होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / कवरेज के दौरान महिला पत्रकार संग हुआ कुछ ऐसा, पुलिस तक पहुंचा मामला
कवरेज के दौरान महिला पत्रकार संग हुआ कुछ ऐसा, पुलिस तक पहुंचा मामला
महिला पत्रकार की शिकायत पर पुलिस ने घटना की विडियो फुटेज सुरक्षित रखकर मामले की जांच शुरू कर दी है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
महिला पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की खबर एक बार फिर सामने आई है। यह घटना ओडिशा के भुवनेश्वर के बोमिखल की है, जहां अवैध पार्किंग करने और ज्यादा शुल्क वसूलने की घटना की खबर करने गई एक महिला पत्रकार पर मॉल के कर्मचारियों ने कथित रूप से हमला कर दिया। बता दें कि महिला पत्रकार के साथ-साथ उनके कैमरामैन को भी निशाना बनाया गया।
महिला पत्रकार स्वाति जैना ने इस मामले की शिकायत शहीद नगर पुलिस स्टेशन में की। अपनी शिकायत में पत्रकार ने आरोप लगाया कि मॉल के कर्मचारियों ने न केवल बदसलूकी की, बल्कि उनका कैमरा भी तोड़ दिया। पत्रकार का यह भी आरोप है कि मॉल के कर्मचारियों ने उन्हें व उनके कैमरामैन को जान से मारने की धमकी भी दी और कमरे में बंद कर दिया। साथ ही भद्दी-भद्दी गालियां भी दीं।
वहीं इस मामले में भुवनेश्वर पुलिस कमिश्नर कार्यालय ने कहा कि महिला पत्रकार के ऊपर हमले की रिपोर्ट शहीद नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज कर ली गई है और सभी विडियो फुटेज को सुरक्षित रख लिया गया है। पुलिस कमिश्नर कार्यालय का कहना है कि प्रक्रिया के हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि ओडिशा में महिला पत्रकार पर हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी एक महिला पत्रकार पर हमला हो चुका है। तब हमले का आरोप बीजू जनता दल (बीजेडी) के केंद्रपाड़ा से सांसद अनुभव मोहंती, उनके छोटे भाई अनुप्रास और सांसद की पत्नी वर्षा प्रियदर्शनी पर लगा था, जिसके बाद पुलिस ने इन सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।
यह घटना तब हुई थी जब महिला पत्रकार सश्मिता आचार्य सांसद के भाई द्वारा की गई भद्दी टिप्पणियों की शिकायत करने उनके आवास पर पहुंची थीं। हालांकि शिकायत के बाद सांसद ने अपने और परिवार के सदस्यों पर लगे आरोपों को खारिज किया था।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक,ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स महिला पत्रकार पत्रकार पर हमला पत्रकार से दुर्व्यवहार पत्रकार से मारपीट स्वाति जैन