होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / 2020 में इस देश में सबसे अधिक पत्रकारों को रिपोर्टिंग की वजह से बनाया गया निशाना
2020 में इस देश में सबसे अधिक पत्रकारों को रिपोर्टिंग की वजह से बनाया गया निशाना
वहीं, न्यूयॉर्क स्थित पत्रकार रक्षा समिति ने जो रिपोर्ट जारी की है उसके मुताबिक, इस साल 15 दिसंबर तक दुनियाभर में कम से कम 30 पत्रकारों की हत्या की गई
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
दुनियाभर में पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा अभी भी एक सवाल बना हुआ है। तमाम दावों और वादों के बावजूद पत्रकारों पर हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं, जिनमें से कई पत्रकारों को तो अपनी जान से भी हाथ गंवाना पड़ा है। साल 2020 में पत्रकारों की उनके काम की वजह से हत्या के सबसे अधिक मामले मैक्सिको में और उसके बाद अफगानिस्तान व फिलिपीन में सामने आए हैं। न्यूयॉर्क स्थित पत्रकार रक्षा समिति (सीपीजे) ने अपनी नई रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।
हाल ही में बेल्जियम स्थित अंतरराष्ट्रीय प्रेस बॉडी आईएफजे (IFJ) यानी इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ जर्नलिस्ट ने भी यह जानकारी दी थी कि कौन सा देश पत्रकारों के लिए सबसे ज्यादा खतरनाक है, जिसमें मैक्सिको को उन्होंने भी सबसे ऊपर रखा था, जबकि दूसरे नंबर पर पाकिस्तान था।
वहीं, न्यूयॉर्क स्थित पत्रकार रक्षा समिति ने जो रिपोर्ट जारी की है उसके मुताबिक, इस साल 15 दिसंबर तक दुनियाभर में कम से कम 30 पत्रकारों की हत्या की गई, जबकि पिछले वर्ष इस दौरान 26 पत्रकारों की हत्या हुई थी। इस साल कम से कम 21 पत्रकारों की हत्या उनके काम की वजह से की गई। साल 2019 में अपने काम की वजह से जान गंवाने वाले पत्रकारों की संख्या 10 थी।
सीपीजे 15 अन्य पत्रकारों की हत्या की जांच कर पता लगाने में जुटी है कि क्या उनकी हत्या भी उनके काम की वजह से हुई। मैक्सिको में साल 2020 में कम से कम चार पत्रकारों की निशाना बनाकर हत्या की गई, जबकि पांचवे पत्रकार की अपराध स्थल की तस्वीरें खींचने के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई।
सीपीजे ने कहा कि वह कम से कम चार अन्य हत्याओं के पीछे की वजह पता लाने की कोशिश कर रही है। अन्य पत्रकार समूहों ने मैक्सिको में इस साल मारे गए पत्रकारों की संख्या 11 बताई है।
रिपोर्ट में कहा गया है, 'मैक्सिको पश्चिमी गोलार्ध में पत्रकारों के लिये सबसे खतरनाक देश है। यहां पत्रकार अपराधियों, मादक पदार्थ तस्करों और भ्रष्टाचार में डूबे सरकारी तंत्र के बीच काम करते हैं।' अफगानिस्तान में आतंकवादी समूहों ने कम से कम चार पत्रकारों की उनके काम की वजह से हत्या कर दी जबकि फिलीपीन में ऐसे पत्रकारों की संख्या कम से कम तीन रही।
टैग्स पत्रकार हत्या रिपोर्टिंग देश मैक्सिको