होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / अभिनेत्री की इस याचिका पर दिल्ली HC ने MIB, PCI व प्रसार भारती को दिया नोटिस
अभिनेत्री की इस याचिका पर दिल्ली HC ने MIB, PCI व प्रसार भारती को दिया नोटिस
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में ड्रग्स एंगल की जांच के दौरान अपना नाम सामने आने के बाद अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में ड्रग्स एंगल की जांच के दौरान अपना नाम सामने आने के बाद अभिनेत्री रकुलप्रीत सिंह ने दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इस दौरान उन्होंने रिया चक्रवर्ती ड्रग मामले से उन्हें जोड़ने वाली मीडिया रिपोर्टिंग पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि मीडिया में चलाई जा रही खबरों के जरिए उनकी इमेज खराब करने की कोशिश की जा रही है।
रकुलप्रीत ने याचिका में कहा है कि रिया चक्रवर्ती मामले में उनका नाम सामने आने के बाद मीडिया ट्रायल शुरू हो गया है। रकुलप्रीत ने कोर्ट से गुहार लगाई है कि वह सूचना-प्रसारण मंत्रालय को निर्देश दें कि उनके खिलाफ मीडिया में कवरेज बंद की जाए।
अपनी याचिका में रकुलप्रीत ने बताया कि उन्हें शूटिंग के दौरान पता चला कि रिया चक्रवर्ती ने ड्रग्स मामले में उनका और सारा अली खान का नाम लिया है, जिसके बाद से मीडिया में उनको लेकर कई तरह की गलत खबरें चलाई जाने लगी हैं।
हालांकि उनकी इस याचिका पर जस्टिस नवीन चावला ने केंद्रीय सूचना-प्रसारण मंत्रालय, प्रसार भारती और प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया को नोटिस जारी किया तथा जवाब मांगा है। अदालत ने अधिकारियों से कहा कि वे अभिनेत्री रकुल की याचिका को अभिवेदन मानें और सुनवाई की अगली तारीख 15 अक्टूबर से पहले इस पर फैसला लें।
हाई कोर्ट ने कहा कि उसे उम्मीद है कि रिया चक्रवर्ती से जुड़े मामले में रकुलप्रीत सिंह से संबंधित खबरों में मीडिया संयम बरतेगा। कोर्ट ने उम्मीद जताई है कि याचिकाकर्ता से संबंधित खबरें बनाते वक्त मीडिया प्रतिष्ठान अपनी खबरों में संयम बरतेंगे, केबल टीवी नियमों, प्रोग्राम कोड तथा अन्य दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे।
अभिनेत्री ने अपनी याचिका में यह भी दावा किया है कि रिया चक्रवर्ती अपना वह बयान वापस ले चुकी है जिसमें उसने कथित तौर पर याचिकाकर्ता का नाम लिया था, उसके बावजूद मीडिया में आ रही खबरों में उन्हें इस मामले से जोड़ा जा रहा है। हाई कोर्ट में अभिनेत्री का प्रतिनिधित्व वकील अमन हिंगोरानी ने किया।
टैग्स मीडिया दिल्ली हाई कोर्ट रिपोर्टिंग मीडिया रिपोर्टिंग रकुलप्रीत सिंह सुशांत सिंह राजपूत