अधिसूचना के तहत भारतीय प्रेस परिषद में कार्यरत पत्रकारों के दो वर्गों में कुल 13 सदस्यों को नामित किया गया है। इनमें छह संपादक और सात अन्य कार्यरत पत्रकार शामिल हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
केंद्र सरकार ने भारतीय प्रेस परिषद (Press Council of India) में 13 सदस्यों को नामित किया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय (MIB) ने 7 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। इस अधिसूचना के मुताबिक, यह नामांकन प्रेस काउंसिल अधिनियम, 1978 की धारा 5 की उपधारा (3) के खंड (क) और उपधारा (5) तथा धारा 6 की उपधारा (1) के तहत किया गया है।
इस अधिसूचना के तहत भारतीय प्रेस परिषद में कार्यरत पत्रकारों के दो वर्गों में कुल 13 सदस्यों को नामित किया गया है। इनमें छह संपादक और सात अन्य कार्यरत पत्रकार शामिल हैं। अधिसूचना के अनुसार, कार्यरत पत्रकारों के संपादक वर्ग में छह सदस्यों को नामित किया गया है। इनमें प्रदीप कुमार जैन, सैयद रजा हुसैन रिजवी, अंकुर दुआ, अपर्णा शुक्ला, राज परवाना/नरेन्द्र सिंह और विनोद बाजपेयी शामिल हैं।
वहीं, संपादकों के अलावा अन्य कार्यरत पत्रकारों के वर्ग में सात सदस्यों को नामित किया गया है। इनमें विनोद कोहली, गीतार्थ पाठक, प्रज्ञानंद चौधरी, किंग्शुक प्रमाणिक, सी.के. नायक, प्रसन्न कुमार मोहंती और बिजॉय काकचिंगताबम शामिल हैं।
सरकार ने इन नामांकनों के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय की 19 दिसंबर 2024 की अधिसूचना में संशोधन किया है। यह मूल अधिसूचना भारत के राजपत्र में 20 दिसंबर 2024 को प्रकाशित हुई थी। इसके बाद इसमें 2 दिसंबर 2025 को भी संशोधन किया गया था।
बी. सुरेंदर ने रेड एफएम से अपना पद छोड़ दिया है। वह चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर और डायरेक्टर के तौर पर कार्यरत थे और नेटवर्क के साथ उनका जुड़ाव दो दशक से अधिक रहा।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
बी. सुरेंदर (B Surendar) ने रेड एफएम (Red FM) से अपना पद छोड़ दिया है। वह रेड एफएम में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (Chief Operating Officer) और डायरेक्टर के तौर पर कार्यरत थे। नेटवर्क के साथ उनका जुड़ाव दो दशक से अधिक समय का रहा, जहां उन्होंने सेल्स और ऑपरेशंस से जुड़े कई अहम पदों पर काम किया।
सुरेंदर ने अप्रैल 2018 में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर और डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पहले, अप्रैल 2013 से मार्च 2018 तक उन्होंने पांच साल चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर के तौर पर काम किया।
दिसंबर 2008 से मार्च 2013 के बीच वह सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और नेशनल सेल्स हेड की भूमिका में रहे। रेड एफएम के साथ उनका सफर दिसंबर 2005 में नेशनल सेल्स हेड के तौर पर शुरू हुआ था।
रेड एफएम से पहले सुरेंदर द इंडियन एक्सप्रेस (The Indian Express) के साथ नौ साल से अधिक समय तक जुड़े रहे। यहां उन्होंने मई 2000 से नवंबर 2005 तक जनरल मैनेजर और जून 1996 से अप्रैल 2000 तक सीनियर मैनेजर के तौर पर काम किया। इस दौरान उनकी जिम्मेदारियां दिल्ली और बेंगलुरु में रही थीं।
