होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / मीडिया संस्थानों का बड़ा निर्णय, नहीं करेंगे इस तरह की कवरेज
मीडिया संस्थानों का बड़ा निर्णय, नहीं करेंगे इस तरह की कवरेज
कोर्ट कवरेज के मामले में मीडिया संस्थानों ने मिलकर बड़ा निर्णय लिया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
न्यूजीलैंड में 15 मार्च को दो मस्जिदों पर हुए हमले के मामले में कोर्ट कवरेज को लेकर वहां के प्रमुख मीडिया संस्थानों ने बड़ा निर्णय लिया है। दरअसल, वहां के मीडिया संस्थानों ने कहा है कि वह इस तरह की कोई भी कवरेज नहीं करेंगे, जिससे आरोपी को आतंकी विचारधारा और ‘श्वेतों नागरिकों की श्रेष्ठता’ (white supremacist) को फैलाने में मदद मिले।
पांच बड़े मीडिया संस्थानों के वरिष्ठ संपादकों के बीच हुए इस एग्रीमेंट में यह भी कहा गया है कि वह ऐसी कोई भी रिपोर्ट प्रसारित अथवा प्रकाशित नहीं करेंगे, जिससे कोर्ट में पेशी के दौरान आरोपी को अपनी विचारधारा को प्रसारित करने का मौका मिले। इसके साथ ही वे मामले के ट्रायल की कवरेज के लिए अनुभवी पत्रकारों को ही भेजेंगे। मामले में अगली सुनवाई 14 जून को होगी।
ऑस्ट्रेलियाई नागरिक ब्रेंटन टैरैंट पर 15 मार्च को जुमे की नमाज के दौरान न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च की अल नूर मस्जिद और लिनवुड मस्जिद में गोलीबारी करने का आरोप है। हमले में 50 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हो गए थे। टैरैंट ने वारदात की फेसबुक पर लाइवस्ट्रीमिंग की थी।
कोर्ट के आदेश पर टैरैंट की मानसिक स्थिति की जांच की जा रही है और दो वकील उसकी पैरवी कर रहे हैं। मीडिया ने कुछ समय पहले रिपोर्ट दी थी कि टैरैंट ने कोर्ट में खुद मामले की पैरवी करने की इच्छा जताई थी और कानून विशेषज्ञों का कहना है कि सुनवाई के दौरान वह इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल अपनी विचारधारा को व्यक्त करने के लिए कर सकता है।
टैग्स ब्रेंटन टैरैंट न्यूजीलैंड हमला कोर्ट कवरेज