होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / महिला पत्रकार ने ठुकराई चुनाव प्रत्याशी की ये ‘पेशकश’, दर्ज कराई रिपोर्ट
महिला पत्रकार ने ठुकराई चुनाव प्रत्याशी की ये ‘पेशकश’, दर्ज कराई रिपोर्ट
महिला पत्रकार की शिकायत पर पुलिस ने लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी के खिलाफ मामला दर्ज किया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
देश में 17वीं लोकसभा के गठन के लिए इन दिनों विभिन्न चरणों में मतदान प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं पर आपत्तिजनक बयान देने समेत तमाम तरह के आरोप भी लग रहे हैं। झारखंड में 12 मई को होने वाले मतदान से पूर्व जमशेदपुर लोकसभा सीट से झारखंड पीपुल्स पार्टी (जेपीपी) के कैंडिडेट सूर्य सिंह बेसरा और पार्टी के अन्य नेता भी अब नए आरोपों में घिर गए हैं। दरअसल, उनके और पार्टी की पूर्वी सिंहभूमि जिला कमेटी के अध्यक्ष कृतिबास मंडल के खिलाफ पुलिस ने एक महिला पत्रकार को रिश्वत देने के प्रयास के मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। इस मामले में दोनों के खिलाफ रिश्वत देने, चुनाव को प्रभावित करने समेत विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं।
दरअसल, ‘न्यूज18,झारखंड’ की पत्रकार ऐनी अमृता ने आरोप लगाया था कि शहर के एक होटल में सोमवार को बेसरा ने एक पत्रकार वार्ता आयोजित की थी। आरोप है कि इस दौरान चुनाव को प्रभावित करने के लिए मंडल ने बेसरा की सहमति से उन्हें रिश्वत देने की कोशिश की। ऐनी अमृता का कहना था कि पत्रकार वार्ता के दौरान मंडल उन्हें कमरे से बाहर ले गए और नोटों से भरा एक लिफाफा दिया। बताया जाता है कि पुलिस ने पत्रकार के इन आरोपों पर सीसीटीवी फुटेज का सत्यापन करने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
टैग्स चुनाव 2019 झारखंड पीपुल्स पार्टी जेपीपी ऐनी अमृता न्यूज18 झारखंड रिश्वत की पेशकश सूर्य सिंह बेसरा