एक ऐसे दौर में जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्लेटफॉर्म कंसोलिडेशन और बदलती क्लाइंट उम्मीदें पूरी इंडस्ट्री को बदल रही हैं, WPP सिर्फ एक सामान्य सुधार नहीं, बल्कि उससे कहीं बड़ा कदम उठाता दिख रहा है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
कंचन श्रीवास्तव, सीनियर एडिटर, एक्सचेंज4मीडिया ग्रुप ।।
एक ऐसे दौर में जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्लेटफॉर्म कंसोलिडेशन और बदलती क्लाइंट उम्मीदें पूरी इंडस्ट्री को बदल रही हैं, WPP सिर्फ एक सामान्य सुधार (turnaround) नहीं, बल्कि उससे कहीं बड़ा कदम उठाता दिख रहा है। CEO सिंडी रोज के नेतृत्व में कंपनी यह तय करने की कोशिश कर रही है कि आज के समय में एक मॉडर्न एडवरटाइजिंग ग्रुप कैसा दिखना चाहिए।
हाल के कदम बताते हैं कि कंपनी दो रास्तों पर एक साथ काम कर रही है। पहला है स्ट्रक्चरल बदलाव, यानी संगठन को आसान बनाना। इसी के तहत फरवरी में एक चौंकाने वाला ऐलान हुआ कि WPP अब होल्डिंग कंपनी नहीं रहेगा। इसके साथ ही ओवरलैप कम करने और ब्रांड्स को जोड़ने की दिशा में कदम उठाए गए, जैसे Ogilvy, VML और AKQA जैसी तीन बड़ी क्रिएटिव एजेंसियों को एक छत के नीचे लाना।
दूसरा है सांस्कृतिक बदलाव, यानी कंपनी के अंदर लीडरशिप का भरोसा दोबारा बनाना। लंबे समय से अनिश्चितता झेल रही कंपनी में सिर्फ ऑपरेशनल बदलाव काफी नहीं होंगे, यह संकेत साफ दिख रहा है। रोज मानती हैं कि सोच में बदलाव के बिना असली सुधार संभव नहीं।
हाल ही में लंदन में हुए एक लीडरशिप समिट में करीब 175 सीनियर एग्जीक्यूटिव्स को बुलाया गया। इसमें बिजनेस प्लानिंग के साथ-साथ अंदरूनी बदलाव पर भी काम हुआ। इसमें वेलनेस प्रोग्राम, खास तरह के मील्स और टीम-बिल्डिंग एक्सरसाइज शामिल थीं, जिसे इंडस्ट्री के कुछ लोग एक नई लीडरशिप कल्चर बनाने की कोशिश मान रहे हैं।
खास बात यह रही कि लॉस एंजेलिस के परफॉर्मेंस साइकोलॉजिस्ट माइकल गर्वेस को भी बुलाया गया, जो टॉप एथलीट्स और कॉर्पोरेट लीडर्स के साथ काम कर चुके हैं। इससे साफ है कि कंपनी अब माइंडसेट और वेलबीइंग के जरिए परफॉर्मेंस सुधारने पर जोर दे रही है।
इसके अलावा ऐन-इसाबेल चोइरी को चीफ ट्रांसफॉर्मेशन ऑफिसर बनाया गया है, जिससे यह संकेत मिलता है कि अब सिर्फ स्ट्रेटेजी ही नहीं, बल्कि उसे जमीन पर उतारना भी उतना ही जरूरी हो गया है।
बदलाव WPP के लिए नया नहीं
हालांकि, खुद को बदलना WPP के लिए कोई नई बात नहीं है। 1971 में यह कंपनी Wire and Plastic Products के नाम से शुरू हुई थी, जो घरेलू सामान बनाती थी। लेकिन 1980 के दशक में इसे बदलकर दुनिया की सबसे बड़ी मार्केटिंग सर्विस कंपनियों में शामिल कर दिया गया।
1980 और 1990 के दशक में WPP ने कई बड़ी कंपनियों को खरीदकर तेजी से विस्तार किया। 2005 में Grey Global Group का अधिग्रहण इसकी पोजिशन को और मजबूत करने वाला साबित हुआ। कुछ समय तक WPP दुनिया की सबसे बड़ी एडवरटाइजिंग कंपनी रही, लेकिन बाद में Publicis Groupe और Omnicom Group जैसे प्रतिस्पर्धियों ने बढ़त बना ली।
एक इंडस्ट्री एक्सपर्ट के मुताबिक, “इस ग्रोथ ने स्केल तो दिया, लेकिन कंपनी का ढांचा इतना बड़ा और जटिल हो गया कि उसे मैनेज करना मुश्किल होता गया। जो चीज पहले ताकत थी, वही अब चुनौती बन गई है।”
अंदरूनी भरोसा वापस लाने की कोशिश
यह सांस्कृतिक बदलाव ऐसे समय में हो रहा है, जब कंपनी के अंदर थकान (fatigue) का माहौल माना जा रहा है। कई सालों की कमजोर परफॉर्मेंस, क्लाइंट लॉस और लगातार रणनीतिक बदलावों ने कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित किया है।
सिंडी रोज ने भी माना है कि कुछ लीडर्स को लग रहा था कि कंपनी ने “अपना भरोसा खो दिया था।” हालांकि अब उन्हें एक साफ दिशा नजर आने लगी है।