समाचार4मीडिया से बातचीत में अनु ने बताया कि उन्होंने निजी कारणों से भारत एक्सप्रेस से अलग होने का फैसला लिया है। फिलहाल वह कुछ समय का ब्रेक लेंगी और इस दौरान अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहती हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
‘भारत एक्सप्रेस’ (Bharat Express) न्यूज नेटवर्क और यहां कार्यरत HR हेड अनु की राहें अब अलग हो गई हैं। संस्थान में करीब डेढ़ साल तक मानव संसाधन विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद अनु ने भारत एक्सप्रेस से हाल ही में विदाई ले ली है।
इस मौके पर भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क के CMD एवं एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय की ओर से शुभकामनाएं दी गईं। उनकी तरफ से डायरेक्टर एवं ग्रुप मैनेजिंग एडिटर राधेश्याम राय ने अनु को मोमेंटो और बुके देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर डायरेक्टर संजय स्नेही, सीईओ डिजिटल प्रशांत कुमार, डिप्टी मैनेजिंग एडिटर शैलेंद्र झा, सीएमडी सेक्रेटेरिएट प्रमुख अनिल सूदन, एकाउंट्स हेड संतोष जोशी और क्राइम एडिटर अतुल यादव सहित संस्थान के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
समाचार4मीडिया से बातचीत में अनु ने बताया कि उन्होंने निजी कारणों से भारत एक्सप्रेस से अलग होने का फैसला लिया है। फिलहाल वह कुछ समय का ब्रेक लेंगी और इस दौरान अपने परिवार के साथ समय बिताना चाहती हैं। उन्होंने भारत एक्सप्रेस के सीएमडी उपेंद्र राय और संस्थान के सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए कहा कि यहां काम करते हुए उन्हें काफी कुछ सीखने का अवसर मिला।
अनु मई 2025 में भारत एक्सप्रेस से जुड़ी थीं। यहां HR हेड के रूप में उन्होंने संस्थान में प्रतिभाओं के चयन, एंप्लॉयीज के प्रशिक्षण एवं विकास, प्रदर्शन प्रबंधन और संगठनात्मक विकास से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं।
अनु को ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट, लीडरशिप डेवलपमेंट और ऑर्गनाइजेशनल डेवलपमेंट के क्षेत्र में अनुभव है। भारत एक्सप्रेस से पहले वह ऑस्ट्रेलिया स्थित LinkUp Australia में CEO एवं HR Manager के रूप में कार्यरत थीं। उन्होंने अप्रैल 2021 से दिसंबर 2024 तक वहां अपनी सेवाएं दीं।
इसके अलावा वह ऑस्ट्रेलिया की Ingkerreke Commercial और Central Desert Regional Council जैसी संस्थाओं में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। अनु ICF सर्टिफाइड लाइफ कोच हैं और उन्होंने चार्ल्स डार्विन यूनिवर्सिटी से Human Resource Management में पोस्ट ग्रेजुएट सर्टिफिकेट प्राप्त किया है।
बिसलेरी ने FSSAI की कार्रवाई के बाद अपने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर को सुरक्षित बताया है। कंपनी ने गोवा प्लांट के सैंपल की जांच पर सवाल उठाते हुए रिपोर्ट का हवाला दिया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (Packaged Drinking Water) की गुणवत्ता को लेकर उठे विवाद के बीच बिसलेरी (Bisleri) ने अपना पक्ष रखा है। कंपनी ने कहा है कि उसका पानी पीने के लिए सुरक्षित है और उसकी निर्माण प्रक्रिया में गुणवत्ता की सख्त जांच की जाती है।
यह जवाब भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से कंपनी के खिलाफ अभियोजन (Prosecution) शुरू करने की मंजूरी दिए जाने के बाद आया है। 23 नवंबर 2026 को जारी बयान में बिसलेरी ने कहा कि यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके प्लांट में तैयार एक बैच से जुड़ा है। कंपनी के मुताबिक, 30 सितंबर 2025 को एफएसएसएआई ने वहां से छह सैंपल लिए थे।
