होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / TRAI के नए टैरिफ ऑर्डर को लेकर अब फंसा नया पेंच
TRAI के नए टैरिफ ऑर्डर को लेकर अब फंसा नया पेंच
‘टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ (ट्राई) द्वारा नए टैरिफ ऑर्डर-2.0 (NTO 2.0) को लागू किए जाने के मामले में एक बार फिर पेंच फंस गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
‘टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ (ट्राई) द्वारा नए टैरिफ ऑर्डर-2.0 (NTO 2.0) को लागू किए जाने के मामले में एक बार फिर पेंच फंस गया है। इस बार कोरोना वायरस के खौफ के कारण ऐसा हुआ है। बताया जाता है कि ब्रॉडकास्टर और डिस्ट्रीब्यूशन ऑपरेटर्स पुरानी डील्स के अनुसार ही काम कर रहे हैं, जो 31 मार्च तक वैध हैं। वहीं, कंज्यूमर्स को भी चैनल के पुराने बुके (bouquets) ही मिल रहे हैं, क्योंकि यह मामला अभी भी बॉम्बे हाई कोर्ट में लंबित है, जिस पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।
सूत्रों का कहना है कि नए टैरिफ ऑर्डर को फिलहाल लागू किया जाना काफी मुश्किल है, क्योंकि देश के अधिकतर शहरों में लॉकडाउन (LOCKDOWN) है और ऐसे में केबल ऑपरेटर्स नए नियमों के बारे में कंज्यूमर्स को बता नहीं पा रहे हैं। बता दें कि ‘ट्राई’ ने न्यू टैरिफ ऑर्डर-2 (NTO 2.0) लागू करने के आदेश दिए हैं, जिसके चलते ब्रॉडकास्टिंग कंपनियों को नए प्लान्स अब नई दरों पर लागू करने हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को इन प्लान्स को समझाने की जिम्मेदारी सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स पर आ गई है।
इस बीच ‘महाराष्ट्र केबल ऑपरेटर्स फेडरेशन’ (MCOF) ने ट्राई को ई-मेल भेजकर न्यू टैरिफ ऑर्डर-2 के क्रियान्वयन को लेकर वक्त मांगा है। MCOF का कहना है कि सामान्यत: लोकल केबल ऑपरेटर्स को पोस्टपेड सबस्क्राइबर्स से कलेक्शन के लिए और केबल संबंधी उनकी समस्या को दूर करने के उनके घर जाना पड़ता है। ऐसे में केबल ऑपरेटर्स को घर-घर भेजना न सिर्फ उनके लिए, बल्कि परिवार वालों के लिए भी एक बड़ा खतरा है। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जहां लोग एक-दूसरे से दूरी बनाने पर जोर दे रहे हैं, ऐसे में न्यू टैरिफ ऑर्डर को फिलहाल लागू करना काफी मुश्किल लग रहा है।
MCOF ने ट्राई से अनुरोध किया है कि जब तक चीजें व्यवस्थित नहीं हो जातीं, तब तक NTO 2.0 के कार्यान्वयन को टाल दें। वहीं, MCOF के ई-मेल का जवाब देते हुए ट्राई का कहना है, ‘हमने इस मामले को फिलहाल रोक दिया है और आवश्यक होने पर स्टेकहोल्डर्स के हित में सभी उचित कदम उठाए जाएंगे।’ गौरतलब है कि ट्राई के ऑर्डर के अनुसार नए टैरिफ ऑर्डर-2 एक मार्च से प्रभाव में आने थे। इस बारे में सभी स्टेकहोल्डर्स को नए कीमतें अपनी वेबसाइट्स पर पब्लिश करनी थीं।
सूत्रों का कहना है कि कई ब्रॉडकास्टर्स यहां तक कि डिस्ट्रीब्यूशन प्लेटफॉर्म ऑपरेटर्स (DPOs) ने भी संशोधित दरों को पब्लिश किया है और नए बुके भी पेश किए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अभी कुछ भी नहीं हुआ है। चूंकि भारत समेत पूरी दुनिया कोरोना वायरस के खतरे से जूझ रही है, ऐसे में न्यू टैरिफ ऑर्डर-2 को लागू होने में लंबा समय लग सकता है।
टैग्स ट्राई भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण टेलिकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया न्यू टैरिफ ऑर्डर 2.0 कोरोना वायरस कोविड-19