मीडिया इंडस्ट्री से जुड़े कुछ ऐसे बड़े न्यूज एंकर्स की, जिनके लिए साल 2022 उनके करियर के लिहाज से एक अच्छी सौगात दे गया।
by
विकास सक्सेना
कुछ अच्छी-बुरी यादों के साथ साल 2022 बीतने वाला है। एक नया साल, नई उम्मीदों के साथ आपके जीवन में दस्तक देने को तैयार खड़ा है, लिहाजा साल 2023 के आने का लोगों को बेसब्री से इंतजार है। लेकिन यहां बात करेंगे मीडिया इंडस्ट्री से जुड़े कुछ ऐसे बड़े न्यूज एंकर्स की, जिनके लिए यह बीता हुआ साल उनके करियर के लिहाज से एक अच्छी सौगात दे गया है। आइए, यहां ऐसे ही कुछ बड़े न्यूज एंकर्स के बारे में जानते हैं-
ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकार हुईं निधि राजदान की एक साल से ज्यादा समय बाद यानी इस साल फरवरी में 'एनडीटीवी 24ंंX7' चैनल पर वापसी हुई थी। दरअसल, पिछले साल जून में निधि राजदान का एक ट्वीट सामने आया था, जिसमें उन्होंने घोषणा की थी कि वह ‘एनडीटीवी’ में 21 साल की अपनी पारी को विराम देकर साल के अंत तक ‘हार्वर्ड यूनिवर्सिटी’ के फैकल्टी ऑफ आर्ट्स एंड साइंसेज में बतौर एसोसिएट प्रोफेसर अपनी पारी शुरू करने जा रही हैं। हालांकि, बाद में खुलासा हुआ था कि वह फिशिंग अटैक (ऑनलाइन धोखाधड़ी, जहां ईमेल के जरिये धोखा देकर सारी जानकारी ले ली जाती है) का शिकार हुई थीं।
जून में भारतीय पत्रकार मिताली मुखर्जी ‘रॉयटर्स इंस्टीट्यूट’ से जुड़ने की खबर सामने आयी। उन्हें ‘फॉर द स्टडी ऑफ जर्नलिज्म’ के पत्रकार कार्यक्रमों (जर्नलिस्ट प्रोग्राम्स) की डायरेक्टर के रूप में नियुक्त किया गया था। यह दुनियाभर में परिचर्चा, जुड़ाव और शोध के माध्यम से पत्रकारिता के भविष्य की खोज के लिये समर्पित एक अनुसंधान केंद्र है और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में राजनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग का हिस्सा है। हालांकि उन्होंने 1 सितंबर को अपना पदभार ग्रहण संभाला। मिताली मुखर्जी राजनीतिक अर्थव्यवस्था से जुड़ी पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में दो दशकों से अधिक का अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान, मिताली ‘द वायर’ (The Wire) और ‘मिंट’ (Mint) में कंसल्टिंग बिजनेस एडिटर की भूमिका निभा चुकी हैं। इससे पहले वह ‘सीएनबीसी टीवी18’ (CNBC TV18) में मार्केट्स एडिटर और ‘टीवी टुडे’ (TV Today) और ‘दूरदर्शन’ (Doordarshan) में प्राइम टाइम एंकर थीं। वह ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ओआरएफ) में फेलो रही हैं, जहां उन्होंने संगठन के लिए जेंडर इनिशिएटिव्स का नेतृत्व किया। मिताली ने दो स्टार्ट-अप की भी सह-स्थापना की है, जो सिविल सोसायटी और फाइनेंशियल लिट्रेसी पर केंद्रित हैं। मिताली ने अपनी पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 2001 में वह नई दिल्ली स्थित आईआईएमसी से टेलीविजन जर्नलिज्म में गोल्ड मेडलिस्ट हैं। साथ ही पॉलिटिकल साइंस में भी वह गोल्ड मेडलिस्ट हैं।
जून में ही खबर आयी कि जानी-मानी न्यूज एंकर सुरभि शर्मा ने हिंदी न्यूज चैनल ‘टीवी9 भारतवर्ष’ (TV9 Bharatvarsh) में बतौर एंकर और सीनियर एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर जॉइन किया। वह ‘इंडिया टीवी’ (India TV) में अपनी 18 साल पुरानी पारी को विराम देकर यहां पहुंची। ‘इंडिया टीवी’ में वह एंकर और सीनियर एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं। सुरभि शर्मा ने वर्ष 2004 में ‘इंडिया टीवी‘ जॉइन किया था। बतौर ट्रेनी रिपोर्टर ‘इंडिया टीवी‘ से शुरुआत करने वाली सुरभि शर्मा इस दौरान तमाम पदों पर अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए फिलहाल सीनियर एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर के पद पर काम कर रही थीं।पढ़ाई-लिखाई में सुरभि शर्मा ने ‘पंजाब यूनिवर्सिटी’ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन (बीएससी) की डिग्री ली है। मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली सुरभि शर्मा को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का करीब 20 साल का अनुभव है। उन्होंने वर्ष 2002 मे ‘जी मीडिया‘ में ‘सिटी केबल नेटवर्क्स’ (अब सिटी नेटवर्क्स) से पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत की थी।
जुलाई में ‘जी समूह’ (Zee Group) के हिंदी न्यूज चैनल ‘जी न्यूज’ (Zee News) के पूर्व एडिटर-इन-चीफ और सीईओ सुधीर चौधरी के बारे में एक बड़ी खबर सामने आई कि सुधीर चौधरी अब हिंदी न्यूज चैनल 'आजतक' (AajTak) के साथ अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। यहां पर वह बतौर कंसल्टिंग एडिटर अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि यह खबर सच साबित हुई और सुधीर चौधरी की नियुक्ति के बारे में ‘इंडिया टुडे’ समूह की वाइस चेयरपर्सन कली पुरी ने एक इंटरनल मेल भी जारी किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि आप सभी को मुझे यह बताते हुए काफी प्रसन्नता हो रही है कि सुधीर चौधरी ‘आजतक’ में बतौर कंसल्टिंग एडिटर जॉइन करने जा रहे हैं। इसके साथ ही सुधीर चौधरी और आजतक अपने 100 मिलियन व्युअर्स के लिए नया शो लाने की दिशा में जुटे हैं, जिसे सुधीर चौधरी होस्ट करेंगे। यह शो न्यूज डायरेक्टर सुप्रिय प्रसाद के निर्देशन में लाया जाएगा। हालांकि इसके बाद उन्होने 'ब्लैक&व्हाइट' शो शुरू किया, जो अब काफी लोकप्रिय हो गया है। टीवी पत्रकारिता में जाना-माना नाम सुधीर चौधरी करीब एक दशक से ‘जी’ के साथ जुड़े हए थे। इस मीडिया समूह में उनकी यह दूसरी पारी थी। इससे पहले अपने करियर के शुरुआती दिनों में उन्होंने ‘जी न्यूज‘ जॉइन किया था, लेकिन वर्ष 2003 में यहां से अलग होकर ‘सहारा समय‘ (Sahara Samay) जॉइन कर लिया था। इसके अलावा उन्होंने कुछ समय ‘इंडिया टीवी‘ (India TV) भी जॉइन किया था। वर्ष 2012 में वह ‘जी न्यूज‘ में वापस आ गए थे, जहां वह लोकप्रिय शो ‘डीएनए‘ (DNA) होस्ट करते थे।
वहीं, जुलाई में ही सीनियर न्यूज एंकर मीमांसा मलिक ने ‘जी न्यूज’ (Zee News) में अपनी करीब 24 साल पुरानी पारी को विराम दे दिया और इसके बाद ‘भारत24’ (Bharat24) चैनल जॉइन कर लिया, जहां उन्हें बतौर एग्जिक्यूटिव एडिटर/सीनियर एंकर अपनी जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला। ‘जी न्यूज‘ में बतौर सीनियर एंकर और प्रड्यूसर के तौर पर काम कर चुकीं मीमांसा इस मीडिया संस्थान के साथ वर्ष 1998 से जुड़ी हुईं थीं। यहां वह प्राइम टाइम न्यूज बुलेटिंस की एंकरिंग कर रही थीं, जिनमें ‘नॉनस्टॉप एट नाइन’ (Nonstop at Nine), ‘प्राइम टाइम स्पेशल’ (Prime Time Special), ‘मेट्रो न्यूज’ (Metro News) और स्पेशल न्यूज शो ‘जी हेल्पलाइन-हक का सवाल’ (Zee Helpline - Haq Ka Sawaal) शामिल थे। मीमांसा मलिक को पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए विभिन्न अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है, जिनमें राजधानी रत्न अवॉर्ड (2004), इंडियन टैली अवॉर्ड (2004), हरियाणा गौरव अवॉर्ड (2006) और महादेव ज्योति अंलकरण अवॉर्ड (2006) शामिल हैं। उन्हें डॉ. एस राधाकृष्णन मेमोरियल नेशनल मीडिया नेटवर्क अवॉर्ड से भी नवाजा जा चुका है।
