होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / PM मोदी का बिलासपुर दौरा: पत्रकारों से मांगे गए चरित्र प्रमाण पत्र के आदेश पर यू-टर्न
PM मोदी का बिलासपुर दौरा: पत्रकारों से मांगे गए चरित्र प्रमाण पत्र के आदेश पर यू-टर्न
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की कवरेज को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा पत्रकारों से चरित्र प्रमाण पत्र मांगने का फरमान जारी कर दिया गया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को कुल्लू की दशहरा यात्रा में शामिल होंगे। उसी दिन वह बिलासपुर एम्स का शिलान्यास और रैली करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में तैयारियां पूरे जोर-शोर से हो रही हैं। लिहाजा, इस बीच प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम की कवरेज को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा पत्रकारों से चरित्र प्रमाण पत्र (Character Certificate) मांगने का फरमान जारी कर दिया गया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया। चरित्र प्रमाण पत्र मांगने का पता चलते ही हिमाचल की भाजपा सरकार की चौतरफा आलोचना होने लगी और इस फरमान से पुलिस प्रशासन बैकफुट पर आ गया। मामला तूल पकड़ता देख प्रशासन को अब अपना यह फरमान वापस लेना पड़ा है।
डीजीपी संजय कुंडू ने इस बारे में ट्वीट के जरिए कहा कि मंगलवार को प्रधानमंत्री की रैली की कवरेज के लिए पत्रकारों का स्वागत है। उन्होंने कहा कि हिमाचल पुलिस की तरफ से उन्हें पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने किसी तरह की असुविधा के लिए खेद जताया और इस आदेश को वापस ले लिया।
The letter written SP Bilaspur stands withdrawn.
— Sanjay Kundu, IPS (@sanjaykunduIPS) October 4, 2022
Any inconvenience caused is regretted.
Journalists are cordially invited to cover Hon’ble PM’s visit to H.P.
Shall extend cooperation and facilitate their coverage. @thetribunechd @htTweets @CMOFFICEHP @timesofindia pic.twitter.com/NxsuLdsMZL
दरअसल, पहले खबर आयी थी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस एक दिवसीय यात्रा को सभी पत्रकार कवर नहीं कर सकेंगे। सिर्फ वही प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को कवर कर सकेंगे, जो अपना चरित्र प्रमाणपत्र (character certificate ) देंगे।
बताया जा रहा था कि इस तरह का आदेश स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से जारी किया गया था। स्थानीय पुलिस प्रशासन के इस आदेश में न केवल निजी स्वामित्व वाले प्रिंट, डिजिटल और न्यूज चैनल के पत्रकारों को रखा गया था, बल्कि ऑल इंडिया रेडियो (AIR) और दूरदर्शन सहित राज्य द्वारा संचालित सभी मीडिया के प्रतिनिधियों को ‘चरित्र सत्यापन’ के लिए सर्टिफिकेट लाने को कहा गया था। इस सिलसिले में पुलिस द्वारा 29 सितंबर, 2022 को अधिसूचना भी जारी की गई थी।
इस अधिसूचना में जिला जनसंपर्क अधिकारी (DPRO) को सभी प्रेस संवाददाताओं, फोटोग्राफरों, वीडियोग्राफरों और दूरदर्शन व आकाशवाणी (AIR) की टीमों की सूची के साथ-साथ उनके चरित्र सत्यापन का प्रमाण पत्र भी देने को कहा गया था।
अधिसूचना में कहा गया था कि चरित्र सत्यापन का प्रमाण पत्र बिलासपुर में सीआईडी के पुलिस उपाधीक्षक के ऑफिस से 1 अक्टूबर, 2022 तक हर हाल में मिल जाना चाहिए। इसके बाद ही रैली या बैठक में उनके शामिल होने पर फैसला कार्यालय द्वारा लिया जाएगा।
विडंबना यह थी कि जहां पत्रकारों को चरित्र सत्यापन के सर्टिफिकेट देने के लिए कहा जा रहा था, वहीं रैली में शामिल होने के लिए लाए जाने वाले हजारों लोगों को किसी से चरित्र प्रमाण पत्र नहीं मांगे गए थे।
टैग्स पत्रकार मोदी प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश चरित्र प्रमाण पत्र कवर पीएम कार्यक्रम