होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / युवा पत्रकार के साथ हुआ ये भीषण हादसा, चली गई जान
युवा पत्रकार के साथ हुआ ये भीषण हादसा, चली गई जान
भीषण दुर्घटना में युवा पत्रकार की मौत का मामला सामने आया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
सड़क हादसे में युवा पत्रकार की मौत का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि पत्रकार विकास यादव मंगलवार की रात मेरठ में बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान कार सवार एक युवक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल विकास को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
विकास यादव की मौत के बाद उनके परिजनों व दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है। विकास के दोस्त और ‘नवभारत टाइम्स’ अखबार में कॉपी एडिटर सचिन शर्मा ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए फेसबुक पर लिखा है, ‘एक दोस्त और चला गया। युवा पत्रकार विकास यादव की कल रात मेरठ में सड़क हादसे में मौत हो गई। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। कॉलेज में एक साथ पढ़े थे। एक-दो बार घूमने भी दिल्ली साथ ही आये थे। हमेशा हंसी-मजाक करने वाले विकास को भगवान ने अपने पास बुला लिया। तुम बहुत याद आओगे मेरे भाई।’
वहीं, ‘न्यूजलॉन्ड्री’ वेबसाइट में करेसपॉन्डेंट के तौर पर कार्यरत पत्रकार बसंत कुमार ने भी एक बातचीत का जिक्र करते हुए विकास यादव को फेसबुक पर श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने लिखा है, ‘सर, मैं कानपुर में हूं। आप होटल में मत रुकना. घर चले जाओ। जल्द ही मिलते हैं। सर कोई नौकरी देख लो…. Vikash मुझे क्या पता था कि हमारी ये आखिरी बातचीत है. बहुत जल्दी चले गए यार। मेरठ मतलब तुम्हारा घर था मेरे लिए। जब भी रिपोर्टिंग के लिए मेरठ गया हर काम छोड़ तुम पूरे दिन साथ रहते थे। अब मेरठ आना अच्छा नहीं लगेगा।’
मेरठ के रहने वाले विकास यादव ने सुभारती यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई की थी। वह ‘गांव कनेक्शन’ (Gaon Connection) और ‘न्यूज वर्ल्ड इंडिया’ (news world india) में फ्रीलॉन्स के तौर पर काम करते थे।
टैग्स पत्रकार की मौत विकास यादव सड़क दुर्घटना