जुलाई में ही यह भी खबर आयी कि टीवी न्यूज इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम अंजलि इस्टवाल ने 'एनडीटीवी इंडिया' से इस्तीफा दे दिया, जहां वह पिछले 19 वर्षों से कार्यरत थीं और सीनियर एडिटर की भूमिका में थीं। इसके बाद वह ‘आजतक’ के डिजिटल विंग के साथ बतौर सीनियर एडिटर जुड़ गईं। ‘आजतक’ में यह उनकी दूसरी पारी है। इससे पहले वह फरवरी 2001 से जनवरी 2003 तक ‘आजतक’ के साथ बतौर कॉरेस्पोंडेंट जुड़ी हुईं थीं, जहां उन पर हेल्थ रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी थी। इसके अतिरिक्त वह दुनिया के करेंट अफेयर्स पर आधारित वीकली शो ‘दुनिया आजतक’ को प्रड्यूस करती थीं और उसकी एंकरिग का जिम्मा भी खुद ही संभालती थीं। अगस्त 1999 में ‘जी न्यूज’ से बतौर ट्रेनी अपने करियर की शुरुआत करने वाली अंजलि इस्टवाल ने 2003 में 'एनडीटीवी' जॉइन किया था। तब उन्हें यहां कॉरेस्पोंडेंट कम एंकर की जिम्मेदारी दी गई थी। वह 'एनडीटीवी' की उस कोर टीम का हिस्सा रहीं हैं, जिसने तब ‘एनडीटीवी’ के हिन्दी न्यूज चैनल ‘एनडीटीवी इंडिया’ को लॉन्च कराने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 'एनडीटीवी' में वह एंकरिंग के साथ-साथ रिपोर्टिंग भी करती थीं। यहां उन पर वीकली शो ‘फिट रहे इंडिया’ (Fit Rahe India), लाइफ स्टाइल व शॉपिंग शो ‘स्मार्ट शॉपर’ (Smart Shopper) और टेक शो ‘सेल गुरु’ (Cell Guru) की रिपोर्टिंग, स्क्रिप्टिंग से लेकर एंकरिंग तक पूरी जिम्मेदारी थी। इसके अतिरिक्त भी उन्होंने कई शोज की एंकरिंग की।
अगस्त में ‘मिरर नाउ’ (Mirror Now) ने श्रेया ढौंडियाल को अपना एग्जिक्यूटिव एडिटर बनाया, जिसके बाद से ढौंडियाल रात 8 बजे आने वाले चैनल के प्रमुख शो ‘दी अर्बन डिबेट’ ( The Urban Debate) को होस्ट करती हैं और एडिटोरियल टीम का नेतृत्व भी करती हैं। श्रेया ढौंडियाल ‘नेटवर्क18‘ के अंग्रेजी न्यूज चैनल 'CNN-न्यूज18' (CNN News 18) को विराम देकर यहा पहुंची थीं। 'CNN-न्यूज18' में वह करीब 17 साल से जुड़ी हुईं थीं, जहां वह एडिटर (डिफेंस) के पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं और प्राइम टाइम की एंकर थीं। मूल रूप से उत्तराखंड की रहने वालीं श्रेया ढौंडियाल का जन्म उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुआ है। उनके पिता आर्मी में रहे हैं। श्रेया ढौंडियाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का करीब 20 साल का अनुभव है। श्रेया ढौंडियाल ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने करियर की शुरुआत ‘जी न्यूज’ (Zee News) से की थी। हालांकि, यहां उनका सफर काफी कम (लगभग एक साल) ही रहा। इसके बाद वह ‘एबीपी’ (ABP) में चली गईं और करीब दो साल वहां अपनी जिम्मेदारी निभाई। ‘एबीपी’ के बाद वह ‘सीएनएन न्यूज18’ से जुड़ गईं और तब से यहीं अपनी भूमिका निभा रही थीं।
सितंबर में ‘नेटवर्क18’ (Network18) ने सीनियर ब्रॉडकास्ट जर्नलिस्ट और एडिटर पलकी शर्मा को मैनेजिंग एडिटर के पद पर नियुक्त किया। बता दें कि नेटवर्क18 के साथ उनकी यह दूसरी पारी है। इससे पहले वह इस मीडिया समूह में विभिन्न पदों पर अपनी भूमिका निभा चुकी हैं। पलकी शर्मा ने यहां जॉइन करने से कुछ पिछले दिनों पहले ही ‘जी मीडिया’ (Zee Media) समूह के अंग्रेजी न्यूज चैनल 'विऑन' (WION) में मैनेजिंग एडिटर पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपने प्राइम टाइम शो 'ग्रेविटास' (Gravitas) के आखिरी एपिसोड की दो सितंबर को मेजबानी की थी। उन्हें इस साल मई में ही एग्जिक्यूटिव एडिटर से मैनेजिंग एडिटर के पद पर प्रमोट किया गया था। पिछले करीब तीन साल से पलकी शर्मा और विऑन एक-दूसरे के पर्याय बन गए थे। पलकी शर्मा को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का दो दशक से ज्यादा का अनुभव है। पूर्व में वह ‘दूरदर्शन न्यूज‘,‘हिन्दुस्तान टाइम्स‘,‘सीएनएन-आईबीएन‘ और ‘आईटीवी नेटवर्क‘ में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।
सितंबर में ही ‘सहारा न्यूज नेटवर्क’ (Sahara News Network) से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आयी कि सहारा न्यूज नेटवर्क के सीईओ व एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद यह खबर आयी कि वह अपना खुद का न्यूज वेंचर शुरू करने जा रहे हैं। दरअसल, उपेंद्र राय अगले साल जनवरी में ‘भारत एक्सप्रेस’ नाम से मीडिया समूह लॉन्च करेंगे। ‘भारत एक्सप्रेस’ मीडिया समूह हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू भाषाओं में टीवी, डिजिटल और अखबार तीनों प्लेटफॉर्म पर जनता को अपनी सेवाएं देगा। उपेन्द्र राय का यह वेंचर टीवी के साथ-साथ अखबार और डिजिटल में खबरों के सभी पहलुओं पर जोर देगा। बता दें कि वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र राय ने सितंबर, 2019 में सहारा समूह की मास मीडिया कंपनी से मेनस्ट्रीम मीडिया में वापसी की थी। उस दौरान उन्हें कंपनी में बतौर सीनियर एडवाइजर नियुक्त किया गया था। यहां इनकी ये दूसरी पारी थी। इसके बाद कंपनी ने उपेंद्र राय की जिम्मेदारी में परिवर्तन करते हुए उन्हें ‘सहारा न्यूज नेटवर्क’ के सीईओ व एडिटर-इन-चीफ की जिम्मेदारी सौंपी थी।
सितंबर में ही ‘जी बिजनेस’ (Zee Business) के सीनियर एंकर प्रशान्त पाण्डेय ने यहां से अलविदा कह दिया और अपनी नई पारी ‘टाइम्स ग्रुप‘ के बिजनेस चैनल ‘ET NOW स्वदेश‘ से शुरू की, जहां उन्हें डिप्टी न्यूज एडिटर की जिम्मेदारी मिली। प्रशान्त जी बिजनेस चैनल से साढ़े तीन वर्ष से ज्यादा समय से जुड़े थे। उन्होंने ‘जी मीडिया‘ में वर्ष 2019 में अपनी पारी की शुरुआत की थी। प्रशान्त को ब्रॉडकास्ट मीडिया में 15 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। इस दौरान वह ‘ईटीवी भारत‘,‘नेटवर्क18‘ और ‘स्टार स्पोर्ट्स‘ जैसे तमाम प्रतिष्ठित संस्थानों में अहम भूमिका निभा चुके हैं। प्रशान्त की बॉलीवुड में काफी अच्छी पकड़ है। मीडिया की दुनिया में उन्हें सौम्य, सुलझा हुआ और एक्सपेरिमेंट करने वाला पत्रकार माना जाता है। मूलरूप से गोरखपुर( यूपी) के रहने वाले प्रशान्त ने वर्ष 2008 में ‘ईटीवी‘ से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह ‘स्टार स्पोर्ट्स‘ और फिर ‘न्यूज18‘ से जुड़े।
सितंबर में ही सीनियर जर्नलिस्ट नेहा खन्ना के बारे में खबर आयी कि उन्होंने ‘जी मीडिया’ (Zee Media) समूह के अंग्रेजी न्यूज चैनल 'विऑन' (WION) के साथ अपनी नई पारी की शुरुआत की, जहां उन्हें एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर व सीनियर एंकर की जिम्मेदारी दी गई। इससे पहले नेहा खन्ना बतौर एग्जिक्यूटिव एडिटर और प्राइम टाइम एंकर ‘इंडिया अहेड’ (India Ahead) से जुड़ी हुई थीं। खन्ना करीब 16 साल से ब्रॉडकास्ट जर्नलिस्ट के तौर पर काम कर रही हैं। उन्होंने 13 साल तक ‘एनडीटीवी‘ के साथ काम किया, जहां वह रिपोर्टर, न्यूज एडिटर और प्राइम टाइम एंकर के तौर पर कार्यरत थीं। उन्होंने कानूनी, राजनीतिक, सामाजिक-आर्थिक, विदेश नीति, जेंडर, सोशल ट्रेंड्स और ह्यूमन राइट्स से जुड़ीं खबरों को कवर किया है। वह ‘न्यूजX’ (News X) में सीनियर एडिटर और सीनियर एंकर के रूप में काम कर चुकीं हैं। खन्ना ने वर्ष 2009 में लंदन में ‘बीबीसी’ की पार्लियामेंट्री प्रोग्राम्स टीम के साथ इंटर्नशिप की है।
