होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / दैनिक जागरण के पत्रकार पर हमले के मामले में आई राहत भरी खबर
दैनिक जागरण के पत्रकार पर हमले के मामले में आई राहत भरी खबर
शराब माफिया के खिलाफ खबर छापने के विरोध में 28 जुलाई की रात बाइक सवार बदमाशों ने पत्रकार को मार दी थी गोली
पंकज शर्मा 6 years ago
शराब माफिया के खिलाफ खबर छापने के विरोध में बिहार के मधुवनी में बदमाशों के निशाने पर आए दैनिक जागरण के पत्रकार प्रदीप मंडल की हालत में सुधार हो रहा है। बदमाशों की गोली से घायल प्रदीप मंडल (24) का दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) के आईसीयू में इलाज चल रहा है। अच्छी खबर ये है कि इस घटना के करीब छह दिन बाद प्रदीप ने पानी और जूस पीया।
वहीं, मामले की जांच में जुटी पुलिस को भी थोड़ी सफलता मिली है। दरअसल, 28 जुलाई को प्रदीप पर गोली चलाने के दौरान बदमाशों द्वारा जिस बाइक का इस्तेमाल किया गया था, पुलिस ने उसे भैरवस्थान थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया है। हालांकि, जिस पिस्टल से प्रदीप पर गोली चलाई गई थी, वह अभी पुलिस के हाथ नहीं लगी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच में जुटी पुलिस को शक है कि इस मामले में सुशील शाह और अशोक कामत नामक जिन दो व्यक्तियों को आरोपित किया गया है, उनके अलावा भी इस घटना में कुछ अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस को यह शक इसलिए भी है कि यह बाइक नाजमद आरोपितों की न होकर किसी अन्य व्यक्ति की है। इसके अलावा किसी तीसरे व्यक्ति द्वारा ही आरोपितों को पिस्टल मुहैया कराई गई थी। बता दें कि सुशील शाह को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अशोक कामत न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद प्रदीप मंडल को अंगरक्षक मुहैया कराया जाएगा।
टैग्स दैनिक जागरण पत्रकार पर हमला प्रदीप मंडल