होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकार विक्रम जोशी हत्याकांड में पुलिस ने उठाया अब ये कदम
पत्रकार विक्रम जोशी हत्याकांड में पुलिस ने उठाया अब ये कदम
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में पिछले दिनों हुई पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या के मामले में स्थानीय पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में पिछले दिनों हुई पत्रकार विक्रम जोशी की हत्या के मामले में स्थानीय पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गाजियाबाद के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने इस हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपित आकाश बिहारी के ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इसके अलावा पुलिस ने आकाश बिहारी के खिलाफ कोर्ट से गैरजमानती वारंट भी प्राप्त कर लिया है। पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है।
बता दें कि 20 जुलाई की रात बदमाशों ने गाजियाबाद के विजयनगर इलाके में बीच सड़क पर विक्रम जोशी को गोली मार दी थी। बदमाशों की गोली सिर में लगने पर गंभीर हालत में विक्रम जोशी को गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर इलाज के दौरान बुधवार की सुबह उनकी मौत हो गई थी। पुलिस का कहना है कि आकाश बिहारी भी इस हत्याकांड में शामिल था। इस घटना के बाद से वह फरार चल रहा है।
हमले की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया था कि विक्रम जोशी अपनी दो बेटियों के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोली मार दी। करीब 5-6 बदमाशों ने पहले विक्रम जोशी को घेरा और फिर उनके साथ मारपीट की, बाद में विक्रम जोशी को गोली मारकर फरार हो गए। पिता को घायल देख बेटी मदद की गुहार लगाती रही।
वहीं, विक्रम जोशी के भाई अनिकेत जोशी ने बताया था, ‘कुछ दिन पहले उनकी भांजी के साथ कुछ लड़के छेड़खानी कर रहे थे, जिसका विरोध उनके भाई विक्रम जोशी ने किया था। 16 जुलाई को विक्रम जोशी ने इसकी तहरीर थाने में भी दी थी और इसके अगले ही दिन, एसएसपी ऑफिस में एप्लीकेशन दी गई थी। इसके बाद सोमवार को उन लोगों ने मेरे भाई पर हमला कर दिया।‘
विक्रम जोशी एक स्थानीय अखबार में कार्यरत थे। पुलिस ने इस मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया है, वहीं लापरवाही बरतने पर विजय नगर एसएचओ और प्रताप विहार चौकी इंचार्ज को निलंबित भी किया जा चुका है। इस मामले में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विक्रम जोशी के परिजनों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने विक्रम जोशी की पत्नी को नौकरी और बच्चों की निशुल्क पढ़ाई का इंतजाम करने के भी निर्देश दिए हैं।
टैग्स पत्रकार पत्रकार की मौत पत्रकार पर हमला गाजियाबाद विक्रम जोशी इनाम आकाश बिहारी