सितंबर में यह भी खबर आयी कि न्यूज एंकर अर्चना सिंह ने ‘आईटीवी नेटवर्क’ के हिंदी न्यूज चैनल ‘इंडिया न्यूज’ (India News) से विराम ले लिया और इसके बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया की राह पकड़ ली। अर्चना सिंह ने अपना खुद का यू-ट्यूब चैनल शुरू कर चुकीं हैं। बता दें कि एंकर और रिपोर्टर ‘इंडिया टीवी’ में अपनी करीब 14 साल की पारी को छोड़कर उन्होंने 'न्यूज इंडिया' जॉइन कर लिया था, लेकिन वहां उनकी पारी संक्षिप्त ही रही थी। इसके बाद उन्होंने ‘आईटीवी नेटवर्क’ के हिंदी न्यूज चैनल ‘इंडिया न्यूज’ में बतौर सलाहकार संपादक अपनी भूमिका निभाई, जिसे विराम देकर अब उन्होंने टीवी से ब्रेक ले लिया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश में कानपुर की रहने वालीं अर्चना सिंह को मीडिया के क्षेत्र में काम करने का करीब 20 साल का अनुभव है। उन्होंने पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत ‘दूरदर्शन‘ से की। उसके बाद उन्होंने ‘ईटीवी‘ में बतौर एंकर तीन साल तक काम किया। फिर वह दिल्ली आ गईं और यहां ‘जनमत टीवी’ में करीब दो साल तक अपनी जिम्मेदारी निभाने के बाद ‘इंडिया टीवी’ के साथ जुड़ गईं थीं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो अर्चना सिंह ने जर्नलिज्म में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है और अब वह पीएचडी कर रही हैं, जो जल्द ही पूरी होने वाली है।
अक्टूबर में जाने-माने टीवी एंकर अंकित त्यागी ने ‘एनडीटीवी’ (NDTV) के साथ मीडिया में अपने नए सफर की शुरुआत की। उन्होंने यहां पर रेजिडेंट एडिटर के तौर पर जॉइन किया। बता दें कि अंकित त्यागी ने ‘टाइम्स नाउ’ (Times Now) में सीनियर एडिटर के पद से इस्तीफा देकर यहां पहुंचे थे। वह ‘टाइम्स नाउ’ के साथ पिछले साल जुलाई से जुड़े हुए थे। ‘टाइम्स नाउ’ से पहले अंकित त्यागी एक दशक से ज्यादा समय से ‘इंडिया टुडे’ (India Today) से जुड़े हुए थे और डिप्टी एडिटर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे।
अक्टूबर में ही जाने-माने सीनियर न्यूज एंकर विद्यानाथ झा ने ‘न्यूज नेशन’ को अलविदा कह दिया और अपनी नई पारी ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ के साथ शुरू की। विद्यानाथ झा को टीवी पत्रकारिता में 15 वर्षों से भी ज्यादा का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने ‘स्टार न्यूज’ (अब एबीपी न्यूज), ‘न्यूज 24’, ‘जी न्यूज’ से ‘न्यूज नेशन’ तक की यात्रा तय की और अब ‘टाइम्स नाउ नवभारत’ के साथ एक नए सफर पर हैं। ‘न्यूज नेशन’ में विद्यानाथ झा जुलाई, 2018 से सितंबर, 2022 तक यानी लगभग 4 सालों तक रहे। यहां रहते हुए उन्होंने सीनियर एंकर व एडिटर की भूमिका निभाई। बिहार के सीतामढ़ी के रहने वाले विद्यानाथ झा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई की और इसके बाद अपना करियर जून, 2007 में ‘स्टार न्यूज’ (अब ABP न्यूज) से शुरू किया और यहां वह मार्च, 2013 तक रहे। यहां रहते हुए विद्यानाथ ने एंकरिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग भी की। इसके बाद मार्च, 2013 में ही विद्यानाथ ‘न्यूज24’ से जुड़ गए, जहां उन्होंने प्राइम टाइम बुलेटिन की जिम्मेदारी संभाली। नवंबर, 2014 में यहां से विदाई लेने के बाद विद्यानाथ ‘जी न्यूज’ (Zee News) से जुड़ गए और जून, 2018 तक रहे। इसके बाद वह ‘न्यूज नेशन’ आ गए और अभी तक वहीं थे।
अक्टूबर में सीनियर न्यूज एंकर प्रीति रघुनंदन हिंदी न्यूज चैनल ‘न्यूज18 इंडिया’ (News18 India) से विदाई लेकर ‘टीवी9 भारतवर्ष’ (TV9 Bharatvarsh) के साथ जुड़ गईं, जहां उन्होंने बतौर सीनियर एंकर और एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर जॉइन किया। प्रीति रघुनंदन ‘न्यूज18 इंडिया’ चैनल से करीब छह साल तक जुड़ी रहीं। चैनल छोड़ने से पहले वह यहां सीनियर एंकर और डिप्टी एग्जिक्यूटिव प्रड्यूसर अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं। वह रात दस बजे प्रसारित होने वाले लोकप्रिय टीवी शो ‘कच्चा चिट्ठा’ (Kaccha Chittha) को होस्ट करती थीं। प्रीति को मीडिया में काम करने का करीब दो दशक का अनुभव है। ‘न्यूज18 इंडिया’ से पहले वह करीब साढ़े पांच साल तक ‘न्यूज24’ (News24) में कार्य कर चुकी हैं। इसके अलावा वह ‘इंडिया न्यूज’ (India News) में भी अपनी पारी खेल चुकी हैं। अपने अब तक के करियर में प्रीति ने तमाम बड़े इवेंट्स को कवर किया है। चीन-ताइवान विवाद को कवर करने के लिए वह पिछले दिनों ताइवान भी गई थीं। मूल रूप से सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश) की रहने वालीं प्रीति की परवरिश दिल्ली में हुई है। उन्होंने गार्गी कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस (ऑनर्स) की पढ़ाई की है।
नवंबर में सीनियर टीवी जर्नलिस्ट और जानी-मानी न्यूज एंकर चित्रा त्रिपाठी ने हिंदी न्यूज चैनल ‘एबीपी न्यूज’ (ABP News) से ‘आजतक’ (AajTak) में वापसी की, जहां पर उन्होंने बतौर सीनियर एडिटर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) जॉइन किया था और आजतक में भी वह इसी पद पर वापसी आयीं। हालांकि आजतक से ही वह एबीपी गईं थी, लेकिन यह उनकी बहुत ही छोटी और दूसरी पारी थी। ‘एबीपी न्यूज’ को जॉइन करने से पहले भी चित्रा त्रिपाठी ‘आजतक’ से करीब पौने चार साल से जुड़ी रहीं थीं और बतौर एडिटर व सीनियर एंकर अपनी जिम्मेदारी संभाल रही थीं। चित्रा ‘आजतक’ पर शाम पांच बजे का डिबेट शो ‘दंगल’ कर रही थीं। शाम पांच बजे तकरीबन सभी न्यूज चैनल्स पर डिबेट का कार्यक्रम होता है, जिसमें ‘दंगल’ TRP में नंबर वन है। इसके अलावा चित्रा शाम सात बजे न्यूज बुलेटिन ‘शंखनाद’ कर रही थीं। ‘आजतक’ से पहले भी चित्रा त्रिपाठी ‘एबीपी न्यूज’ से जुड़ी हुई थीं। वह ‘एबीपी न्यूज’ में ‘2019 कौन जीतेगा’ शो करती थीं, साथ ही उनके पास 'प्रेस कॉन्फ्रेंस' जैसा बड़ा वीकली प्रोग्राम भी था। ‘एबीपी’ में उन्हें सियाचिन में की गई रिपोर्टिंग के लिए बेस्ट रिपोर्टर का अवॉर्ड भी मिल चुका है, जबकि #कौनबनेगामुख्यमंत्री, #मोदीकेचारसाल और #बिहारकानेता कैसा हो, जैसे फ्लैगशिप शो जो लोगों के बीच जाकर किए गए, के जरिये उन्हें बड़ी पहचान मिली और एबीपी प्रबंधन ने उन्हें सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त वह कई अन्य प्रतिष्ठित चैनलों में विभिन्न पदों पर काम कर चुकीं हैं।