शुरुआती जांच में पांच सैंपल निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट (Bromate) की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली। इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। कंपनी ने बताया कि उसने 22 नवंबर 2025 को शुरुआती जांच के नतीजे के खिलाफ अपील की थी। इसके बाद सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा गया।
बिसलेरी के अनुसार, इस जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली, लेकिन लैब ने पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी भी दर्ज की और सैंपल को असुरक्षित घोषित किया।
बिसलेरी ने इसी सैंपल की जांच एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त एक अन्य लैब से भी कराई। कंपनी का कहना है कि वहां भी ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई। उसने 2 फरवरी 2026 को इस रिपोर्ट को एफएसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय में जमा कराया था।
बिसलेरी ने दावा किया कि रिपोर्ट जमा कराने के बाद उसे एफएसएसएआई की ओर से कोई जवाब या आगे की सूचना नहीं मिली। कंपनी के मुताबिक, उसे ईमेल या हार्ड कॉपी के जरिए कोई नोटिस भी नहीं मिला और वह नियामक की वेबसाइट पर भी संबंधित नोटिस नहीं खोज पाई। इसी वजह से कंपनी ने मामले को बंद समझ लिया था।
दूसरी ओर, एफएसएसएआई का कहना है कि शुरुआती जांच में सैंपल ब्रोमेट की निर्धारित सीमा पर खरा नहीं उतरा और अपील के बाद रेफरल लैब ने उसमें PAHs की मौजूदगी पाई। नियामक ने इन लैब नतीजों के आधार पर कंपनी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अभियोजन शुरू करने की मंजूरी दी है।
कंपनी ने यह भी दावा किया कि उसकी 10 चरणों वाली निर्माण प्रक्रिया में 90 से अधिक गुणवत्ता परीक्षण किए जाते हैं। बिसलेरी ने कहा है कि वह नियामक के साथ सहयोग जारी रखेगी और उचित प्रक्रिया के तहत इस मामले का जवाब देगी।
Airbnb भारत में गोवा जैसे पर्यटन केंद्रों से आगे छोटे शहरों, धार्मिक स्थलों और ग्रामीण इलाकों में होमस्टे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी स्थानीय लोगों को पर्यटन कारोबार से जोड़ेगी।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
भारत में घरेलू पर्यटन की बढ़ती मांग को देखते हुए एयरबीएनबी (Airbnb) अब अपने कारोबार का विस्तार पारंपरिक पर्यटन स्थलों से आगे करने की तैयारी में है।
कंपनी की नजर वाराणसी, अमृतसर और श्रीनगर जैसे शहरों के साथ-साथ ग्रामीण और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर भी है। इसके जरिए कंपनी ज्यादा स्थानीय लोगों को होमस्टे कारोबार (Homestay Business) से जोड़ना चाहती है।
22 नवंबर 2026 को प्रकाशित पीटीआई (PTI) की रिपोर्ट के मुताबिक, एयरबीएनबी इंडिया के कंट्री मैनेजर अमनप्रीत बजाज (Amanpreet Bajaj) ने बताया कि कंपनी की आगे की रणनीति में बेहतर ठहरने के विकल्प बढ़ाना, स्थानीय उद्यमियों को प्लेटफॉर्म से जोड़ना और यात्रियों को रहने के अलावा नए अनुभव तथा सेवाएं उपलब्ध कराना शामिल है।
कंपनी अब गोवा जैसे स्थापित पर्यटन केंद्रों और पारंपरिक हिल स्टेशनों के अलावा धार्मिक, सांस्कृतिक और ग्रामीण पर्यटन स्थलों में भी संभावनाएं देख रही है। कांगड़ा, ईस्ट खासी हिल्स और श्रीनगर में यात्रियों की दिलचस्पी बढ़ रही है।
