशन का कहना है, ‘Puthiya Thalaimurai’ चैनल की आवाज को सरकारी नियंत्रण वाले नेटवर्क के जरिये दबाना सत्ता के दुरुपयोग का गंभीर उदाहरण है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 4 months ago
‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन’ (NBF) ने तमिलनाडु में राज्य सरकार के स्वामित्व वाले तमिलनाडु अरासु केबल टीवी नेटवर्क (TACTV) द्वारा ‘Puthiya Thalaimurai’ न्यूज चैनल का प्रसारण रोके जाने की कड़ी निंदा की है। फेडरेशन ने इसे ‘मनमाना और अलोकतांत्रिक कदम’ बताया है और कहा है कि यह प्रेस की स्वतंत्रता और नागरिकों के सूचना पाने के अधिकार पर सीधा हमला है।
‘एनबीएफ’ की ओर से जारी एक स्टेटमेंट में कहा गया है कि बिना किसी कारण, स्पष्टीकरण या वैधानिक प्रक्रिया के चैनल को ऑफ-एयर करना संस्थागत सेंसरशिप की श्रेणी में आता है। यह कदम मीडिया की आजादी के खिलाफ है और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करता है।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु के इस न्यूज चैनल का प्रसारण अरासु केबल पर बैन किए जाने का विरोध
फेडरेशन का कहना है, ‘Puthiya Thalaimurai’ लंबे समय से तमिलनाडु में निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाना जाता है। इस चैनल की आवाज को सरकारी नियंत्रण वाले नेटवर्क के जरिये दबाना सत्ता के दुरुपयोग का गंभीर उदाहरण है। यह संदेश देता है कि सरकार की आलोचना करने वाले मीडिया संस्थानों को मनमाने ढंग से दंडित किया जा सकता है, जो लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है।
एनबीएफ ने यह भी कहा कि राज्य के स्वामित्व वाले केबल नेटवर्क को जनता का निष्पक्ष माध्यम होना चाहिए, न कि सत्ता के दमन का औजार। सार्वजनिक संसाधनों से चलने वाले नेटवर्क का उपयोग किसी वैध समाचार चैनल को ब्लॉक करने के लिए करना जनता के भरोसे और संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
फेडरेशन की मांग है कि ‘TACTV’ पर ‘Puthiya Thalaimurai’ चैनल का प्रसारण तुरंत और बिना किसी शर्त बहाल किया जाए। साथ ही, तमिलनाडु सरकार से यह भी आग्रह किया गया है कि इस मनमाने कदम के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और प्रेस की स्वतंत्रता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई जाए।
एनबीएफ ने केंद्र सरकार से भी अपील की है कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (Ministry of Information & Broadcasting) और भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करें। साथ ही, ऐसे ठोस नियम बनाए जाएं ताकि कोई भी सरकारी या निजी डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफॉर्म ‘कैरेज कंट्रोल’ का दुरुपयोग कर किसी चैनल की आवाज न दबा सके।
एनबीएफ ने कहा, यह केवल एक चैनल के खिलाफ कदम नहीं है, बल्कि हर पत्रकार, हर न्यूजरूम और हर नागरिक के ‘जानने के अधिकार’ पर हमला है। फेडरेशन ने ‘Puthiya Thalaimurai’ चैनल के साथ एकजुटता जताते हुए कहा कि स्वतंत्र पत्रकारिता को दबाने की हर कोशिश का सशक्त विरोध किया जाएगा।
टैग्स