होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / TRAI के चेयरमैन ने कुछ यूं जोड़ा मौलिक अधिकार और ब्रॉडबैंड के बीच 'कनेक्शन'
TRAI के चेयरमैन ने कुछ यूं जोड़ा मौलिक अधिकार और ब्रॉडबैंड के बीच 'कनेक्शन'
‘ब्रॉडबैंड इंडिया फोरम’ की ओर से आयोजित एक वर्चुअल कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे ट्राई के चेयरमैन आरएस शर्मा
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
‘टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ (TRAI) के चेयरमैन आरएस शर्मा का कहना है कि आने वाले समय में ब्रॉडबैंड जीवन के मौलिक अधिकारों (fundamental human right) में शामिल होगा और ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी के बिना जीवन की कल्पना करना मुश्किल होगा।
‘ब्रॉडबैंड इंडिया फोरम’ की ओर से आयोजित एक वर्चुअल कॉन्फ्रेंस में उन्होंने यह बात कही। इस मौके पर आरएस शर्मा का यह भी कहना था कि अब फिक्स्ड-लाइन ब्रॉडबैंड को बढ़ावा देने के लिए इसमें निवेश करने का समय है, ताकि एजुकेशन और वर्क फ्रॉम होम जैसे क्षेत्रों को सपोर्ट किया जा सके। हालांकि, देश में मोबाइल फोन की संख्या काफी बढ़ी है, फिक्स्ड-लाइन ब्रॉडबैंड की दिशा में हमें अभी काफी लंबा रास्ता तय करना है। बेहतर कनेक्टिविट देने के लिए यह आवश्यक है। कनेक्टिविटी का काफी महत्व है।
ट्राई चेयरमैन का कहना था कि कोविड-19 महामारी ने जिस तरह से देश में टेक्नोलॉजी की भूमिका समेत तमाम चीजों को एक नई पहचान दी है, आने वाले समय में यह सब पहचान स्थायी हो जाएगी। बदलते दौर में ट्राई सभी रेगुलेशंस को नए दृष्टिकोण के साथ अपनाएगा।
आरएस शर्मा ने कहा, ‘मेरा मानना है कि लागत के हिसाब से, पर्यावरण के हिसाब से, मितव्ययता और तात्कालिकता के हिसाब से डिजिटल लेन-देन हमेशा बेहतर होता है। और सबसे खास बात यह है कि इसमें लोग एक-दूसरे के फिजिकल संपर्क में भी नहीं आते हैं। महामारी फैलने के बाद से लोग भौतिक इंफ्रॉस्ट्रक्चर जैसे रोड, रेल और एयर ट्रांसपोर्ट के बजाय आईटी और कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी पर ज्यादा निर्भर हैं। वर्क फ्रॉम होम अब सामान्य बात हो चुकी है और निकट भविष्य में भी ऐसा ही रहेगा। आने वाले समय में टेलि-मेडिसिन, ई-कॉमर्स आदि का जोर ज्यादा देखने को मिलेगा। स्कूलों ने भी बच्चों को ऑनलाइन क्लासेज देना शुरू कर दिया है और बच्चे घर रहकर ही पढ़ाई कर रहे हैं। आने वाले समय में हमें ऐसी दुनिया में रहना होगा जहां आर्थिक ग्रोथ और सामाजिकता के दौरान लोग एक-दूसरे के कम से कम शारीरिक संपर्क में आएंगे।’
टैग्स ट्राई भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया आरएस शर्मा ब्रॉडबैंड