होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकार के साथ हुआ बड़ा हादसा, पुलिस ने जांच में इस पॉइंट को भी किया शामिल
पत्रकार के साथ हुआ बड़ा हादसा, पुलिस ने जांच में इस पॉइंट को भी किया शामिल
एक इवेंट को कवर करने के बाद स्कूटी से लौटते समय हुआ हादसा
पंकज शर्मा 6 years ago
संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रक से कुचलकर पत्रकार की मौत का मामला सामने आया है। असम के सिलचर इलाके में रविवार की रात यह हादसा हुआ। हादसे का शिकार हुए 43 वर्षीय मलिन शर्मा (Malin Sarma) ‘बराक टेलिविजन नेटवर्क’ (Barak Television Network) में रिपोर्टर थे। रविवार की रात करीब 11 बजे वह एक कार्यक्रम की कवरेज कर स्कूटी से तारापुर की ओर जा रहे थे। इस दौरान एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट मे ले लिया। ट्रक की टक्कर से मलिन शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
जानकारी मिलते ही स्थानीय पत्रकार मौके पर एकत्रित हो गए और घटना के विरोध में जाम लगा दिया। मलिन की मौत महज एक दुर्घटना थी अथवा सोची-समझी साजिश के तहत उनकी हत्या की गई है, पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस को मलिन शर्मा की स्कूटी से 25 हजार रुपए और एक जोड़ी ईयरिंग मिले हैं। मलिन के परिवार में पत्नी व एक बेटी है।
बता दें कि असम में बदमाश कई बार पत्रकारों को अपना निशाना बना चुके हैं। अप्रैल में ही तिनसुकिया इलाके में एक टीवी पत्रकार पर चार लोगों ने कथित रूप से हमला कर दिया था। उपासना बरुआ गोस्वामी नामक इस महिला पत्रकार पर उस समय हमला किया दया था, जब वह पति के साथ एक रेस्टोरेंट में गई थीं। इसके कुछ दिनों बाद ही जोरहाट इलाके में पांच अज्ञात लोगों ने एक टीवी पत्रकार पर हमला कर दिया था। हमले में राजीब बोरा नामक इस पत्रकार के सिर में गंभीर चोट आई थीं। यही नहीं, पिछले हफ्ते ही गुवाहटी के बेलटोला इलाके में दिनदहाड़े कुछ लोगों ने टीवी पत्रकार सुब्रत कालिटा (Subrata Kalita) पर हमला कर दिया था। हालांकि, बाद में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स पत्रकार की मौत प्रेस की स्वतंत्रता बराक टेलिविजन नेटवर्क मलिन शर्मा