होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / इस तरह की फुटेज पर दूरदर्शन के पास नहीं है कॉपीराइट का अधिकार
इस तरह की फुटेज पर दूरदर्शन के पास नहीं है कॉपीराइट का अधिकार
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने यह स्पष्ट कर दिया है कि दूरदर्शन (डीडी) के पास इसरो फुटेज पर कोई अधिकार नहीं है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने यह स्पष्ट कर दिया है कि दूरदर्शन (डीडी) के पास इसरो फुटेज पर कोई अधिकार नहीं है, बल्कि वह सभी रॉकेट/ सैटेलाइट के लॉन्च प्रसारण का निर्माता है, जिसे डीडी अपने सोशल मीडिया हैंडल और आधिकारिक वेबसाइट पर प्रसारित करता है।
दरअसल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी ISRO ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत उठाए गए सवालों के जवाब में यह बात कही है।
बता दें कि दूरदर्शन (डीडी) ने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी पर ध्यान केंद्रित करने वाले उन यूट्यूब चैनल्स के खिलाफ कॉपीराइट के दावे किए हैं, जो कि इसरो के रॉकेट लॉन्च के विजुअल्स का प्रयोग करते हैं। एक यूट्यूब अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी चैनल के प्रमोटर ने यह बात कही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गैरीब साइंटिस्ट चैनल के प्रमोटर ने नाम न छापने की शर्त पर एक न्यूज एजेंसी से कहा, डीडी ने गैरीब साइंटिस्ट के खिलाफ कॉपीराइट का दावा किया है। उन्होंने कहा कि डीडी ने विदेशी चैनल्स के खिलाफ कॉपीराइट उल्लंघन का दावा किया है और कुछ चैनल्स ने तो भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के रॉकेट लॉन्च को रोकने का फैसला किया है।
उनके अनुसार, एक ब्रिटिश यूट्यूबर मैट लोवने ने एक ट्वीट में कहा है कि उन्होंने इसरो रॉकेट लॉन्च को कवर नहीं करने का फैसला किया है, क्योंकि लॉन्च की तस्वीरें जाहिर तौर पर उनके कॉपीराइट का उल्लंघन करती हैं।
इसके बाद भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत उठाए गए सवालों के जवाब में यह बात स्पष्ट कर दी है कि डीडीओ के पास इसरो फुटेज पर कोई अधिकार नहीं है। हालांकि, डीडी सरकारी इकाई होने के नाते श्रीहरिकोटा से इसरो के प्रसारण का समर्थन करता है। अंतरिक्ष एजेंसी ने यह भी स्पष्ट रूप से कहा कि डीडी के पास इसरो द्वारा निर्मित स्वतंत्र एनिमेशन पर अधिकार नहीं है।
वहीं जब इसरो से यह सवाल किया गया कि क्या ISRO की रॉकेट लॉन्च फुटेज सार्वजनिक क्षेत्र में स्वतंत्र रचनाकारों के लिए मुफ्त में उपलब्ध है और क्या शैक्षिक उद्देश्यों के लिए इन फुटेज को इस्तेमाल करने वाले चैनल्स पर डीडी कॉपीराइट रेवेन्यू का दावा कर सकता है, तो इस सवाल पर भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी ने जवाब दिया कि सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध ISRO लॉन्च की सामग्री विभाग की अनुमति के साथ ही कोई भी व्यक्ति गैर-वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल कर सकता है। इसरो ने यह भी कहा कि उसके और डीडी के बीच कोई लिखित अनुबंध नहीं है।
टैग्स दूरदर्शन इसरो रॉकेट लॉन्च फुटेज कॉपीराइट