होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / नोएडा में पत्रकारों के लिए लगा वैक्सीनेशन कैंप, एनबीए ने जताया सीएम का आभार
नोएडा में पत्रकारों के लिए लगा वैक्सीनेशन कैंप, एनबीए ने जताया सीएम का आभार
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पत्रकारों को फ्रंटलाइन वर्कर्स घोषित कर उन्हें कोरोना वैक्सीनेशन में प्राथमिकता देने का फैसला लिए जाने के बाद नोएडा में सोमवार को वैक्सीनेशन कैंप लगाया गया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा पत्रकारों को फ्रंटलाइन वर्कर्स घोषित कर उन्हें कोरोना वैक्सीनेशन में प्राथमिकता देने का फैसला लिए जाने के बाद नोएडा में सोमवार को कोरोना वैक्सीनेशन कैंप लगाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नोएडा के इंदिरा गांधी कला केंद्र में लगाए गए इस निशुल्क कैंप में इंडिया टीवी, एबीपी, टीवी टुडे और न्यूज24 समेत तमाम मीडिया संस्थानों के कई पत्रकारों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली।
इस मौके पर गौतमबुद्ध नगर से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। प्रदेश सरकार की इस पहल पर निजी टेलिविजन न्यूज चैनल्स का प्रतिनिधित्व करने वाले समूह ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन’ (NBA) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद दिया है।
बता दें कि इस बारे में ‘एनबीए समेत कई संगठनों ने मुख्यमंत्री को एक पत्र भी लिखा था। एनबीए प्रेजिडेंट रजत शर्मा की ओर से मुख्यमंत्री को लिखे गए एक लेटर में एनबीए का कहना था कि सभी मीडियाकर्मियों को वैक्सीनेशन की बहुत आवश्यकता है। ऐसे में निवेदन है कि उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से इन सभी मीडियाकर्मियों और उनके परिवारवालों के लिए वैक्सीन उपलब्ध करा दी जाए, तो अच्छा रहेगा। अपने लेटर में एनबीए का यह भी कहना था कि मीडिया संस्थानों की तरफ से हम इसका पूरा खर्चा उठाने के लिए तैयार हैं।
इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना के खिलाफ जंग में पत्रकारों, जजों, सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों को फ्रंटलाइन वर्कर घोषित करते हुए मीडियाकर्मियों को वैक्सीनेशन में प्राथमिकता देने का फैसला लिया था। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए थे कि मीडियाकर्मियों को वैक्सीनेशन में प्राथमिकता दी जाए। उनके लिए अलग सेंटर अलॉट किए जाएं और जरूरत हो तो उनके कार्य स्थलों पर जाकर निर्धारित मानकों को पूरा करते हुए उनके 18 साल से ऊपर के परिजनों को फ्री वैक्सीनेशन किया जाए।
गौरतलब है कि देश में कोरोना की दूसरी लहर बेहद भयावह रूप ले रही है, जिसके साथ ही यह आए दिन नए रिकॉर्ड भी बना रही है। इस बीच कोरोना के खिलाफ जंग में तमाम पत्रकार अपनी जान जोखिम में डालकर रिपोर्टिंग कर रहे हैं और तमाम अपडेट्स लोगों तक पहुंचा रहे हैं। ऐसे में देश में कई स्थानों पर पत्रकार कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं और कई तो कोरोना से लड़ते हुए जिंदगी की जंग भी हार गए हैं। लिहाजा, इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड समेत कई राज्यों ने पत्रकारों को फ्रंटलाइन वर्कर्स घोषित कर उन्हें कोरोना वैक्सीनेशन में प्राथमिकता देने का फैसला किया है।
टैग्स पत्रकार मीडिया एनबीए योगी आदित्यनाथ रजत शर्मा न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एसोसिएशन कोरोना कोविड-19 सीएम यूपी फ्री वैक्सीनेशन