वहीं वाराणसी और अमृतसर महत्वपूर्ण सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों के रूप में उभर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के हिल स्टेशनों में भी कंपनी बेहतर आवास सुविधाओं का विस्तार करना चाहती है।
एयरबीएनबी के मुताबिक, 2026 की पहली छमाही में भारतीय मेहमानों की 85 फीसदी से अधिक बुकिंग घरेलू यात्राओं के लिए थी। इसी अवधि में पहली बार बुकिंग करने वाले ग्राहकों में लगभग 70 फीसदी जेन जी (Gen Z) से थे। कंपनी इस युवा यात्री वर्ग की बदलती पसंद को भी अपनी रणनीति में शामिल कर रही है।
एयरबीएनबी का जोर सिर्फ नए स्थानों पर कमरे उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। कंपनी चाहती है कि पर्यटन से स्थानीय युवाओं, कारीगरों, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी कमाई का अवसर मिले।
होमस्टे में ठहरने वाले पर्यटकों को स्थानीय परिवहन, हस्तशिल्प, बाजार और रेस्टोरेंट जैसी सेवाओं की जरूरत होती है। इससे पर्यटन का आर्थिक लाभ आसपास के समुदायों तक पहुंच सकता है।
कंपनी ने ग्रामीण गुजरात में स्वयं-रोजगार महिला संघ (Self-Employed Women's Association-SEWA) के साथ अपनी साझेदारी का भी जिक्र किया। इसके तहत महिलाओं को अपने घर पर्यटकों के लिए उपलब्ध कराने और मेजबानी की ट्रेनिंग दी गई है।
गोवा में एयरबीएनबी एंटरप्रेन्योरशिप अकादमी (Airbnb Entrepreneurship Academy) भी शुरू की गई है, जहां संभावित होमस्टे संचालकों को आतिथ्य से जुड़ी जानकारी दी जाती है।
कंपनी अपनी तकनीकी सुविधाओं को भी मजबूत कर रही है। इसके लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित टूल्स पेश किए जा रहे हैं, जिनकी मदद से यात्री घरों को खोजने, फिल्टर करने और उनकी तुलना करने में आसानी महसूस कर सकेंगे। होस्ट के लिए भी घर की लिस्टिंग, कीमत तय करने और कमाई का हिसाब देखने जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
गौरतलब है कि 28 सितंबर 2026 को एयरबीएनबी ने पर्यटन मंत्रालय (Ministry of Tourism) के साथ दो साल का समझौता ज्ञापन (MoU) किया था। इसके तहत होमस्टे संचालकों को ट्रेनिंग, डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने और कम चर्चित पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने पर काम होगा।
मीडिया और विज्ञापन जगत से जुड़ी मणिनी ठाकुर (Manini Thakur) ने पब्लिसिस ग्रुप (Publicis Groupe) से अलग होने का फैसला किया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया और विज्ञापन जगत से जुड़ी मणिनी ठाकुर (Manini Thakur) ने पब्लिसिस ग्रुप (Publicis Groupe) से अलग होने का फैसला किया है। वह इस नेटवर्क के साथ नौ साल से ज्यादा समय से जुड़ी हुई थीं। उनकी पिछली जिम्मेदारी स्टारकॉम इंडिया (Starcom India) में सीनियर डायरेक्टर की थी।
मणिनी ठाकुर ठाकुर ने लिंक्डइन पर एक पोस्ट के जरिए अपने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने पब्लिसिस ग्रुप के साथ अपने सफर को याद करते हुए बताया कि साल 2017 में इस ग्रुप से जुड़ने के बाद उन्होंने कॉन्वोनिक्स (Convonix), स्टारकॉम (Starcom) और स्पार्क फाउंड्री (Spark Foundry) के साथ काम किया।
