होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / छंटनी के विरोध में पत्रकार संगठनों ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, की ये अपील
छंटनी के विरोध में पत्रकार संगठनों ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, की ये अपील
कोरोना का प्रकोप देश में तेजी से बढ़ता जा रहा है। फैलते संक्रमण को रोकने के लिए देशभर में 3 मई तक लॉकडाउन जारी है। लॉकडाउन की वजह से देश की अर्थव्यवस्था की हालत कमजोर पड़ने लगी है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
कोरोना का प्रकोप देश में तेजी से बढ़ता जा रहा है। फैलते संक्रमण को रोकने के लिए देशभर में 3 मई तक लॉकडाउन जारी है। लॉकडाउन की वजह से देश की अर्थव्यवस्था की हालत कमजोर पड़ने लगी है। तमाम कंपनियां भी इसकी चपेट में है। लिहाजा इस बीच तमाम मीडिया कंपनियों से छंटनी की खबरें भी सामने आयी थीं। ऐसे में अब पत्रकार संघों ने कोरोना वायरस महामारी के बीच पत्रकारों की छंटनी रोकने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से दखल देने की मांग की है।
प्रेस एसोसिएशन, प्रेस संघ, भारतीय पत्रकार संघ, श्रमजीवी समाचार कैमरामैन संघ और भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार संघ (एनयूजे-आई) ने मोदी को लिखे पत्र में मीडिया सेक्टर में बड़े पैमाने पर छंटनियों और कर्मचारियों के वेतन में कटौती का मामला उठाया है।
उन्होंने सरकार से स्थिति पर लगातार नजर रखने और श्रमजीवी पत्रकारों को बचाने के लिए सुधारात्मक कदम उठाने का आग्रह किया है। 27 अप्रैल को लिख पत्र में कहा गया है कि यह भी मददगार होगा अगर, हाल ही में स्वास्थ्य कर्मियों के लिये घोषित बीमा कवर में पत्रकारों को भी शामिल कर लिया जाए। पत्र में कहा गया है, ‘इन परिस्थितियों में, हम आपसे हस्तक्षेप करने और यह सुनिश्चित करने का अनुरोध करते हैं कि पत्रकारों को नौकरी से नहीं निकाला जाए या उनकी आजीविका, संकट के इस क्षण में प्रभावित न हो। हम आपके कार्यालय से तत्काल हस्तक्षेप की उम्मीद करते हैं।
टैग्स पत्रकार मोदी छंटनी कोरोना लॉकडाउन