इस बदलाव को मजबूत करने के लिए WPP ने अपनी पीपल लीडरशिप में भी बदलाव किया है और मार्क रीड टेलर को जिम्मेदारी दी है, ताकि परफॉर्मेंस और कल्चर पर ज्यादा फोकस हो सके।
कुल मिलाकर, लीडरशिप कोचिंग, संगठन में बदलाव और नए मैसेजिंग के जरिए कंपनी सिर्फ काम सुधारने की नहीं, बल्कि भरोसा वापस लाने की कोशिश कर रही है।
जटिल ढांचे से बाहर निकलने की कोशिश
इस रणनीति के केंद्र में कंपनी का ढांचा सरल बनाना है, जिसे रोज “बहुत ज्यादा जटिल” मानती हैं। WPP अब खुद को एक पारंपरिक होल्डिंग कंपनी से हटाकर एक यूनिफाइड ऑपरेटिंग बिजनेस बनाना चाहता है।
कई सालों तक WPP का मॉडल अलग-अलग एजेंसियों पर आधारित रहा, लेकिन अब क्लाइंट्स को मीडिया, डेटा, कॉमर्स और क्रिएटिव, सब कुछ एक साथ चाहिए। ऐसे में बिखरा हुआ ढांचा अब कमजोर पड़ता दिख रहा है।
इस बदलाव की तुलना Publicis Groupe के “Power of One” मॉडल से की जा रही है। WPP का खुद का प्रोग्राम Elevate28 इसी गैप को कम करने की कोशिश माना जा रहा है।
फाइनेंशियल दबाव भी बड़ा कारण
यह बदलाव सिर्फ रणनीतिक नहीं, बल्कि फाइनेंशियल दबाव का भी नतीजा है। हाल ही में WPP ने मुनाफे में तेज गिरावट दर्ज की, जिसमें £641 मिलियन का इम्पेयरमेंट चार्ज भी शामिल था। कंपनी ने चेतावनी दी है कि 2026 तक दबाव बना रह सकता है।
पिछले दशक में कंपनी की मार्केट वैल्यू भी काफी गिरी है, जो निवेशकों की चिंता को दिखाती है।
Elevate28 प्रोग्राम के तहत WPP 2028 तक £500 मिलियन की लागत बचाने का लक्ष्य रख रहा है। 2026 में ही £100 मिलियन की बचत और £250 मिलियन सालाना बचत की उम्मीद है। हालांकि, यह पैसा ग्रोथ में दोबारा निवेश किया जा रहा है, साथ ही करीब £190 मिलियन का खर्च भी रीस्ट्रक्चरिंग में लग रहा है।
लागत घटाने के साथ पहचान का सवाल
£500 मिलियन की लागत बचत इस बदलाव का बड़ा हिस्सा है, साथ ही कंपनी अपने पोर्टफोलियो को भी नया रूप दे रही है और हाई-ग्रोथ क्षेत्रों पर फोकस कर रही है।
इसी के तहत कंपनी अपनी PR यूनिट Burson को बेचने पर विचार कर रही है। हालांकि WPP इसे पीछे हटना नहीं मानता, लेकिन कुछ एक्सपर्ट इसे स्ट्रेटेजिक बदलाव का हिस्सा मानते हैं।
इंडस्ट्री की दिग्गज मीनाक्षी मेनन का मानना है कि WPP ने लंबे समय तक मुनाफे पर ज्यादा ध्यान दिया और लोगों व पार्टनर्स को नजरअंदाज किया। उनके मुताबिक, “अब उसका असर दिख रहा है।”
वहीं Grapes की CEO श्रद्धा अग्रवाल मानती हैं कि यह समस्या सिर्फ WPP की नहीं, बल्कि पूरी इंडस्ट्री की है। क्लाइंट्स अब खुद कंटेंट बना रहे हैं और AI ने इसे और आसान बना दिया है। इससे एजेंसियों पर दबाव बढ़ा है।
वे यह भी कहती हैं कि टैलेंट बनाए रखना अब नया बिजनेस जीतने से भी ज्यादा मुश्किल हो गया है, क्योंकि काम का दबाव बढ़ रहा है और लोग जल्दी थक रहे हैं।
Ashish Bhasin का भी मानना है कि एजेंसियां लागत घटाने में ज्यादा लगी हैं, बजाय लोगों और तकनीक में निवेश करने के। उनके मुताबिक, “अगर ऐसा ही चलता रहा, तो एजेंसियां ‘sunset industry’ बन सकती हैं।”
आगे का रास्ता लंबा है
WPP का कहना है कि उसका नया मॉडल (WPP Open के जरिए) क्लाइंट्स को पसंद आ रहा है और नए बिजनेस मिल रहे हैं। UK सरकार, Estée Lauder और SC Johnson जैसे बड़े क्लाइंट्स इसके उदाहरण हैं।
लेकिन शुरुआती संकेत मिले-जुले हैं। Q1 2026 में कंपनी की आय £3,030 मिलियन रही, जो पिछले साल से 6.6% कम है। वहीं असली आय (pass-through cost हटाकर) £2,260 मिलियन रही, जिसमें भी गिरावट आई है।
इसके अलावा 2026 में क्लाइंट लॉस का असर ग्रोथ पर 500–600 बेसिस पॉइंट तक पड़ सकता है।