मणिनी ठाकुर को डिजिटल विज्ञापन के क्षेत्र में 16 साल से ज्यादा का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने मीडिया प्लानिंग, डिजिटल मीडिया सॉल्यूशंस और अकाउंट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में काम किया है।
पब्लिसिस ग्रुप से जुड़ने से पहले मणिनी ठाकुर ठाकुर करीब दो साल तक आइसोबार (Isobar) में मीडिया ग्रुप हेड के पद पर थीं। इसके अलावा वह टैपसेंस (TapSense), एक्सपोनेंशियल इंक. - ट्राइबल फ्यूजन (Exponential Inc. - Tribal Fusion), आरके स्वामी बीबीडीओ - हंसा इवेंट्स एंड एक्टिवेशंस (R K Swamy BBDO - Hansa Events & Activations) और टाइम्स इंटरनेट (Times Internet) जैसी कंपनियों के साथ भी काम कर चुकी हैं।
मीडिया और केबल टीवी कारोबार से जुड़ी कंपनी GTPL Hathway Limited ने DL GTPL Cabnet Private Limited में बाकी 74 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण पूरा कर लिया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया और केबल टीवी कारोबार से जुड़ी कंपनी GTPL Hathway Limited ने DL GTPL Cabnet Private Limited में बाकी 74 फीसदी हिस्सेदारी का अधिग्रहण पूरा कर लिया है। इस सौदे के बाद DL GTPL Cabnet अब GTPL Hathway की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी बन गई है। कंपनी ने 21 नवंबर 2026 को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) को इसकी जानकारी दी।
कंपनी ने सेबी के लिस्टिंग नियमों के रेगुलेशन 30 के तहत दी गई सूचना में बताया कि उसने DL GTPL Cabnet के शेष 74 फीसदी इक्विटी शेयरों का अधिग्रहण पूरा कर लिया है। यह जानकारी कंपनी की ओर से 13 अक्टूबर और 31 अक्टूबर 2026 को दी गई पिछली घोषणाओं के आगे का अपडेट है।
8.32 करोड़ रुपये में खरीदी गई बाकी हिस्सेदारी
GTPL Hathway के बोर्ड ने 13 अक्टूबर 2026 को DL GTPL Cabnet के बाकी 74 फीसदी शेयर खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। कंपनी की उस समय दी गई जानकारी के मुताबिक, इस सौदे के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 88,800 इक्विटी शेयर खरीदे जाने थे। इनके लिए 937.50 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से कुल 8.325 करोड़ रुपये का भुगतान तय किया गया था।
इस अधिग्रहण से पहले GTPL Hathway के पास DL GTPL Cabnet की 26 फीसदी हिस्सेदारी थी। बाकी 74 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के बाद अब कंपनी की इसमें हिस्सेदारी 100 फीसदी हो गई है। इस तरह DL GTPL Cabnet अब GTPL Hathway की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी बन गई है।
30 नवंबर तक बढ़ाई गई थी समयसीमा
शुरुआत में इस अधिग्रहण को 31 अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि, 31 अक्टूबर को कंपनी ने शेयर बाजार को बताया था कि दोनों पक्षों की आपसी सहमति से सौदा पूरा करने की समयसीमा 30 दिन बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 कर दी गई है। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया था कि सौदे की बाकी शर्तों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
अब GTPL Hathway ने 21 नवंबर को अधिग्रहण पूरा होने की पुष्टि कर दी है। यानी कंपनी ने संशोधित समयसीमा से पहले ही यह सौदा पूरा कर लिया है।
विज्ञापन कंपनी Simca Advertising Limited को भारतीय रेलवे के मुंबई CST डिवीजन से 41.30 करोड़ रुपये का विज्ञापन कॉन्ट्रैक्ट मिला है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