नवंबर में खबर आयी कि ‘जी मीडिया’ (Zee Media) के हिंदी न्यूज चैनल ‘जी हिन्दुस्तान’ (Zee Hindustan) में मैनेजिंग एडिटर के पद से वरिष्ठ टीवी पत्रकार शमशेर सिंह ने अपना इस्तीफा दे दिया है और अब नई पारी की शुरुआत न्यूज चैनल ‘भारत24’ (Bharat24) से बतौर मैनेजिंग एडिटर करने जा रहे हैं। हालांकि इसके बाद उन्होंने 28 नवंबर को नोएडा स्थित इस चैनल के मुख्यालय में अपना कार्यभार संभाल लिया। गौरतलब है कि ‘जी हिन्दुस्तान’ में शमशेर सिंह की यह दूसरी पारी थी। ‘जी हिन्दुस्तान’ से पहले शमशेर सिंह हिंदी न्यूज चैनल ‘रिपब्लिक भारत’ (Republic Bharat) में कार्यरत थे। शमशेर सिंह नवंबर 2018 से ‘रिपब्लिक भारत’ के साथ बतौर एडिटर जुड़े हुए थे। मूल रूप से पूर्णिया (बिहार) के रहने वाले शमशेर सिंह 'रिपब्लिक भारत' से पहले ‘इंडिया न्यूज’ चैनल के साथ बतौर एडिटर (नेशनल अफेयर्स) जुड़े हुए थे। उन्होंने ‘इंडिया न्यूज’ (India News) के साथ अपना सफर मार्च, 2018 में शुरू किया था। इसके पहले 'जी हिन्दुस्तान' (Zee Hindustan) में अपनी पहली पारी के दौरान वह पॉलिटिकल एडिटर के तौर पर कार्यरत थे। यहां वह अप्रैल, 2017 से अक्टूबर, 2017 तक रहे। दो दशक से ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय भूमिका निभाने वाले टीवी पत्रकार शमशेर सिंह ‘इंडिया टीवी’ और ‘आजतक’ के चर्चित चेहरों में से एक रहे हैं। 'जी हिन्दुस्तान' से पहले वह ‘इंडिया टीवी’ में बतौर एडिटर (करेंट अफेयर्स) कार्यरत थे। यहां वह नवंबर 2013 से अप्रैल 2017 तक रहे। शमशेर सिंह ने अपने करियर की शुरुआत टीवी न्यूज चैनल से ही की थी। अप्रैल 1998 में उन्होंने ‘आजतक’ (AajTak) न्यूज चैनल से पत्रकारिता में अपना सफर शुरू किया और विभिन्न पदों पर रहते हुए यहां वे डिप्टी एडिटर तक बने। 16 साल बाद यानी 2013 में ‘आजतक’ के साथ उनका सफर थम गया और ‘इंडिया टीवी’, 'जी हिन्दुस्तान', ‘इंडिया न्यूज’ और ‘रिपब्लिक भारत’ व वर्ष 2020 में फिर 'जी हिन्दुस्तान' होते हुए वह ‘भारत24’ से जुड़ गए हैं।
नवबंर के अंत में एक बड़ी खबर आयी कि ‘एनडीटीवी इंडिया’ (NDTV India) के सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर रवीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वह यहां चैनल के फ्लैगशिप शो ‘हम लोग’, ‘रवीश की रिपोर्ट’, ‘देश की बात’ और ‘प्राइम टाइम’ समेत तमाम कार्यक्रम होस्ट करते थे। हालांकि इस्तीफे से पहले ही उन्होंने डिजिटल मीडिया की राह पकड़ ली थी। उन्होंने अपना खुद का यू-ट्यूब चैनल (@ravishkumar.official) शुरू कर दिया था, जो उनका नया पता है। बता दें कि रवीश कुमार को देश के लोगों को प्रभावित करने वाले आम मुद्दों की बेहतरीन कवरेज के लिए जाना जाता है। पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें दो बार प्रतिष्ठित ‘रामनाथ गोयनका’ अवॉर्ड और वर्ष 2019 में रैमन मैगसायसाय (Ramon Magsaysay) अवॉर्ड मिल चुका है।
दिसंबर में टीवी न्यूज की दुनिया के जाने-माने चेहरे और सीनियर न्यूज एंकर सुमित अवस्थी के बारे में एक बड़ी खबर सामने आयी कि वह अब क्विंटिलियन बिजनेस मीडिया ग्रुप (Quintillion Business Media) की हिंदी न्यूज वेबसाइट ‘BQ प्राइम’ से बतौर कंसल्टेंट जुड़ गए हैं। बता दें कि इससे पहले सुमित अवस्थी ‘एबीपी न्यूज’ में वाइस प्रेजिडेंट (न्यूज व प्रॉडक्शन) के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। सुमित अवस्थी ने वर्ष 2018 में ‘एबीपी न्यूज’ में बतौर कंसल्टिंग एडिटर जॉइन किया था। इससे पहले वह ‘नेटवर्क18’ (Network 18) में डिप्टी मैनेजिंग एडिटर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। वह ‘जी न्यूज’ (Zee News) में रेजिडेंट एडिटर भी रह चुके हैं। सुमित अवस्थी करीब पांच साल तक ‘आजतक’ (Aaj Tak) में भी रह चुके हैं। यहां वह डिप्टी एडिटर के तौर पर कार्यरत थे। सुमित राजनीति में अच्छी पकड़ और बेहतर रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। सुमित अवस्थी को पत्रकारिता के क्षेत्र में काम करने का दो दशक से ज्यादा का अनुभव है।
पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें अब तक ‘दादा साहेब फाल्के एक्सीलेंस अवॉर्ड‘ और ‘माधव ज्योति अवॉर्ड‘ समेत तमाम प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स से नवाजा जा चुका है। इसके साथ ही उन्हें प्रतिष्ठित ‘एक्सचेंज4मीडिया न्यूज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड्स’ (enba) से भी नवाजा जा चुका है। सुमित अवस्थी का जन्म लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में हुआ है। केंद्रीय विद्यालय, इंदौर से अपनी स्कूलिंग पूरी करने के बाद उन्होंने इंदौर में ही ‘होलकर साइंस कॉलेज’ से ग्रेजुएशन की है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली स्थित ‘भारतीय विद्या भवन‘ से पत्रकारिता की पढ़ाई की है।
दिसंबर में वरिष्ठ टीवी पत्रकार और जाने-माने न्यूज एंकर दीपक चौरसिया ने जल्द लॉन्च होने वाले न्यूज चैनल ‘भारत एक्सप्रेस’ (Bharat Express) के साथ अपना सफर शुरू किया। उन्होंने यहां कंसल्टिंग एडिटर के पद पर जॉइन किया है। बता दें कि दीपक चौरसिया ने लगभग एक साल बाद टीवी मीडिया की दुनिया में वापसी की है। दीपक चौरसिया अपनी पारी के दौरान इस चैनल में रात आठ बजे के प्राइम टाइम शो में नजर आएंगे। बता दें कि दीपक चौरसिया इससे पहले 'न्यूज नेशन' में कंसल्टिंग एडिटर के पद पर कार्यरत थे और वह पूर्व में 'दूरदर्शन', 'आजतक', 'इंडिया न्यूज' जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर अपनी भूमिका निभा चुके हैं।
श्रीनिवासन के. स्वामी, जो AAAI के पूर्व अध्यक्ष हैं, 2026-27 के लिए AAAI बोर्ड में पदेन सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे।
by
Samachar4media Bureau
रेडिफ्यूजन ब्रैंड सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. संदीप गोयल को विज्ञापन एजेंसियों की संस्था एडवरटाइजिंग एजेंसीज एसोसिएशन ऑफ इंडिया (AAAI) का अध्यक्ष चुना गया है। मुंबई में आयोजित वार्षिक आम बैठक में उन्हें इस पद पर चुना गया, वहीं जयदीप आर गांधी को एसोसिएशन का उपाध्यक्ष चुना गया है।
2026-27 के लिए AAAI बोर्ड में चुने गए अन्य सदस्यों में सैम बालसारा, चेयरमैन एवं एमडी, मैडिसन कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड; प्रियंका चटर्जी, डायरेक्टर, स्टैंडर्ड पब्लिसिटी प्राइवेट लिमिटेड; तान्या गोयल, डायरेक्टर, एवरेस्ट ब्रैंड सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड; संतोष कुमार, सीओओ, इनोशियन वर्ल्डवाइड कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड; कुणाल ललानी, एमडी, क्रेयॉन्स एडवरटाइजिंग प्राइवेट लिमिटेड; चंद्रमौली मुथु, एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर, मैत्री एडवरटाइजिंग वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड, कोच्चि; के. श्रीनिवास, मैनेजिंग डायरेक्टर, स्लोका एडवरटाइजिंग प्राइवेट लिमिटेड, हैदराबाद और अजीत वर्गीज, ग्रुप सीईओ, मीडिया एवं ओओएच, प्लेटिनम एडवरटाइजिंग प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। श्रीनिवासन के. स्वामी, जो AAAI के पूर्व अध्यक्ष हैं, 2026-27 के लिए AAAI बोर्ड में पदेन सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे।