सिंडी रोज ने कहा, “हमारा फोकस एक सरल और इंटीग्रेटेड WPP बनाने पर है, जो क्लाइंट्स को पसंद आ रहा है। Elevate28 की शुरुआत के बाद जो मोमेंटम दिख रहा है, वह हमारे प्लान के सही दिशा में होने का संकेत है।”
उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी का लक्ष्य लगातार ऑर्गेनिक ग्रोथ हासिल करना है, लेकिन पुराने नुकसान से उबरने में समय लगेगा। Q1 के नतीजे उम्मीद के मुताबिक हैं और धीरे-धीरे सुधार की उम्मीद है, न कि तुरंत बड़ी वापसी की।
विज्ञापन और मार्केटिंग क्षेत्र की कंपनी माघ ऐडवर्टाइजिंग एंड मार्केटिंग सर्विसेज लिमिटेड ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त छमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
विज्ञापन और मार्केटिंग क्षेत्र की कंपनी माघ ऐडवर्टाइजिंग एंड मार्केटिंग सर्विसेज लिमिटेड (Maagh Advertising and Marketing Services Limited) ने 30 सितंबर 2026 को समाप्त छमाही के वित्तीय नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी को इस दौरान कंसोलिडेटेड आधार पर 24.87 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। कंपनी के नतीजों में 24.72 करोड़ रुपये का असाधारण खर्च भी दर्ज किया गया है।
कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 16 नवंबर 2026 को हुई बैठक में स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड अनऑडिटेड वित्तीय नतीजों को मंजूरी दी। ये नतीजे ऑडिट कमेटी की समीक्षा के बाद मंजूर किए गए।
कंसोलिडेटेड नतीजों में क्या रहा?
कंपनी की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 को समाप्त छमाही में कंसोलिडेटेड ऑपरेशंस से रेवेन्यू 7.77 लाख रुपये रहा। इस अवधि में कुल खर्च 25.78 लाख रुपये दर्ज किया गया और असाधारण मद से पहले कंपनी को 18.01 लाख रुपये का घाटा हुआ।
इसके अलावा, नतीजों में 2,472.80 लाख रुपये यानी करीब 24.73 करोड़ रुपये का असाधारण खर्च दर्ज किया गया। इसके बाद टैक्स खर्च को मिलाकर कंपनी का कुल कंसोलिडेटेड घाटा 2,487.50 लाख रुपये यानी करीब 24.88 करोड़ रुपये रहा।
स्टैंडअलोन नतीजों में भी घाटा
स्टैंडअलोन आधार पर कंपनी ने इस छमाही में ऑपरेशंस से कोई रेवेन्यू दर्ज नहीं किया। इस दौरान कंपनी का कुल खर्च 17.47 लाख रुपये रहा और असाधारण मद से पहले 17.47 लाख रुपये का घाटा हुआ। 2,472.80 लाख रुपये के असाधारण खर्च के बाद कंपनी का स्टैंडअलोन घाटा 2,484.85 लाख रुपये यानी करीब 24.85 करोड़ रुपये रहा।
सब्सिडियरी कंपनी के नतीजे भी शामिल
कंसोलिडेटेड वित्तीय नतीजों में माघ ऐडवर्टाइजिंग के साथ उसकी सब्सिडियरी कंपनी मल्टी स्पेशियलिटी मैनेजमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के नतीजे भी शामिल हैं।
कंपनी के वित्तीय नतीजों की लिमिटेड रिव्यू रिपोर्ट में ऑडिटर पार्थ आर शाह एंड कंपनी ने कहा है कि उनकी समीक्षा में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई, जिससे वित्तीय नतीजों में किसी बड़ी गड़बड़ी या जरूरी जानकारी के खुलासे में कमी का संकेत मिले। हालांकि, ऑडिटर ने स्पष्ट किया है कि यह समीक्षा पूरी तरह का ऑडिट नहीं है।
जय शाह को बाली में हुई ICC बोर्ड बैठक के बाद लगातार दूसरी बार चेयरमैन चुना गया। उनका चयन निर्विरोध हुआ। कार्यकाल में वैश्विक विस्तार, महिला क्रिकेट और LA28 ओलंपिक मुख्य प्राथमिकता रहेंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
भारतीय क्रिकेट प्रशासन से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक अपनी पहचान बनाने वाले जय शाह (Jay Shah) को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें लगातार दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। खास बात यह है कि इस पद के लिए उनका चयन निर्विरोध हुआ है। ICC ने आज इसकी आधिकारिक घोषणा की।