विज्ञापन कंपनी Simca Advertising Limited को भारतीय रेलवे के मुंबई CST डिवीजन से 41.30 करोड़ रुपये का विज्ञापन कॉन्ट्रैक्ट मिला है। कंपनी ने 20 नवंबर 2026 को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उसे मुंबई CST डिवीजन में विज्ञापन अधिकार मिले हैं। यह कॉन्ट्रैक्ट लीव एंड लाइसेंस आधार पर दिया गया है और इसकी अवधि पांच साल होगी।
कंपनी के मुताबिक, इस कॉन्ट्रैक्ट के तहत मुंबई CST डिवीजन के अलग-अलग रणनीतिक स्थानों पर नए विज्ञापन होर्डिंग लगाए जाएंगे। इन सभी होर्डिंग का कुल विज्ञापन क्षेत्र 15,000 वर्ग फुट होगा।
अगस्त 2027 से शुरू होगा पांच साल का कॉन्ट्रैक्ट
Simca Advertising को यह असाइनमेंट 19 नवंबर 2026 को मिला है। कंपनी के अनुसार, कॉन्ट्रैक्ट अगस्त 2027 से शुरू होगा और इसकी अवधि पांच साल रहेगी। इसके लिए कुल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू 41.30 करोड़ रुपये तय की गई है।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह कॉन्ट्रैक्ट घरेलू इकाई यानी भारतीय रेलवे की मुंबई CST डिवीजन से मिला है। इसमें कंपनी के प्रमोटर या प्रमोटर ग्रुप का कोई हित नहीं है। साथ ही, यह संबंधित पक्षों के बीच होने वाला लेनदेन (Related Party Transaction) भी नहीं है।
द इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप (The Indian Express Group) के ग्रुप एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर और न्यू मीडिया के प्रमुख अनंत गोयनका (Anant Goenka) को TIME100 Next India 2026 की पहली सूची में शामिल किया गया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया जगत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। द इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप (The Indian Express Group) के ग्रुप एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर और न्यू मीडिया के प्रमुख अनंत गोयनका (Anant Goenka) को TIME100 Next India 2026 की पहली सूची में शामिल किया गया है। उन्हें यह पहचान स्वतंत्र पत्रकारिता को मजबूत बनाने, संस्थान की विरासत को आगे बढ़ाने और बदलते मीडिया माहौल में ग्रुप को नई दिशा देने के लिए मिली है।
अमेरिकी मैगजीन TIME की ओर से जारी इस पहली सूची में भारत और भारतीय मूल के 100 उभरते नेताओं को जगह दी गई है। इसमें बिजनेस, टेक्नोलॉजी, मीडिया, मनोरंजन, खेल, विज्ञान और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हैं। यह TIME100 Next की पहली अंतरराष्ट्रीय सूची भी है।
पत्रकारिता की विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी
अनंत गोयनका, एक्सप्रेस ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर विवेक गोयनका के बेटे हैं। उन्होंने साल 2012 में इस मीडिया संस्थान के साथ काम करना शुरू किया था। इसके बाद से उन्होंने ग्रुप की पहुंच बढ़ाने और इसके डिजिटल कारोबार को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है। आज द इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के प्लेटफॉर्म पर हर महीने 20 करोड़ से ज्यादा यूजर्स पहुंचते हैं।
TIME ने अपनी प्रोफाइल में बताया है कि गोयनका की जिम्मेदारी सिर्फ एक पुराने मीडिया संस्थान को डिजिटल दौर के हिसाब से तैयार करने तक सीमित नहीं है। उनके सामने संस्थान की पत्रकारिता से जुड़ी मूल सोच, संपादकीय मूल्यों और वर्षों पुरानी पहचान को बनाए रखने की चुनौती भी है।
