होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / केरल के मुख्यमंत्री ने प्रसार भारती को लेकर केंद्र सरकार को घेरा, लगाए ये आरोप
केरल के मुख्यमंत्री ने प्रसार भारती को लेकर केंद्र सरकार को घेरा, लगाए ये आरोप
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने सार्वजनिक क्षेत्र की प्रसारणकर्ता संस्था प्रसार भारती को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रसार भारती के खबरों के एकमात्र स्रोत के रूप में कथित रूप से संघ परिवार से जुड़ी एक न्यूज एजेंसी को नियुक्त करके 'खबरों का भगवाकरण' किया जा रहा है। मुख्यमंत्री 'हिन्दुस्थान समाचार' को प्रसार भारती के लिए खबरों का एकमात्र स्रोत नियुक्त करने के केंद्र के फैसले का जिक्र कर रहे थे।
इस बाबत मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से एक बयान जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि 'पीटीआई' (PTI) और 'यूएनआई' (UNI) जैसी एजेंसियों की सेवा समाप्त करके प्रसार भारती के न्यूज स्रोत के रूप में 'हिन्दुस्थान समाचार' को नियुक्त करना 'खबरों का भगवाकरण' करने के समान है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह दूरदर्शन और आकाशवाणी को संघ परिवार के तहत लाने का प्रयास है और लोकतंत्र के लिए खतरा है।
मुख्यमंत्री ने बयान में दावा किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी शंकर आप्टे ने हिन्दुस्थान समाचार की स्थापना की थी, जो विश्व हिंदू परिषद के संस्थापक महासचिव भी थे। उन्होंने आरोप लगाया कि संघ परिवार बीजेपी के सत्ता में आने के बाद से प्रसार भारती पर नियंत्रण का प्रयास कर रहा है।
विजयन ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े प्रकाशनों 'पांचजन्य' और 'ऑर्गनाइजर' के समूह संपादक जगदीश उपासने को प्रसार भारती भर्ती बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त करने के केंद्र सरकार का 2020 के फैसले से यह बात साफ है।
सीएम ने दावा किया कि इसके अलावा प्रसार भारती ने संघ प्रमुख मोहन भागवत के विजयादशमी भाषण का सीधा प्रसारण किया, लेकिन त्रिपुरा के मुख्यमंत्री के स्वतंत्रता दिवस भाषण को प्रसारित नहीं किया।
विजयन ने आरोप लगाया कि इन सबसे इस फासीवादी सोच के क्रियान्वयन का संकेत मिलता है कि असहमति का कोई स्वर नहीं सुना जाना चाहिए। उन्होंने देश के धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक समाज से लोकतंत्र पर मंडरा रहे इस खतरे को पहचानने और इसके खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
टैग्स प्रसार भारती हिन्दुस्थान समाचार केरल के मुख्यमंत्री