होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / गृह मंत्रालय ने विदेशी पत्रकारों को दी ये अनुमति
गृह मंत्रालय ने विदेशी पत्रकारों को दी ये अनुमति
केंद्र सरकार ने भारत में ऐसे विदेशी पत्रकारों को अपने परिजनों के साथ भारत आने की अनुमति दे दी है, जिनके पास देश में प्रवेश करने के लिए वैध वीजा है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
केंद्र सरकार ने भारत में ऐसे विदेशी पत्रकारों को अपने परिजनों के साथ भारत आने की अनुमति दे दी है, जिनके पास देश में प्रवेश करने के लिए वैध वीजा है। सरकार ने 5 महीने बाद विदेशी पत्रकारों को भारत आने की अनुमति दी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मंगलवार को एक एडवाइजरी जारी कर इस बात की जानकारी दी है।
मंत्रालय ने कहा कि जे-1 वीजा रखने वाले पत्रकार और J1-X वीजा रखने उनके आश्रितों को भारत में आने की अनुमति होगी। ये सुविधा तत्काल प्रभाव से बहाल की जा रही है।
जारी की गई एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि जिन विदेशी पत्रकारों के पास वैध वीजा है और वे लॉकडाउन के पहले देश से चल गए थे और प्रतिबंधों के कारण वापस नहीं आ पाए थे, वे अब एक बार फिर देश में प्रवेश कर सकेंगे। गृह मंत्रालय ने ये भी कहा कि यदि इस तरह के वीजा की वैधता समाप्त हो गई है तो वे भारतीय दूतावासों से नए सिरे से जे-1 या जे-1 एक्स वीजा हासिल कर सकते हैं।
गृह मंत्रालय द्वारा यह भी फैसला लिया गया है कि आव्रजन चेक पोस्ट के जरिए भारत आने वाले यात्री ट्रैफिक पर मौजूदा पाबंदियां विदेशी नागरिकों की इन श्रेणियों पर लागू नहीं होंगी। हालांकि, कोरोना से जुड़े विषयों में स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।
गौरतलब है कि सरकार ने अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी और फ्रांस प्रवासी भारतीय नागरिक (ओसीआई) कार्ड धारकों को भारत आने की इजाजत पहले ही दे दी है। इन देशों के साथ भारत ने विशेष हवाई यात्रा समझौता किया है। इन देशों के अन्य विदेशियों को भी व्यापार, मेडिकल उद्देश्यों के लिए वीजा सुविधा हासिल करने की इजाजत दी गई है।
टैग्स वीजा भारत सरकार विदेशी पत्रकार गृह मंत्रालय