होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / माइक्रोसॉफ्ट में CEO सत्या नडेला का हुआ प्रमोशन, अब निभाएंगे यह जिम्मेदारी
माइक्रोसॉफ्ट में CEO सत्या नडेला का हुआ प्रमोशन, अब निभाएंगे यह जिम्मेदारी
दो दशकों में पहली बार माइक्रोसॉफ्ट का कोई सीईओ इसके चेयरमैन के रूप में भी काम करेगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
अमेरिका की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी ‘माइक्रोसॉफ्ट’ (Microsoft) में चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ) सत्या नडेला का कद और बढ़ गया है। दरअसल, कंपनी ने अब उन्हें अपना नया चेयरमैन नामित किया है। नडेला को वर्ष 2014 में माइक्रोसॉफ्ट का सीईओ बनाया गया था।
दो दशकों में पहली बार माइक्रोसॉफ्ट का कोई सीईओ इसके चेयरमैन के रूप में भी काम करेगा। इससे पहले बिल गेट्स ने कंपनी में दोहरी भूमिका निभाई हैं। बता दें कि बिल गेट्स ने वर्ष 2000 में सीईओ और इसके बाद 2014 में चेयरमैन का पद छोड़ दिया था। इसके बाद जॉन थॉम्पसन (John Thompson) ने इंडिपेंडेट चेयरमैन का पदभार संभाला था। नडेला अब जॉन थॉम्पसन की जगह लेंगे।
भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक नडेला चेयरमैन के रूप में अब बोर्ड के लिए एजेंडा तय करने और स्ट्रैटेजिक अवसरों की पहचान करने समेत तमाम रणनीतियों की दिशा में काम करेंगे। सत्या नडेला का जन्म 19 अगस्त 1967 को हैदराबाद में हुआ था।
उनके पिता एक प्रशासनिक अधिकारी और मां संस्कृत की अध्यापिका थीं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई भी यहीं से की है और इसके बाद कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई करने के लिए वह अमेरिका चले गए थे। उन्होंने वर्ष 1996 में शिकागो के बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस से एमबीए की पढ़ाई की है।
टैग्स चेयरमैन माइक्रोसॉफ्ट बिल गेट्स सत्या नडेला