होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकार से बोलीं कंगना- तुम इतना गंदा सोचते कैसे हो? देखें विडियो
पत्रकार से बोलीं कंगना- तुम इतना गंदा सोचते कैसे हो? देखें विडियो
पत्रकार ने एक्ट्रेस की ओर से लगाए गए सभी आरोपों से किया इनकार
नीरज नैयर 6 years ago
कंगना रनौत की फिल्में जितनी चर्चा में रहती हैं, उतना ही उनका गुस्सा। वो कब, कहां और किससे उलझ जायेंगी, ये शायद उन्हें भी नहीं पता होता। फिलहाल वह एक पत्रकार के साथ बहस को लेकर सुर्खियों में हैं। कंगना ने प्रेस कांफ्रेंस में एक पत्रकार पर निशाना साधा। उसके बाद दोनों के बीच काफी देर तक गर्मागर्म बहस चलती रही। इस बीच, वहां मौजूद एक अन्य भी पत्रकार से उलझ पड़ा। गनीमत रही कि आयोजकों ने जल्द ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया, वरना प्रेस कांफ्रेंस आपसी विवाद का अखाड़ा बनकर रह जाती।
दरअसल, कंगना मुंबई में अपनी नई फिल्म ‘जजमेंटल है क्या’ के गानों की रिलीज के अवसर पर एक प्रेस कांफ्रेंस में पहुंची थीं। उनके साथ अभिनेता राजकुमार राव और फिल्म की निर्माता एकता कपूर भी थीं। प्रेस कांफ्रेंस शुरू होते ही सवाल-जवाब का सिलसिला शुरू हुआ। कुछ देर तक सब कुछ ठीक चला, लेकिन जैसे ही एक पत्रकार ने अपना परिचय देते हुए कंगना से सवाल पूछना चाहा, वह भड़क उठीं। अभिनेत्री ने उक्त पत्रकार पर अपनी फिल्म ‘मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ़ झांसी की रानी’ को लेकर गलतबयानी करने का आरोप लगाया, जिससे पत्रकार ने इनकार किया और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
कंगना ने कहा, ‘आपने मेरी फिल्म मणिकर्णिका को लेकर ट्विटर पर गलतबयानी की। तुम तो मेरे दुश्मन ही बन गए है, इतना घटिया लिखते कैसे हो आप इतना गंदा सोचते कैसे हो? क्या मैंने राष्ट्रवाद पर फिल्म बनाकर कुछ गलत किया’? अपने बचाव में पत्रकार ने कहा, ‘मैंने फिल्म के संबंध में कोई ट्वीट नहीं किया था और आप मंच पर बैठी हैं, इसका ये मतलब नहीं कि आप किसी पत्रकार को डरा सकती हैं।’ इतना सुनते ही कंगना का पारा एकदम से चढ़ गया। हालांकि, इससे पहले कि वो कुछ बोल पातीं, वहां मौजूद एक अन्य महिला, जो संभवत: अभिनेत्री के साथ थी, ने पत्रकार को निशाना बनाना शुरू कर दिया। पत्रकार उससे शांत होने की अपील करता रहा, लेकिन वह नहीं मानी। कुछ देर बाद आयोजकों ने बीच-बचाव करके स्थिति को नियंत्रित किया और उक्त महिला के व्यवहार के लिए माफ़ी भी मांगीं। मगर इस सीन के ख़त्म होते ही कंगना ने फिर से पत्रकार पर हमला बोल दिया।
कंगना ने आगे कहा, ‘मणिकर्णिका के दौरान आप इंटरव्यू के लिए मेरी वैनिटी वैन में आये थे। हम करीब तीन घंटे साथ थे और एक साथ लंच भी किया था। हालांकि, इसके बाद आपका व्यवहार एकदम से बदल गया, आपने मुझे टेक्स्ट मैसेज भी किया। मैं आपको व्यक्तिगत रूप से जानती हूं, इसलिए ये बिल्कुल भी मत कहियेगा कि मैं आपको डराने की कोशिश कर रही हूं।‘ इसके जवाब में पत्रकार ने कहा, ‘इंटरव्यू केवल आधा घंटे का था और मुझे नहीं याद कि हमने साथ लंच किया था या मैंने आपको कोई मैसेज भेजा।’ कंगना जब अपनी मैसेज वाली बात पर अड़ी रहीं तो पत्रकार ने उन्हें स्क्रीनशॉट दिखाने के लिए कहा, जिस पर कंगना कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दे सकीं। कंगना ने आरोप लगाया कि पत्रकार उनके बारे में गलतबयानी करके उनकी छवि खराब करने में लगा है।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कंगना और पत्रकार के बीच हुए विवाद का विडियो आप यहां देख सकते हैं।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स बॉलिवुड एक्ट्रेस पत्रकार की बेइज्जती कंगना रनौत मणिकर्णिका