अध्यक्ष चुने जाने के बाद डॉ. संदीप गोयल ने कहा कि AAAI के सदस्यों ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने विज्ञापन में इनोवेशन को बढ़ावा देने, रचनात्मकता के उच्च मानकों को बनाए रखने और पिछले अध्यक्षों द्वारा किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष संस्था का लक्ष्य पूरे विज्ञापन और मीडिया इकोसिस्टम को लगातार सहयोग देना होगा, ताकि इंडस्ट्री नई तकनीकों से पैदा होने वाली चुनौतियों से निपट सके और नए कारोबारी अवसरों का लाभ उठा सके।
डॉ. गोयल ने यह भी कहा कि AAAI का नया बोर्ड अनुभवी और प्रतिभाशाली है और उन्हें विश्वास है कि यह इंडस्ट्री को आगे ले जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष युवा पीढ़ी के कौशल विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा और सामाजिक मुद्दों से जुड़े कार्य किए जाएंगे, ताकि वास्तविक संचार समाज के बेहतर भविष्य में योगदान दे सके। बता दें कि डॉ. संदीप गोयल एमबीए, पीएचडी और डी.लिट. हैं। वह रेडिफ्यूजन और एवरेस्ट, दोनों स्वतंत्र विज्ञापन एजेंसियों के चेयरमैन हैं। उन्होंने पिछले 40 वर्षों में HTA (अब VML), त्रिकाया ग्रे (अब WPP का हिस्सा), DDB मुद्रा, रेडिफ्यूजन डेंट्सु और यंग एंड रूबिकैम जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ काम किया है।
वह जी टेलीफिल्म्स के पूर्व ग्रुप सीईओ और Dentsu India & Middle East के पूर्व इंडिया JV पार्टनर एवं चेयरमैन भी रहे हैं। डॉ. गोयल Snapchat के इंडिया एडवाइजरी बोर्ड के चेयरमैन रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने पंजाब सरकार में तीन वर्ष तक प्रिंसिपल सेक्रेटरी के रूप में भी काम किया है। वह कई किताबें लिख चुके हैं और नियमित रूप से द इकोनॉमिक टाइम्स, बिजनेस स्टैंडर्ड समेत अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में कॉलम और लेख लिखते हैं।
वहीं, जयदीप आर गांधी ने कहा कि AAAI के उपाध्यक्ष के रूप में दोबारा चुना जाना उनके लिए सम्मान की बात है और यह इंडस्ट्री के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने विज्ञापन में इनोवेशन और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने तथा इंडस्ट्री के विकास में योगदान देने की बात कही।
जयदीप गांधी Another Idea के संस्थापक हैं और 2008 से AAAI से जुड़े हैं। वह 2014 से AAAI के बोर्ड में हैं। उन्होंने Goafest में को-चेयर के रूप में काम किया और 2019 से इसके चेयरमैन हैं। AAAI के अलावा वह IAA India Chapter के बोर्ड सदस्य और Advertising Council of India के STACA Trust के ट्रस्टी हैं। AAAI के अनुसार, मानद सचिव, मानद कोषाध्यक्ष और अन्य को-ऑप्टेड निदेशकों के नाम बाद में घोषित किए जाएंगे। इसके लिए 2026-27 के निर्वाचित बोर्ड सदस्यों की बैठक में एसोसिएशन के नियमों के अनुसार रिक्त पदों को भरा जाएगा।
गौरतलब है कि AAAI इंडस्ट्री द्वारा संचालित और इंडस्ट्री प्रबंधित एक गैर-लाभकारी ट्रेड एसोसिएशन है। इसकी स्थापना 1945 में विज्ञापन एजेंसियों के इंडस्ट्री के हितों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। AAAI के अनुसार, आज इसके सदस्य छोटे, मध्यम और बड़े आकार की बड़ी संख्या में एजेंसियों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो मिलकर देश में किए जाने वाले विज्ञापन कारोबार का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा रखते हैं।
याप डिजिटल को नारायणा हेल्थ के देशभर के अस्पतालों के सोशल मीडिया मैंडेट की जिम्मेदारी मिली है। इसमें रणनीति, कंटेंट, क्रिएटिव, स्थानीय स्टोरीटेलिंग, प्लेटफॉर्म मैनेजमेंट और ऑडियंस एंगेजमेंट शामिल हैं।
by
Samachar4media Bureau
याप डिजिटल लिमिटेड (YAAP Digital Limited) को नारायणा हेल्थ (Narayana Health) के उत्तर, पूर्व, पश्चिम, दक्षिण और मध्य भारत स्थित अस्पतालों के सोशल मीडिया मैंडेट की जिम्मेदारी मिली है।
इस मैंडेट में सोशल मीडिया स्ट्रैटेजी (Social Media Strategy), कंटेंट डेवलपमेंट (Content Development), क्रिएटिव एग्जीक्यूशन (Creative Execution), स्थानीय स्टोरीटेलिंग (Local Storytelling), प्लेटफॉर्म मैनेजमेंट (Platform Management) और लगातार ऑडियंस एंगेजमेंट (Audience Engagement) शामिल हैं। इसके तहत नारायणा हेल्थ की कई अस्पताल इकाइयों और क्षेत्रीय सोशल मीडिया हैंडल्स का मैनेजमेंट किया जाएगा।
यह नई जिम्मेदारी हेल्थकेयर क्षेत्र में याप डिजिटल की मौजूदगी को और मजबूत करती है। कंपनी के अनुसार, उसे अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों में फैले सोशल मीडिया अकाउंट्स संभालने का अनुभव है। देशभर में मरीजों के समुदाय और सांस्कृतिक संदर्भ अलग-अलग होने को देखते हुए, हर अस्पताल इकाई की पहचान और स्थानीय संदर्भ से जुड़ी स्टोरीटेलिंग पर फोकस किया जाएगा।
इस साझेदारी पर नारायणा हेल्थ के कंट्री हेड- ब्रांड एंड मार्केटिंग अभिषेक मिश्रा (Abhishek Mishra) ने कहा कि उनके अस्पताल जिन समुदायों की सेवा करते हैं, वहां उनकी गहरी मौजूदगी है और सोशल मीडिया पर भी स्थानीय संदर्भ और प्रासंगिकता दिखाई देनी चाहिए। नेटवर्क में एक समान ब्रांड अनुभव बनाए रखते हुए भी हर अस्पताल इकाई अपने दर्शकों से अलग तरीके से जुड़ती है। उन्होंने कहा कि याप की स्थानीय स्टोरीटेलिंग क्षमता और बड़े स्तर पर अलग-अलग यूनिट पेज संभालने की क्षमता इस साझेदारी में अहम होगी।
याप डिजिटल के सीनियर पार्टनर मनन कपूर (Manan Kapoor) ने कहा कि नारायणा हेल्थ गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने की मजबूत विरासत रखने वाला संस्थान है। उन्होंने कहा कि कंपनी के साथ साझेदारी के जरिए क्रिएटिविटी, तकनीक और क्षेत्रीय समझ को जोड़कर समुदाय के स्तर पर सार्थक जुड़ाव बनाने की कोशिश की जाएगी।
मैंडेट के तहत याप डिजिटल नारायणा हेल्थ की विभिन्न अस्पताल इकाइयों के साथ मिलकर हर क्षेत्र के लिए उपयुक्त सोशल मीडिया रणनीति तैयार करेगा। इसका उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों में अस्पतालों को स्थानीय समुदायों से अधिक प्रभावी और सार्थक तरीके से जोड़ना है।
संजय कुमार इससे पहले करीब दो साल से Zee Media के हाइपरलोकल न्यूज प्लेटफॉर्म PINEWZ में एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे
by
Samachar4media Bureau
वरिष्ठ पत्रकार संजय कुमार ने देश के प्रमुख न्यूज नेटवर्क्स में शुमार ‘टाइम्स नेटवर्क’ (Times Network) के साथ नई पारी का आगाज किया है। उन्होंने टाइम्स नाउ डिजिटल में बतौर सीनियर एडिटर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) जॉइन किया है।
संजय कुमार इससे पहले करीब दो साल से Zee Media के हाइपरलोकल न्यूज प्लेटफॉर्म PINEWZ में एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे
मूल रूप से बिहार के रहने वाले संजय कुमार को मीडिया में काम करने का करीब 30 साल का अनुभव है। पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत उन्होंने ऑल इंडिया रेडियो से की। वह न्यूज एजेंसी एएनआई में बिहार-नेपाल के हेड भी रह चुके हैं। वह लंबे समय तक सहारा में भी कार्यरत रहे हैं, जहां उन्होंने ब्यूरो चीफ से लेकर आउटपुट हेड जैसी प्रमुख भूमिकाओं में अपनी जिम्मेदारी निभाई।