खोजी पत्रकारिता को समर्थन देने के लिए भी चर्चा
TIME ने अनंत गोयनका के खोजी पत्रकारिता को दिए जा रहे समर्थन का भी जिक्र किया है। मैगजीन ने खास तौर पर द इंडियन एक्सप्रेस की उस रिपोर्टिंग को रेखांकित किया, जिसमें मतदाता पंजीकरण से जुड़े फैसलों पर दो चुनाव आयुक्तों की ओर से दर्ज की गई आपत्तियों का खुलासा किया गया था।
इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर राजनीतिक और सार्वजनिक स्तर पर बहस तेज हुई थी। हालांकि, संबंधित अधिकारियों ने किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार करते हुए कहा था कि चुनाव आयुक्तों के अंतिम फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे।
AI के दौर में भी ग्रुप को तैयार करने पर जोर
बदलती टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में भी अनंत गोयनका की भूमिका अहम रही है। TIME ने ग्रुप और OpenAI के बीच हुए समझौते का भी जिक्र किया है। इस पहल का मकसद नई AI टेक्नोलॉजी के जरिए द इंडियन एक्सप्रेस की पत्रकारिता से जुड़े पुराने कंटेंट और आर्काइव को लोगों के लिए ज्यादा आसानी से उपलब्ध कराना है।
आज दुनिया भर के मीडिया संस्थान इस बात को लेकर नई रणनीति बना रहे हैं कि AI के दौर में कंटेंट की पहुंच, पाठकों से जुड़ाव और पत्रकारिता के कारोबार को किस तरह मजबूत रखा जाए। ऐसे समय में गोयनका के सामने नई टेक्नोलॉजी अपनाने के साथ-साथ स्वतंत्र और विश्वसनीय पत्रकारिता की पहचान बनाए रखने की जिम्मेदारी भी है।
अनंत गोयनका का TIME100 Next India 2026 की पहली सूची में शामिल होना भारतीय मीडिया इंडस्ट्री के लिए भी अहम माना जा रहा है। यह ऐसे समय में हुआ है, जब मीडिया कंपनियां बदलती दर्शक और पाठक पसंद, डिजिटल प्लेटफॉर्म और कारोबार से जुड़ी चुनौतियों के बीच अपनी विश्वसनीय पत्रकारिता को मजबूत बनाए रखने की कोशिश कर रही हैं।
BARC ने सरकारी टीवी रेटिंग नियमों के तहत 100% अनुपालन का दावा किया है, लेकिन कनेक्टेड टीवी दर्शकों की माप, तकनीकी तैयारी और पारदर्शिता को लेकर मंत्रालय की जांच जारी है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (Broadcast Audience Research Council–BARC) ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (Ministry of Information and Broadcasting–MIB) को बताया है कि वह सरकार के नए टीवी रेटिंग फ्रेमवर्क की निर्धारित शर्तों का पूरी तरह पालन कर रही है। हालांकि, कनेक्टेड टीवी (Connected TV–CTV) दर्शकों की माप करने की क्षमता को लेकर मंत्रालय की निगरानी अभी जारी है।
भारत में टीवी देखने का तरीका तेजी से बदल रहा है। दर्शक अब केवल केबल और डीटीएच के जरिए टीवी चैनल नहीं देखते, बल्कि स्मार्ट टीवी और इंटरनेट आधारित प्लेटफॉर्म पर भी कंटेंट देख रहे हैं। ऐसे में टीवी ऑडियंस मापन प्रणाली में इन सभी माध्यमों को शामिल करना जरूरी हो गया है।
सरकार की टीवी रेटिंग पॉलिसी 2026 में केबल, डीटीएच, ओटीटी और कनेक्टेड टीवी सहित सभी प्लेटफॉर्म पर तकनीक-निरपेक्ष ऑडियंस मापन की व्यवस्था करने की आवश्यकता रखी गई है। इस नीति का उद्देश्य टीवी दर्शकों की बदलती आदतों को रेटिंग सिस्टम में सही तरीके से शामिल करना है।
