होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / रजत शर्मा ने दिया अन्य चैनलों के पत्रकारों को मदद का आश्वासन, की तारीफ
रजत शर्मा ने दिया अन्य चैनलों के पत्रकारों को मदद का आश्वासन, की तारीफ
मुंबई में सोमवार को 53 पत्रकार कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। एहतियात के तौर पर इन सभी को आइसोलेशन में रखा गया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है, जहां संक्रमितों की संख्या में तेजी से बढ़ती जा रही है। राज्य में मुंबई की स्थिति बेहद खराब है। वहीं, मुंबई में सोमवार को 53 पत्रकार कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। एहतियात के तौर पर इन सभी को आइसोलेशन में रखा गया है। वहीं ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन’ (NBA) के प्रेजिडेंट और ‘इंडिया टीवी’ के चेयरमैन व एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा ने न केवल कोरोना के बढ़ते संक्रमण के इस दौर में पत्रकारों के काम की तारीफ की है, बल्कि उन सभी पत्रकारों को मदद करने का आश्वासन भी दिया, जो अन्य चैनलों में काम करते हैं।
रजत शर्मा ने ट्विटर पर एक के बाद एक दो ट्वीट किए। उन्होंने पहले ट्वीट में पत्रकारों के काम की तारीफ करते हुए उनसे सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने लिखा,‘मुम्बई में मीडिया के करीब पचास साथी Coronavirus के शिकार हुए हैं। इनमें ज्यादातर बहादुर रिपोर्टर और कैमरामैन हैं, जो अपनी जान पर खेल कर आप तक खबरें पहुंचाते हैं। इन सबके जज्बे को सलाम। साथ ही मेरा निवेदन है अपना खयाल रखें। सावधानी बरतें।
मुम्बई में मीडिया के करीब पचास साथी #Coronavirus के शिकार हुए हैं . इनमें ज़्यादातर बहादुर रिपोर्टर और कैमरामैन हैं जो अपनी जान पर खेल कर आप तक खबरें पहुंचाते हैं. इन सबके जज़्बे को सलाम. साथ ही मेरा निवेदन है अपना खयाल रखें. सावधानी बरतें.
— Rajat Sharma (@RajatSharmaLive) April 20, 2020
वहीं इसके बाद एक अन्य ट्वीट में उन सभी पत्रकारों को मदद करने का आश्वासन भी दिया, जो अन्य चैनलों में काम करते हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा,‘हमारे साथी मुंबई के बहादुर रिपोर्टर और कैमरापर्सन जो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, आप चाहे किसी भी चैनल में काम करते हों, अगर आपको कोई परेशानी आती है तो मुझे मैसेज भेजिए मैं आप की मदद करने की पूरी कोशिश करूंगा।
हमारे साथी मुंबई के बहादुर रिपोर्टर और कैमरापर्सन जो कोरोना पॉज़िटिव पाए गए हैं,आप चाहे किसी भी चैनल में काम करते हों, अगर आपको कोई परेशानी आती है तो मुझे मैसेज भेजिए मैं आप की मदद करने की पूरी कोशिश करूँगा.
— Rajat Sharma (@RajatSharmaLive) April 20, 2020
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते मुंबई में आयोजित एक स्पेशल कैंप में 171 मीडियाकर्मियों का परीक्षण किया गया था, जिसमें करीब 53 पत्रकार कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ये सभी फील्ड में काम कर रहे फोटोग्राफर्स, विडियो जर्नलिस्ट्स और रिपोर्टर्स हैं। वहीं, अधिकांश मामलों में कोई लक्षण देखने को नहीं मिले हैं और अब इन सभी को घरों में ही क्वारंटीन में भेजा गया है। वहीं कई अन्य लोगों की टेस्ट रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। पॉजिटिव पाए गए अधिकतर पत्रकारों में शुरू में कोरोना के लक्षण नहीं दिखाई दिए थे।
टैग्स पत्रकार रजत शर्मा न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन कोरोना