कुछ प्रॉडक्शन हाउसेज में काम करने के अलावा संजय कुमार ने आर्यन नामक टीवी चैनल की लॉन्चिंग में भी अहम जिम्मेदारी निभाई। इसके साथ ही वह महुआ टीवी, पी7, न्यूज नेशन और इंडिया डेली लाइव जैसे प्रतिष्ठित न्यूज संस्थानों में भी महत्वपूर्ण पदों पर अपनी भूमिकाएं निभा चुके हैं।
दिल्ली यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी रहे संजय कुमार ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। समाचार4मीडिया की ओर से संजय कुमार को उनके नए सफर के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
रुबिका ने जून में नेटवर्क18 को बाय बोलकर 'टाइम्स नाउ नवभारत' में सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर के तौर पर नई पारी शुरू की थी। वह यहां वाइस प्रेजिडेंट (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) की जिम्मेदारी भी संभाल रही थीं।
by
Samachar4media Bureau
जानी-मानी पत्रकार और लोकप्रिय न्यूज एंकर रुबिका लियाकत को लेकर मीडिया जगत में नई चर्चा जोर पकड़ रही है। इन चर्चाओं के अनुसार हाल ही में 'टाइम्स नाउ नवभारत' से अलग होने के बाद रुबिका लियाकत एक बार फिर 'न्यूज18 इंडिया' का रुख कर सकती हैं। विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो वह यहां शाम सात बजे का शो कर सकती हैं और स्पेशल प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारी भी संभाल सकती हैं। हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
इस संबंध में पुष्टि के लिए समाचार4मीडिया की टीम ने नेटवर्क18 प्रबंधन और रुबिका लियाकत से संपर्क किया, लेकिन खबर लिखे जाने तक वहां से किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी थी।
बता दें कि रुबिका लियाकत ने इसी वर्ष जून में 'टाइम्स नाउ नवभारत' में सीनियर एग्जिक्यूटिव एडिटर के तौर पर नई पारी शुरू की थी। इसके साथ ही वह नेटवर्क में वाइस प्रेजिडेंट (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी संभाल रही थीं। वह नोएडा स्थित नेटवर्क कार्यालय से अपनी भूमिका का निर्वहन कर रही थीं, जहां से उन्होंने पिछले दिनों ही अपनी पारी को विराम दे दिया है।
'टाइम्स नाउ नवभारत' से अलग होने के साथ ही रुबिका लियाकत के अगले कदम को लेकर मीडिया इंडस्ट्री में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इसी बीच यह चर्चा भी है कि वह अपने पुराने संस्थान 'न्यूज18 इंडिया' में वापसी कर सकती हैं।
गौरतलब है कि 'टाइम्स नाउ नवभारत' से पहले रुबिका लियाकत 'न्यूज18 इंडिया' में कंसल्टिंग एडिटर और प्राइम-टाइम एंकर के रूप में कार्यरत थीं। वहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और विशेष कवरेज का नेतृत्व किया था और चैनल की प्रमुख चेहरों में शामिल थीं।
रुबिका लियाकत को ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म, राजनीतिक रिपोर्टिंग, प्राइम-टाइम एंकरिंग और न्यूजरूम नेतृत्व का 19 वर्षों से अधिक का अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर में उन्होंने एबीपी न्यूज, ज़ी न्यूज, न्यूज24, भारत24, लाइव इंडिया, नेटवर्क18 इंडिया और 'टाइम्स नाउ नवभारत' जैसे प्रमुख मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
फिलहाल उनकी अगली पारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन मीडिया गलियारों में उनकी संभावित वापसी को लेकर चर्चाएं लगातार जारी हैं।
याप डिजिटल लिमिटेड की 11वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) मंगलवार, 29 सितंबर 2026 को दोपहर 2 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) और अन्य ऑडियो-विजुअल माध्यम (ओएवीएम) के जरिए आयोजित हुई।
by
Vikas Saxena
English Headline: Yaap Digital Holds 11th AGM, Takes Up Five Resolutions
याप डिजिटल लिमिटेड की 11वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) मंगलवार, 29 सितंबर 2026 को दोपहर 2 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) और अन्य ऑडियो-विजुअल माध्यम (ओएवीएम) के जरिए आयोजित हुई। कंपनी ने यह बैठक कंपनी कानून, 2013 और संबंधित नियमों के साथ-साथ कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय और सेबी की लागू गाइडलाइंस के अनुसार आयोजित की।
बैठक की शुरुआत दोपहर 2 बजे हुई। कंपनी का रजिस्टर्ड ऑफिस ही बैठक का स्थान माना गया। कंपनी की कंपनी सेक्रेटरी और कंप्लायंस ऑफिसर शिवानी तिवारी ने सदस्यों का स्वागत किया और बताया कि बैठक वीसी/ओएवीएम के जरिए हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि बैठक में शामिल सदस्यों को किसी तरह की परेशानी से बचाने के लिए होस्ट की ओर से म्यूट रखा गया था और बैठक की रिकॉर्डिंग अनुपालन के लिए की जा रही थी।
इसके बाद कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर लक्ष्मीराज सीताराम नायक ने बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने सदस्यों का स्वागत किया और बताया कि बैठक शुरू करने के लिए जरूरी संख्या में सदस्य मौजूद थे। इसके बाद उन्होंने बैठक शुरू करने की घोषणा की।
बैठक में कंपनी की इंडिपेंडेंट डायरेक्टर व नॉमिनेशन एंड रिम्यूनरेशन कमेटी की चेयरपर्सन वंदना मैथानी सिंह ने बताया कि वह दिल्ली से बैठक में शामिल हुईं। इंडिपेंडेंट डायरेक्टर और ऑडिट व स्टेकहोल्डर रिलेशनशिप कमेटी के चेयरमैन जगदेश बाबू बोट्टा और नॉन-एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर विजयकुमार मालपानी ने मलाड, मुंबई से बैठक में हिस्सा लिया।
कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर जिगेश शाह, एजीएम के स्क्रूटिनाइजर मन्निश घिया, वैधानिक ऑडिटर्स के प्रतिनिधि प्रियंका जाजू और दिनेश जैन, सेक्रेटेरियल ऑडिटर्स की प्रतिनिधि दीप्ति शर्मा और कंपनी से जुड़े अन्य अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक में कुल 8 शेयरधारक/सदस्य वीसी/ओएवीएम के जरिए शामिल हुए।
वार्षिक रिपोर्ट और नोटिस
कंपनी सेक्रेटरी ने बताया कि 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष की वार्षिक रिपोर्ट और 11वीं एजीएम का नोटिस सदस्यों के रजिस्टर्ड ईमेल पते पर पहले ही भेजा जा चुका था। इसमें ऑडिट किए गए स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड वित्तीय नतीजे, बोर्ड की रिपोर्ट, ऑडिटर्स की रिपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज शामिल थे।
सदस्यों की सहमति से एजीएम का नोटिस पढ़ा हुआ मान लिया गया। कंपनी ने यह भी बताया कि वैधानिक ऑडिटर्स की रिपोर्ट में कोई क्वालिफिकेशन, रिजर्वेशन, प्रतिकूल टिप्पणी या डिस्क्लेमर नहीं था, इसलिए उसे बैठक में पढ़ने की जरूरत नहीं थी।
कंपनी सेक्रेटरी ने यह भी बताया कि सदस्यों को डायरेक्टर्स और प्रमुख मैनेजेरियल कर्मचारियों का रजिस्टर तथा कॉन्ट्रैक्ट या अरेंजमेंट से जुड़े रजिस्टर बैठक के दौरान देखने के लिए उपलब्ध थे। सदस्यों की ओर से पहले से कोई सवाल या पूछताछ नहीं मिली थी, इसलिए अलग से सवाल-जवाब सत्र की जरूरत नहीं पड़ी।
चेयरमैन ने कंपनी के प्रदर्शन की जानकारी दी