CTV मापन को लेकर मंत्रालय पहले भी BARC को निर्देश दे चुका है। अक्टूबर 2025 में MIB ने कनेक्टेड टीवी दर्शकों को ऑडियंस मापन प्रणाली में शामिल करने पर जोर दिया था। उस समय भारत में CTV इकोसिस्टम करीब 4 करोड़ घरों तक पहुंचने का अनुमान था।
27 मार्च 2026 को अधिसूचित नई टीवी रेटिंग पॉलिसी ने इस आवश्यकता को औपचारिक रूप दिया। वहीं, अक्टूबर 2026 में TRAI ने भी इंटरनेट आधारित प्लेटफॉर्म के जरिए टीवी चैनल देखने की गतिविधियों को ऑडियंस मापन प्रणाली का हिस्सा बनाने की सिफारिश की।
BARC के सामने चुनौती केवल दर्शकों की संख्या दर्ज करने की नहीं है। उसे अलग-अलग ऑपरेटिंग सिस्टम, ऐप्स और डिवाइस पर होने वाली व्यूइंग को समझने के साथ पारंपरिक टीवी और स्ट्रीमिंग गतिविधियों के बीच अंतर भी पहचानना होगा।
नई नीति के तहत रेटिंग एजेंसियों को अपने मीटर वाले घरों का पैनल बढ़ाकर 80,000 करना, स्वतंत्र ऑडिट लागू करना और बोर्ड में कम से कम 33% स्वतंत्र प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना होगा।
इसके अलावा, BARC की ओनरशिप संरचना, क्रॉस-मीडिया मापन क्षमता और अपडेटेड Broadcast India Study की कमी जैसे मुद्दे भी मंत्रालय की समीक्षा का हिस्सा हैं।
BARC में इंडियन ब्रॉडकास्टिंग एंड डिजिटल फाउंडेशन की 60% हिस्सेदारी है, जबकि एडवरटाइजिंग एजेंसीज एसोसिएशन ऑफ इंडिया और इंडियन सोसाइटी ऑफ एडवरटाइजर्स के पास 20-20% हिस्सेदारी है।
सरकार का लक्ष्य ऐसी ऑडियंस मापन प्रणाली तैयार करना है, जो स्वतंत्र, पारदर्शी और बदलते मीडिया व्यवहार के अनुरूप हो। इसलिए BARC के अनुपालन दावे के बावजूद CTV मापन की तैयारी अभी अहम जांच का विषय बनी हुई है।
ध्रुव धवन एमेजॉन ऐड्स से जुड़ने जा रहे हैं। इससे पहले वह द ट्रेड डेस्क में भारत के वाइस प्रेसिडेंट रेवेन्यू थे और टेक्नोलॉजी, मीडिया तथा टेलीकॉम क्षेत्र में 20 साल का अनुभव रखते हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
ध्रुव धवन (Dhruv Dhawan) एमेजॉन ऐड्स (Amazon Ads) से जुड़ने जा रहे हैं। एक्सचेंज4मीडिया (exchange4media) को इस नियुक्ति की जानकारी कई सूत्रों से मिली है।
इससे पहले धवन द ट्रेड डेस्क (The Trade Desk) में भारत के लिए वाइस प्रेसिडेंट – रेवेन्यू (Vice President, Revenue) के पद पर कार्यरत थे। वह अप्रैल 2025 में कंपनी से जुड़े थे। इस भूमिका में वह भारत में बिजनेस डेवलपमेंट, क्लाइंट पार्टनरशिप और रेवेन्यू मैनेजमेंट की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
द ट्रेड डेस्क से पहले धवन डिज्नी+ हॉटस्टार (Disney+ Hotstar) में हेड ऑफ ऐड्स (Head of Ads) थे। वहां उन्होंने भारत में कंपनी के विज्ञापन कारोबार का नेतृत्व किया।
उनकी जिम्मेदारियों में स्पोर्ट्स और एंटरटेनमेंट बिजनेस की ग्रोथ, गो-टू-मार्केट टीमों, सॉल्यूशन सेलिंग, प्राइसिंग और क्रिएटिव सॉल्यूशंस शामिल थे। इसके अलावा, उन्होंने एड-टेक पार्टनरशिप, एड ऑपरेशंस और बी2बी मार्केटिंग से जुड़े काम भी संभाले।
धवन इससे पहले नौ साल से अधिक समय तक गूगल (Google) के साथ जुड़े रहे। वह भारती एयरटेल (Bharti Airtel) और एक्सेंचर (Accenture) में भी काम कर चुके हैं।
ध्रुव धवन को टेक्नोलॉजी, मीडिया और टेलीकॉम सेक्टर में 20 साल से अधिक का अनुभव है। अपने करियर में उन्होंने ग्रोथ स्ट्रैटेजी तैयार करने, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन को आगे बढ़ाने और टीमों के निर्माण से जुड़े काम किए हैं।