होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इन मीडिया संस्थानों के लिए ‘गुणकारी’ साबित हुआ योग, देखें लिस्ट
इन मीडिया संस्थानों के लिए ‘गुणकारी’ साबित हुआ योग, देखें लिस्ट
योग का प्रसार करने और योग के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले 30 मीडिया संस्थानों को पहले ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मीडिया सम्मान’ से सम्मानित किया गया
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
केंद्र सरकार द्वारा देश-विदेश में योग का प्रसार करने और योग के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले विभिन्न भाषाओं के 30 मीडिया संस्थानों को पहले ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मीडिया सम्मान’ (AYDMS) से सम्मानित किया गया। इन मीडिया संस्थानों में अखबारों के साथ-साथ रेडियो और टीवी चैनल्स शामिल थे।
सात जनवरी को दिल्ली के नेशनल मीडिया सेंटर पर आयोजित एक समारोह में सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने देश के विभिन्न हिस्सों से आये इन मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों को यह सम्मान प्रदान किया। इस मौके पर आयुष मंत्री श्रीपद येसो नाइक भी मौजूद थे।
इस अवॉर्ड के लिए 132 मीडिया प्रतिष्ठानों ने अपनी एंट्रीज भेजी थीं, लेकिन ‘प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया’ (PCI) के चेयरमैन जस्टिस सीके प्रसाद की अध्यक्षता में गठित छह सदस्यीय जूरी द्वारा इनमें से 30 मीडिया संस्थानों का चयन किया गया था।
ये अवॉर्ड्स तीन कैटेगरी में दिए गए। ‘बेस्ट मीडिया कवरेज ऑफ योग इन न्यूजपेपर्स’ कैटेगरी में 11 अवॉर्ड्स, ‘बेस्ट मीडिया कवरेज ऑफ योग इन टेलिविजन’ कैटेगरी में आठ अवॉर्ड और ‘बेस्ट मीडिया कवरेज ऑफ योग इन रेडियो’ कैटेगरी में 11 अवॉर्ड्स दिए गए। इन अवॉर्ड्स के तहत एक विशेष पदक, पट्टिका, ट्राफी तथा प्रशस्ति पत्र दिया गया।
इस मौके पर जावड़ेकर ने कहा, ‘जिन लोगों ने जन जागृति की दिशा में कदम उठाया और योग के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करने में अहम भूमिका निभाई, उन्हें यह सम्मान दिया गया है।‘ वहीं, श्रीपद येसो नाईक का कहना था, योग जीवन जीने की पद्धति है। यह आंतरिक शांति और सम्मान दिलाता है। योग दिवस भारत के लिए काफी गर्व का विषय है।‘
गौरतलब है कि प्रिंट, रेडियो अथवा टेलिविजन प्रतिष्ठानों को योग की दिशा में किए जाने वाले उनके सराहनीय कार्यों को लेकर सम्मानित करने के लिए सूचना प्रसारण मंत्रालय द्वारा पिछले साल जून के आखिर में इस अवॉर्ड की घोषणा की गई थी।
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का विचार सितंबर 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित किया गया था। बाद में दिसंबर 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा की ओर से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की गई।
रेडियो, टीवी और प्रिंट में जिन मीडिया संस्थानो को यह अवॉर्ड दिया गया, उनकी लिस्ट आप यहां देख सकते हैं।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक,ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्रालय एमआईबी प्रकाश जावड़ेकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मीडिया सम्मान