चेयरमैन लक्ष्मीराज सीताराम नायक ने सदस्यों को कंपनी के 31 मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के प्रदर्शन और गतिविधियों की संक्षिप्त जानकारी दी। उन्होंने कंपनी के कारोबार और भविष्य की संभावनाओं को लेकर भी अपने विचार साझा किए।
उन्होंने सदस्यों को उनके लगातार समर्थन और एजीएम में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया।
ई-वोटिंग की सुविधा
कंपनी ने एजीएम में रखे गए प्रस्तावों पर मतदान के लिए नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (एनएसडीएल) के जरिए रिमोट ई-वोटिंग की सुविधा दी थी।
कंपनी ने बताया कि जिन सदस्यों ने पहले ही रिमोट ई-वोटिंग के जरिए वोट कर दिया था, वे एजीएम में शामिल तो हो सकते थे, लेकिन बैठक के दौरान दोबारा वोट नहीं कर सकते थे। जिन सदस्यों ने रिमोट ई-वोटिंग के जरिए वोट नहीं किया था, उन्हें एजीएम के दौरान इलेक्ट्रॉनिक तरीके से वोट करने का मौका दिया गया।
क्योंकि प्रस्तावों पर रिमोट ई-वोटिंग के जरिए पहले ही मतदान कराया जा चुका था, इसलिए बैठक में प्रस्तावों को रखने और उनका समर्थन करने की अलग प्रक्रिया की जरूरत नहीं थी।
एजीएम में 5 प्रस्ताव रखे गए
बैठक में कंपनी सेक्रेटरी ने नोटिस में दिए गए कारोबार के पांच प्रस्तावों को सामने रखा:
कंपनी ने बताया कि इन प्रस्तावों की पूरी जानकारी और उनसे जुड़ा एक्सप्लेनेटरी स्टेटमेंट एजीएम के नोटिस में पहले ही सदस्यों को उपलब्ध कराया गया था।
एजीएम के दौरान 15 मिनट चली ई-वोटिंग
कंपनी सेक्रेटरी ने बताया कि जिन सदस्यों ने रिमोट ई-वोटिंग के जरिए अपना वोट नहीं डाला था, उनके लिए एजीएम के दौरान 15 मिनट तक ई-वोटिंग की सुविधा खुली रही।
सदस्यों से एनएसडीएल के ई-वोटिंग प्लेटफॉर्म के जरिए वोट डालने को कहा गया। एजीएम के स्क्रूटिनाइजर मन्निश घिया रिमोट ई-वोटिंग और एजीएम के दौरान हुए ई-वोटिंग, दोनों के वोटों की जांच करेंगे और उनकी संयुक्त रिपोर्ट तैयार करेंगे।
2:33 बजे खत्म हुई एजीएम
कोई अन्य कारोबार नहीं होने के कारण चेयरमैन ने सदस्यों को उनकी भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने सदस्यों, डायरेक्टर्स, कर्मचारियों, ऑडिटर्स और अन्य स्टेकहोल्डर्स के सहयोग की भी सराहना की।
याप डिजिटल की 11वीं एजीएम दोपहर 2:33 बजे ई-वोटिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद समाप्त हुई। रिमोट ई-वोटिंग और एजीएम के दौरान हुई ई-वोटिंग के संयुक्त नतीजे और स्क्रूटिनाइजर की रिपोर्ट तय समय के भीतर स्टॉक एक्सचेंज को भेजी जाएगी। इन्हें कंपनी और एनएसडीएल की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
वर्टोज लिमिटेड की 15वीं सालाना आम बैठक (एजीएम) 29 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) और अन्य ऑडियो-विजुअल माध्यम (ओएवीएम) के जरिए हुई।
by
Vikas Saxena
वर्टोज लिमिटेड (Vertoz Limited) की 15वीं सालाना आम बैठक (एजीएम) 29 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) और अन्य ऑडियो-विजुअल माध्यम (ओएवीएम) के जरिए हुई। बैठक का आयोजन केफिन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड की सुविधा के जरिए किया गया।
कंपनी ने बताया कि बैठक शुरू करने के लिए जरूरी संख्या में सदस्य मौजूद थे। 22 सितंबर 2026 की रिकॉर्ड डेट के मुताबिक कंपनी के कुल सदस्यों की संख्या 64,578 थी। एजीएम में कुल 47 सदस्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। इनमें 12 प्रमोटर ग्रुप और 35 पब्लिक शेयरधारक थे।
बैठक की शुरुआत कंपनी के चेयरमैन और नॉन-एग्जीक्यूटिव नॉन-इंडिपेंडेंट डायरेक्टर हर्षद उत्तमचंद शाह ने की। इसके बाद सभी डायरेक्टर्स की सहमति से हिरेंकुमार शाह को बैठक का चेयरमैन बनाया गया।
कंपनी सेक्रेटरी एवं कंप्लायंस ऑफिसर नूपुर जोशी ने शेयरधारकों को एजीएम और वोटिंग प्रक्रिया से जुड़ी सामान्य जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उमाशंकर हेगड़े, जो यू. हेगड़े एंड एसोसिएट्स के सोल प्रोपराइटर हैं, को ई-वोटिंग प्रक्रिया की निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से जांच के लिए स्क्रूटिनाइजर नियुक्त किया गया था।
कंपनी ने बताया कि ई-वोटिंग के नतीजे और स्क्रूटिनाइजर की रिपोर्ट बैठक खत्म होने के दो कार्यदिवस के भीतर एनएसई को भेजी जाएगी। इन्हें कंपनी और केफिन टेक्नोलॉजीज की वेबसाइट पर भी रखा जाएगा।
एजीएम में रखे गए 5 प्रस्ताव
एजीएम में कुल 5 प्रस्ताव रखे गए। इनमें से पहले दो सामान्य कारोबार से जुड़े थे, जबकि तीन विशेष कारोबार से जुड़े थे।
एजीएम के दौरान जिन सदस्यों ने पहले रिमोट ई-वोटिंग के जरिए वोट नहीं किया था, उनके लिए 15 मिनट के लिए इंस्टा-पोल/ई-वोटिंग की सुविधा खुली रखी गई।
एजीएम शाम 4:35 बजे समाप्त हुई। कंपनी ने साफ किया है कि ई-वोटिंग के नतीजे अलग से स्टॉक एक्सचेंज को बताए जाएंगे।
वह फिलहाल NBT में स्टेट ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी यह नियुक्ति सुधीर मिश्रा के रेजिडेंट एडिटर पद से इस्तीफा देने के बाद हुई है।
by
Samachar4media Bureau
जाने-माने पत्रकार मनीष श्रीवास्तव को हिंदी दैनिक नवभारत टाइम्स (NBT) के लखनऊ संस्करण का रेजिडेंट एडिटर नियुक्त किया गया है। वह फिलहाल NBT में स्टेट ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी यह नियुक्ति सुधीर मिश्रा के रेजिडेंट एडिटर पद से इस्तीफा देने के बाद हुई है। सुधीर मिश्रा ने मंगलवार को करीब 14 वर्षों तक टाइम्स ग्रुप के साथ रहने के बाद अपने पद से इस्तीफा दिया।
मनीष श्रीवास्तव वर्ष 2013 से NBT के साथ जुड़े हुए हैं। इससे पहले उन्होंने अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिंदुस्तान जैसे प्रमुख हिंदी अखबारों में काम किया है। उत्तर प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक मामलों पर उनकी रिपोर्टिंग के लिए उन्हें जाना जाता है।
मनीष श्रीवास्तव के करियर में 2012 में उत्तर प्रदेश के नेशनल रूरल हेल्थ मिशन (NRHM) घोटाले की रिपोर्टिंग एक महत्वपूर्ण पड़ाव रही। उस समय वह अमर उजाला के साथ काम कर रहे थे। उनकी खोजी पत्रकारिता के जरिए उत्तर प्रदेश में सामने आए इस बड़े भ्रष्टाचार मामले की जानकारी सामने आई थी।
NRHM घोटाले में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए केंद्र सरकार की योजना से जुड़े करीब 10,000 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी का मामला सामने आया था। इस मामले में कई मुख्य चिकित्सा अधिकारियों की हत्या, जांच, कई नौकरशाहों और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा बाद में एक मंत्री के इस्तीफे जैसी घटनाएं सामने आईं। यह मामला उत्तर प्रदेश से सामने आए बड़े घोटालों में शामिल रहा।
NBT के साथ 13 वर्षों से अधिक समय के दौरान मनीष श्रीवास्तव ने उत्तर प्रदेश के बाजार में रिपोर्टिंग और संपादकीय जिम्मेदारियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। अब उन्हें लखनऊ संस्करण के रेजिडेंट एडिटर की जिम्मेदारी दी गई है।
समाचार4मीडिया की ओर से मनीष श्रीवास्तव को ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
