होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / News Nation को अलविदा कहकर पत्रकार धीरेंद्र कुमार ने नई दिशा में बढ़ाए कदम
News Nation को अलविदा कहकर पत्रकार धीरेंद्र कुमार ने नई दिशा में बढ़ाए कदम
पत्रकार धीरेंद्र कुमार ने हिंदी न्यूज चैनल ‘न्यूज नेशन’ (News Nation) को अलविदा कह दिया है। वह करीब तीन साल से ‘न्यूज नेशन’ डिजिटल में बतौर बिजनेस न्यूज इंचार्ज अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
पत्रकार धीरेंद्र कुमार ने हिंदी न्यूज चैनल ‘न्यूज नेशन’ (News Nation) को अलविदा कह दिया है। वह करीब तीन साल से ‘न्यूज नेशन’ डिजिटल में बतौर बिजनेस न्यूज इंचार्ज अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। धीरेंद्र कुमार ने अब एग्री-फिनटेक कंपनी ‘ओरिगो कमोडिटीज’ (Origo Commodities) के साथ नई शुरुआत की है। यहां पर उन्होंने बतौर मैनेजर (मीडिया रिलेशंस) जॉइन किया है।
धीरेंद्र कुमार को विभिन्न मीडिया संस्थानों में काम करने का 15 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने वर्ष 2006 में पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत ‘अमर उजाला’ से बतौर सब एडिटर की थी। यहां करीब दो साल काम करने के बाद उन्होंने वर्ष 2008 में ‘जी बिजनेस’ का रुख कर लिया। यहां उन्होंने असिस्टेंट प्रड्यूसर (न्यूज डेस्क) पद पर अपनी जिम्मेदारी का बखूबी पालन किया।
वर्ष 2014 में धीरेंद्र कुमार ने एक बार फिर ‘अमर उजाला’ का दामन थाम लिया। इस बार उन्होंने यहां पर सीनियर सब एडिटर के पद पर जॉइन किया। हालांकि ‘अमर उजाला’ के साथ धीरेंद्र कुमार का ये सफर करीब एक साल ही चला और वर्ष 2015 में उन्होंने ‘COMMODITIESCONTROL.COM’ वेबसाइट में स्पेशल करेसपॉन्डेंट के तौर पर नई पारी शुरू कर दी। यहां करीब एक साल काम करने के बाद धीरेंद्र कुमार ने अपना सफर फिर ‘जी बिजनेस’ के साथ शुरू कर दिया।
इस बार यहां उन्हें सीनियर प्रड्यूसर-एडिटोरियल की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद करीब तीन साल पहले उन्होंने ‘न्यूज नेशन’ का दामन थामा था, जहां से अब वह ‘ओरिगो कमोडिटीज’ पहुंचे हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक करने के बाद धीरेंद्र कुमार ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। समाचार4मीडिया की ओर से धीरेंद्र कुमार को उनके नए सफर के लिए ढेरों शुभकामनाएं।
टैग्स न्यूज नेशन धीरेंद्र कुमार नियुक्ति अप्वॉइंटमेंट जॉइनिंग ओरिगो कमोडिटीज