यह फैसला इंडोनेशिया के बाली में हुई ICC बोर्ड और कमेटी की बैठकों के दौरान लिया गया। बोर्ड के निदेशकों ने जय शाह के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद उन्हें दूसरे कार्यकाल के लिए दोबारा चुना गया। ICC के मुताबिक, यह निर्णय उनके नेतृत्व पर बोर्ड के भरोसे और क्रिकेट के विकास की योजनाओं में निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।
जय शाह ने 1 दिसंबर 2024 को ICC चेयरमैन का पद संभाला था। इससे पहले वह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव और एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। 36 वर्ष की उम्र में वह ICC के इतिहास में इस पद पर पहुंचने वाले सबसे युवा व्यक्ति बने थे।
दूसरे कार्यकाल में जय शाह के सामने क्रिकेट को नए देशों तक पहुंचाने और खेल की लोकप्रियता बढ़ाने की चुनौती होगी। ICC की प्राथमिकताओं में महिला क्रिकेट को मजबूत करना, एसोसिएट देशों को अधिक अवसर देना और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की पारदर्शिता बनाए रखना शामिल है।
इसके अलावा 2028 में लॉस एंजिलिस ओलंपिक (LA28) में क्रिकेट की वापसी भी उनके लिए एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। 128 साल बाद ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी से इस खेल को नए दर्शकों और देशों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
दोबारा नियुक्ति पर जय शाह ने ICC बोर्ड के सभी निदेशकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत लोगों को जोड़ने की क्षमता है और वह इस खेल को वैश्विक स्तर पर और मजबूत बनाने के लिए काम करते रहेंगे।
इससे पहले वह Zee Media और News Nation समेत कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उन्हें समाचार4मीडिया की हिंदी पत्रकारिता 40 अंडर 40 सूची में भी शामिल किया जा चुका है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया इंडस्ट्री से एक और नई नियुक्ति की खबर है। पत्रकार और न्यूज एंकर सपना शुक्ला ने देश के प्रमुख न्यूज नेटवर्क्स में शुमार टाइम्स नेटवर्क (Times Network) के साथ अपनी नई पारी शुरू की है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, उन्होंने नेटवर्क के हिंदी न्यूज चैनल 'टाइम्स नाउ नवभारत' (Times Now Navbharat) में बतौर सीनियर एंकर जॉइन किया है।
इससे पहले वह करीब साढ़े चार साल से न्यूज18 इंडिया (News18 India) में बतौर एंकर अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं। उन्होंने जुलाई 2022 में इस चैनल में एंकर-कम-रिपोर्टर के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की थी। सपना शुक्ला को पत्रकारिता के क्षेत्र में अच्छा अनुभव है।
उन्होंने अपने करियर की शुरुआत JK24x7 में रिपोर्टर के तौर पर की थी। इसके बाद उन्होंने प्राइम न्यूज (Prime News), ईटीवी भारत (ETV Bharat), टोटल टीवी (Total TV), न्यूज नेशन (News Nation) और जी मीडिया (Zee Media) जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी भूमिकाएं निभाई हैं।
जी मीडिया के हिंदी रीजनल न्यूज चैनल 'जी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड' (Zee UP/UK) में भी वह एंकर के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के इटावा की रहने वालीं सपना शुक्ला की परवरिश गाजियाबाद में हुई है। उन्होंने दिल्ली स्थित हेरिटेज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड कम्युनिकेशन (HIMCOM) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है।
उपलब्धियों की बात करें तो सपना शुक्ला को प्रतिष्ठित ‘एक्सचेंज4मीडिया न्यूज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड्स’ (ENBA) के तहत 'यंग प्रोफेशनल ऑफ द ईयर 2022' के सम्मान से नवाजा जा चुका है। इसके अलावा उन्हें समाचार4मीडिया की ओर से आयोजित ‘पत्रकारिता 40 अंडर 40’ सूची में भी शामिल किया जा चुका है।