सुधीर मिश्रा के अनुसार, उन्होंने करीब एक महीने पहले इस्तीफा दिया था। वह फिलहाल नवंबर के पहले हफ्ते तक नोटिस पीरियड पर काम करते रहेंगे।
by
Samachar4media Bureau
वरिष्ठ पत्रकार सुधीर मिश्र ने ‘नवभारत टाइम्स’ (NBT) के लखनऊ संस्करण के स्थानीय संपादक पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक विस्तृत पोस्ट के जरिए अपने इस्तीफे की जानकारी साझा की है। सुधीर मिश्रा के अनुसार, उन्होंने करीब एक महीने पहले इस्तीफा दिया था। वह फिलहाल नवंबर के पहले हफ्ते तक नोटिस पीरियड पर काम करते रहेंगे।
सुधीर मिश्र का ‘नवभारत टाइम्स’ के साथ करीब 14 साल का सफर रहा है। 1 अप्रैल 2013 को लखनऊ-कानपुर संस्करण के दोबारा शुरू होने के दौरान स्थानीय संपादक के तौर पर उन्होंने NBT जॉइन किया था। जून 2017 तक उन्होंने लखनऊ संस्करण की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद 2017 से 2022 तक लखनऊ और एनसीआर संस्करण तथा 2022 से मार्च 2024 तक दिल्ली संस्करण के संपादक रहे। मार्च 2024 में उनकी लखनऊ वापसी हुई और तब से वह दोबारा लखनऊ संस्करण के स्थानीय संपादक के तौर पर काम कर रहे थे।
लखनऊ से ही अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले सुधीर मिश्र करीब 15 साल तक वहां रिपोर्टर भी रहे हैं। उन्होंने ‘दैनिक जागरण’ में करीब पांच साल और ‘हिन्दुस्तान’ में करीब दस साल बतौर रिपोर्टर काम किया। इसके अलावा वह ‘दैनिक भास्कर’ राजस्थान में करीब तीन साल तक संपादक रहे हैं। वह दो किताबें ‘मुसाफिर हूं यारो’ और ‘हाइब्रिड नेता’ लिख चुके हैं। उन्होंने एक शॉर्ट फिल्म ‘गूलर का फूल’ भी बनाई है, जिसे बार्सिलोना में बेस्ट शॉर्ट फिल्म का अवॉर्ड मिल चुका है।
अपने इस्तीफे की वजह बताते हुए सुधीर मिश्र ने अपनी पोस्ट में कहा कि वह रिटायरमेंट मोड में नहीं जाना चाहते और आगे भी काम करना चाहते हैं। उनके मुताबिक, NBT लखनऊ में उनके रिटायरमेंट तक के करीब दो साल बाकी थे और उन्हें लगा कि इन वर्षों को किसी नए प्रोजेक्ट में लगाकर अधिक प्रोडक्टिव बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि फैसला कठिन था, लेकिन आगे की मंजिल साफ दिख रही हो तो फिर मुश्किल नहीं होती।
सुधीर मिश्र ने NBT में अपने 14 साल के सफर को याद करते हुए टीम और संस्थान से मिले अनुभवों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान नई तकनीक, कोविड, डिजिटल का बढ़ता दबाव, पाठकों की बदलती आदतों और काम की बढ़ती चुनौतियों के बीच टीम ने मिलकर काम किया। उन्होंने अपनी लखनऊ टीम के गठन और उसके साथ लंबे जुड़ाव को भी विस्तार से याद किया।
उन्होंने संकेत दिया कि आगे वह किसी नए प्रोजेक्ट पर काम कर सकते हैं और कहा कि वह पत्रकारिता से जुड़े रहेंगे। उनके शब्दों में, ‘पत्रकारिता मेरा पैशन है और उसी को आगे भी जीना है।’
सचिन भटनागर को लक्सर ग्रुप में प्रेसिडेंट- इंटरनेशनल बिजनेस नियुक्त किया गया है। नोएडा स्थित हेड ऑफिस से वह बिजनेस ग्रोथ, मार्केट विस्तार और नए इंटरनेशनल अवसरों पर काम करेंगे।
by
Samachar4media Bureau
सचिन भटनागर (Sachin Bhatnagar) को लक्सर ग्रुप (Luxor Group) में प्रेसिडेंट- इंटरनेशनल बिजनेस (President - International Business) नियुक्त किया गया है। कंपनी ने लिंक्डइन (LinkedIn) पोस्ट के जरिए उनकी नई जिम्मेदारी की जानकारी साझा की है। वह नोएडा स्थित कंपनी के हेड ऑफिस (Head Office) से काम करेंगे।
नई भूमिका में सचिन भटनागर बिजनेस ग्रोथ (Business Growth) बढ़ाने, मार्केट प्रेजेंस (Market Presence) मजबूत करने और नए इंटरनेशनल अवसर (International Opportunities) तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे। लक्सर ग्रुप अपने इंटरनेशनल विस्तार को आगे बढ़ा रहा है।
कंपनी ने अपनी लिंक्डइन पोस्ट में कहा, “हमें सचिन भटनागर का लक्सर ग्रुप के प्रेसिडेंट के तौर पर स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। हम उनके नेतृत्व, विशेषज्ञता और लक्सर की निरंतर ग्रोथ और सफलता में योगदान की उम्मीद करते हैं।”
सचिन भटनागर के पास 30 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। उन्हें मल्टीनेशनल कॉरपोरेशंस (Multinational Corporations), यूरोपियन मार्केट लीडर्स (European Market Leaders) और भारतीय लिस्टेड कंपनियों में इंटरनेशनल बिजनेस (International Business) तैयार करने और उसे बड़े स्तर पर विस्तार देने का अनुभव है।
उनका अनुभव कंज्यूमर प्रोडक्ट्स (Consumer Products), एफएमसीजी (FMCG), स्टेशनरी (Stationery), पैकेजिंग और प्रिंटिंग (Packaging & Printing), स्पेशलिटी केमिकल्स (Specialty Chemicals), प्रिसीजन इंजीनियरिंग (Precision Engineering) और फार्मा (Pharma) जैसे क्षेत्रों में रहा है।
ग्लोबल इवेंट मार्केटिंग एजेंसी ओपस एजेंसी (Opus Agency) ने एशिया पैसिफिक क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए ASEAN और ANZ के लिए अलग-अलग वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति की है।
by
Samachar4media Bureau
ग्लोबल इवेंट मार्केटिंग एजेंसी ओपस एजेंसी (Opus Agency) ने एशिया पैसिफिक क्षेत्र में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए ASEAN और ANZ के लिए अलग-अलग वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति की है।
एरिका सियो (Erica Seo) को सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, ASEAN और चार्ल्स टर्नर (Charles Turner) को सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, ANZ नियुक्त किया गया है। दोनों सीधे ओपस एजेंसी की प्रेसिडेंट डेना लोवरी (Dena Lowery) को रिपोर्ट करेंगे।
एरिका सियो इससे पहले स्पाल्बा (Spalba) में एपीएसी की बिजनेस हेड थीं। इससे पहले उन्होंने जॉर्ज पी. जॉनसन एक्सपीरियंस मार्केटिंग (George P Johnson Experience Marketing) में कई वरिष्ठ पदों पर काम किया है। वह जीपीजे कोरिया (GPJ Korea) की मैनेजिंग डायरेक्टर भी रह चुकी हैं।
वहीं, चार्ल्स टर्नर ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में ओपस एजेंसी के कारोबार की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके काम में कारोबारी प्रदर्शन, क्लाइंट ग्रोथ, रोजमर्रा के कामकाज और क्षेत्रीय क्षमताओं को बढ़ाना शामिल होगा।
टर्नर के पास जॉर्ज पी. जॉनसन ऑस्ट्रेलिया एंड न्यूजीलैंड में 12 साल काम करने का अनुभव है। इसके बाद उन्होंने द कंपनी वी कीप (The Company We Keep) में दो साल काम किया। ओपस एजेंसी ने 2025 में इस कंपनी का अधिग्रहण किया था।
इन नियुक्तियों के साथ ओपस एजेंसी APAC क्षेत्र में अपने कारोबार का विस्तार कर रही है। एजेंसी सेल्सफोर्स, एमेज़ॉन वेब सर्विसेज (AWS), यूबीएस और रेड हैट जैसे क्लाइंट्स के साथ काम करती है। हाल की परियोजनाओं में एडब्ल्यूएस समिट एएनसीईएएन (AWS Summit ASEAN) भी शामिल है, जिसका आयोजन सिंगापुर, बैंकॉक और जकार्ता में किया गया था। इस कार्यक्रम में 16,000 से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया था।