होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / टीवी पत्रकार को पकड़ने के लिए रचा गया 'स्टिंग' रहा कामयाब
टीवी पत्रकार को पकड़ने के लिए रचा गया 'स्टिंग' रहा कामयाब
पकड़े गए पत्रकार की पहचान बुलंदशहर निवासी नदीम खान के रूप में हुई है। वह खुद को ‘न्यूज नेशन’ चैनल का रिपोर्टर बताता था
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
बुलंदशहर में आजाद पब्लिक स्कूल के मालिक वासिक आजाद ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि नदीम उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डाल रहा है और ऐसा न करने के एवज में पांच लाख रुपए की मांग कर रहा है। वासिक आजाद ने शुरू में तो नदीम को 50 हजार रुपए दे दिए, लेकिन जब नदीम ने फिर से फोन कर रुपए मांगे गए तो उन्होंने पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस ने नदीम को रंगेहाथ पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
योजना के अनुसार, वासिक आजाद ने रुपए देने के लिए नदीम को एनएच-91 स्थित एक मॉल में बुला लिया। यहां जैसे ही वासिक आजाद ने नदीम को 25 हजार रुपए दिए, पुलिस ने नदीम को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पुलिस को पता चला कि नदीम ने शहर के एक मिठाई विक्रेता, टेंट व्यापारी व रियल एस्टेट कारोबारी को भी अपना शिकार बनाया था। एसएसपी एन कोलांचि ने बताया कि स्कूल संचालक की शिकायत पर नदीम को रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। नदीम के कब्जे से 25 हजार रुपए भी बरामद हुए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नदीम पहले भारत दवाखाना के नाम से क्लीनिक चलाता था और पौरुष शक्ति बढ़ाने की दवा देता था। वर्ष 2014 में उसने पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद से वह व्यापारियों को डरा-धमकाकर उनसे मोटी रकम वसूल रहा था। बताया जाता है कि ग्रेटर नोएडा में हजारों करोड़ के बाइक बोट घोटाले में बुलंदशहर के दर्जनों कारोबारियों ने भी करोड़ों रुपए कमाए हैं। बाइक बोट कंपनी के मुखिया और मुख्य आरोपी संजय भाटी को इस मामले में जेल भेजा गया है। पुलिस अब इस मामले से जुड़े तार तलाश रही है। कुछ कारोबारियों को इसी जांच में नाम उजागर कर देने का खौफ दिखाकर नदीम पहले भी लाखों की कमाई कर चुका है। इसके बाद उसने अब टेंट कारोबारी रिंकू मित्तल और उनके दोस्त वासिक आजाद को अपना निशाना बनाया था।
टैग्स न्यूज नेशन पत्रकार की गिरफ्तारी Extortion रंगदारी नदीम खान