होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / जानिए, क्यों न्यूज एजेंसी ANI को किया गया ट्रोल
जानिए, क्यों न्यूज एजेंसी ANI को किया गया ट्रोल
कोरोना वायरस पर अंकुश लगाने को लेकर सरकार तमाम कोशिशें कर रही हैं, बावजूद इसके अफवाहें बंद होने का नाम ही नहीं ले रहीं हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
कोरोना वायरस पर अंकुश लगाने को लेकर सरकार तमाम कोशिशें कर रही हैं, बावजूद इसके अफवाहें बंद होने का नाम ही नहीं ले रहीं हैं। वहीं इसी बीच न्यूज एजेंसी ‘एएनआई’ ने भी एक गलत सूचना दे दी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इस न्यूज एजेंसी को ट्रोल किया जाने लगा।
बता दें कि न्यूज एजेंसी 'एएनआई ने 7 अप्रैल को गौतम बुद्ध नगर के डीसीपी संकल्प शर्मा का हवाला देते हुए ट्वीट किया था कि, नोएडा के हरौला के सेक्टर 5 में जो तबलीगी जमात के सदस्यों के संपर्क में आए थे, उन्हें क्वारेंटाइन कर दिया गया है।'
वहीं, इसके बाद न्यूज एजेंसी के इस ट्विट को एएनआई की एडिटर स्मिता प्रकाश ने भी ट्विट करते हुए लिखा था कि नोएडा में सुरक्षित रहें।
हालांकि जैसे ही इस ट्वीट की जानकारी, नोएडा के डीसीपी को लगी उन्होंने तुरंत ही ट्वीट का खंडन किया और इसे गलत बताया। डीसीपी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एएनआई को टैग करते हुए लिखा कि, 'ऐसे लोग जो कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए थे, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार क्वारेंटाइन किया गया। तब्लीगी जमात का जिक्र नहीं था। आप गलत हवाला देते हुए फर्जी खबरें फैला रहे हैं।'
हालांकि इसके बाद अपनी गलती सुधारते हुए ANI ने ट्वीट को डिलीट कर दिया और एक अन्य ट्वीट किया। इसमें 'गौतम बुद्ध नगर के डीसीपी संकल्प शर्मा के हवाले से लिखा कि, सुधार- सेक्टर 5 हरौला, (नोएडा) में जो कोरोना पॉजिटिव मामले में संपर्क में आए थे, उन्हें क्वारेंटाइन किया गया है।'
लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और न्यूज एजेंसी लोगों के निशाने पर आ गई थी। लोगों ने एजेंसी को ट्रोल करना शुरू कर दिया।
टैग्स फेक न्यूज एएनआई कोरोना वायरस तब्लीगी जमात