होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / कोरोना वायरस की लाइव रिपोर्टिंग पर महिला पत्रकार को 4 साल की जेल
कोरोना वायरस की लाइव रिपोर्टिंग पर महिला पत्रकार को 4 साल की जेल
चीन के वुहान में कोरोना वायरस पर कई बड़े खुलासे करने वाली देश की सिटिजन जर्नलिस्ट झांग झान को चार साल की सजा सुनाई गई है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
चीन के वुहान में कोरोना वायरस पर कई बड़े खुलासे करने वाली देश की सिटिजन जर्नलिस्ट झांग झान को चार साल की सजा सुनाई गई है। झान को 'झगड़ा करने' और 'समस्याओं को उकसाने' का दोषी पाया है, जिसके चलते सोमवार को शंघाई की एक अदालत ने उन्हें यह सजा सुनाई है।
37 वर्षीय पत्रकार और वकील झांग ने चीन के शहर वुहान में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आने पर यहां आकर लाइवस्ट्रीम रिपोर्टिंग की थी। उस समय तक कोरोना वायरस वुहान को बुरी तरह अपनी चपेट में ले चुका था। झांग को रिपोर्टिंग के दौरान झगड़ा करने और कोरोना के संबंध में लोगों को भड़काने का दोषी करार दिया गया, जिसके बाद उन्हें चार साल की सजा दी गई है।
फरवरी में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी लाइव रिपोर्ट और निबंध बड़े स्तर पर शेयर किये गए जिसके चलते अधिकारियों का ध्यान उनकी तरफ गया।
फरवरी में उन्होंने लिखा था कि सरकार ने लोगों को पर्याप्त जानकारी नहीं दी और शहर में लॉकडाउन लगा दिया। अभी तक सरकार ने 8 नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने कोरोना को रोकने के संदर्भ में सरकार के ढुलमुल रवैये की आलोचना की थी।
बता दें कि चीन में मीडिया आजाद नहीं है और उन पत्रकारों को हमेशा निशाना बनाया जाता है जो सरकार को असहज करने वाली रिपोर्टिंग करते हैं। रिपोर्टिंग के कुछ ही महीनों बाद मई में झांग गायब हो गई थीं। बाद में बताया गया कि उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
टैग्स चीन कोरोना वायरस वुहान सिटिजन जर्नलिस्ट झांग झान