होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / नए टैरिफ ऑर्डर को लेकर कई TV ब्रॉडकास्टर्स ने अब उठाया ये कदम
नए टैरिफ ऑर्डर को लेकर कई TV ब्रॉडकास्टर्स ने अब उठाया ये कदम
‘टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ ने नए टैरिफ ऑर्डर-2.0 के प्रावधान लागू करने के तहत ब्रॉडकास्टर्स को संशोधित टैरिफ रेट एक मई तक घोषित करने की समय सीमा तय की है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
‘टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ (ट्राई) ने नए टैरिफ ऑर्डर-2.0 (NTO 2.0) के प्रावधान लागू करने के तहत ब्रॉडकास्टर्स को संशोधित टैरिफ रेट एक मई तक घोषित करने की समय सीमा तय की है। ट्राई के इन आदेशों पर अमल करते हुए कुछ चैनल्स ने अपनी नई प्राइस लिस्ट को सार्वजनिक कर दिया है।
उदाहरण के लिए ‘डिस्कवरी कम्युनिकेशंस इंडिया’ (Discovery Communications India) ने नेटवर्क के पे चैनल्स के आठ बुके (bouquets) की कीमतों में बदलाव किया है। नई कीमतें पांच मार्च से लागू होंगी। इस ब्रॉडकास्टर ने छह रुपए और आठ रुपए की कीमत वाले तीन बुके भी बंद कर दिए हैं। इसके साथ ही ब्रॉडकास्टर ने यह भी उल्लेख किया है कि ‘डिस्कवरी कम्युनिकेशंस इंडिया’ के सभी ए-ला-कार्टे (a-la-carte) पे चैनल्स की कीमत यहां स्पष्ट रूप से शामिल नहीं है, जब तक कि यह संशोधित नहीं हो जातीं। बाद में नई कीमतों को कंपनी की वेबसाइट पर टैरिफ ऑर्डर के तहत आवश्यकतानुसार अपलोड किया जाएगा।
इसी तरह, ‘सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया’ (Sony Pictures Network India) ने भी अपनी वेबसाइट पर चैनल्स की संशोधित कीमतें पब्लिश कर दी हैं, जो एक मार्च 2020 से प्रभावी मानी जाएंगी। हालांकि सोनी पिक्चर्स नेटवर्क ने न्यू टैरिफ ऑर्डर पर स्टे के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर कर रखी है और सभी संशोधित दरों को इस पर आने वाले निर्णय के अधीन रखा गया है।
नेटवर्क ने 31 बुके की कीमतों के बारे में जानकारी दी है, जबकि ए-ला-कार्टे के आधार पर पे चैनल्स की कीमतें लगभग समान रखी गई हैं। नेटवर्क के बड़े चैनल्स की कीमत 19 रुपए रखी गई है। हालांकि, ट्राई का कहना है कि चैनल की अधिकतम कीमत 12 रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। ट्राई ने यह भी तय किया है कि 12 रुपए या उससे कम कीमत वाले चैनल्स ही बॉडकास्टर्स द्वारा पेश किए जा रहे बुके का हिस्सा हो सकते हैं।
वर्तमान में ‘जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड’ (ZEEL) की वेबसाइट पर जो दरें प्रकाशित की गई हैं, उनके बारे में कहा गया है कि नेटवर्क के ‘रिफरेंस इंटर कनेक्ट ऑफर’ (RIO) एक मार्च से प्रभावी होंगे। नेटवर्क की ओर से कहा गया है कि जब तक मामला न्यायालय के अधीन हैं, रिफरेंस इंटर कनेक्ट ऑफर/इंटरकनेक्शन एग्रीमेंट ट्राई के रेगुलेशंस में संशोधन का आधार नहीं होंगे। ‘ZEEL’ के पास 25 से ज्यादा बुके हैं, लेकिन अधिकांश पे चैनल्स की कीमत ए-ला-कार्टे के आधार पर 19 रुपए रखी गई है। ‘स्टार इंडिया’ (Star India) और ‘वायकॉम18’ (Viacom18) ने भी नए बुके शामिल किए हैं, लेकिन ‘वायकॉम18’ में अधिकांश ए-ला-कार्टे पे चैनल्स की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नए टैरिफ ऑर्डर (NTO 2.0) को लेकर ट्राई और ब्रॉडकास्टर्स के बीच बॉम्बे हाई कोर्ट में चल रहे मामले की सुनवाई कई बार स्थगित हो चुकी है। गौरतलब है कि 12 फरवरी को ट्राई ने इस बारे में एक नोटिस जारी कर सभी स्टेकहोल्डर्स से उचित कदम उठाने को कहा था, जिससे न्यू टैरिफ ऑर्डर-दो को आसानी से लागू किया जा सके।
टैग्स ट्राई ब्रॉडकास्टर्स भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण न्यू टैरिफ ऑर्डर