समाचार4मीडिया की ओर से सपना शुक्ला को उनके नए सफर के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
निकिता फर्नांडिस ने कोटक महिंद्रा बैंक में वाइस प्रेसिडेंट – मार्केटिंग की जिम्मेदारी संभाली है। इससे पहले वह टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप में डिप्टी चीफ ब्रांड मैनेजर थीं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
निकिता फर्नांडिस (Nikita Fernandes) कोटक महिंद्रा बैंक (Kotak Mahindra Bank) से वाइस प्रेसिडेंट – मार्केटिंग के रूप में जुड़ गई हैं। उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) पर पोस्ट साझा कर अपनी नई जिम्मेदारी की जानकारी दी।
अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, “द इकोनॉमिक टाइम्स (The Economic Times) के साथ शानदार सफर के बाद मैं कोटक महिंद्रा बैंक के साथ अपने करियर के नए अध्याय की शुरुआत को लेकर उत्साहित हूं।”
कोटक महिंद्रा बैंक से जुड़ने से पहले फर्नांडिस करीब एक दशक तक टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप (The Times of India Group) के साथ काम कर चुकी हैं। वहां अपनी आखिरी भूमिका में वह दो साल तक द इकोनॉमिक टाइम्स की डिप्टी चीफ ब्रांड मैनेजर रहीं।
उन्होंने जुलाई 2017 में डिप्टी मैनेजर – ब्रांड, द टाइम्स ऑफ इंडिया मेट्रो सप्लीमेंट्स के रूप में ग्रुप में अपना सफर शुरू किया था। इससे पहले वह फाउंटेनहेड (Fountainhead) और रेड बुल (Red Bull) के साथ भी काम कर चुकी हैं।
प्रसार भारती ने जानी-मानी लेखिका, पुरस्कार विजेता पटकथा लेखक और स्तंभकार अद्वैता काला को अपना प्रधान सलाहकार नियुक्त किया है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
देश के सार्वजनिक प्रसारक ‘प्रसार भारती’ (Prasar Bharati) ने लेखिका और पटकथा लेखक अद्वैता काला (Advaita Kala) को प्रधान सलाहकार (Principal Advisor) नियुक्त किया है।
पौड़ी गढ़वाल की #अद्वैता_काला बनीं #प्रसार_भारती की प्रधान सलाहकार उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है कि पौड़ी गढ़वाल के सुमाड़ी गांव की मूल निवासी अद्वैता काला को देश के सार्वजनिक प्रसारक प्रसार भारती का प्रधान सलाहकार नियुक्त किया गया है। #AdvaitaKala #PrasarBharati #Uttarakhand https://t.co/e7j37tpbbW
— Akashvani News Uttarakhand (@airnews_ddn) November 14, 2026
अद्वैता काला मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के सुमाड़ी गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने साहित्य, सिनेमा और पत्रकारिता के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
अद्वैता काला को मुख्य रूप से विद्या बालन अभिनीत चर्चित हिंदी फिल्म 'कहानी' की पटकथा लिखने के लिए जाना जाता है। इस फिल्म के लिए उन्हें स्क्रीन अवॉर्ड और जी सिने अवॉर्ड सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था।
फिल्म लेखन के अलावा अद्वैता काला साहित्य के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उनका उपन्यास 'ऑलमोस्ट सिंगल' (Almost Single) काफी चर्चित रहा है। यह एक सर्वाधिक बिकने वाली पुस्तकों में शामिल रहा और इसका प्रकाशन अमेरिका तथा फ्रांस जैसे देशों में भी हुआ है।
15 नवंबर की सुबह वह बाइक टैक्सी से अपने ऑफिस जा रही थीं। इसी दौरान भोपाल के भदभदा चौराहे पर हुए हादसे में उनकी जान चली गई।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
हिंदी न्यूज चैनल ‘विस्तार न्यूज’ (Vistaar News) की युवा पत्रकार सपना कुमारी का सड़क हादसे में निधन हो गया। वह महज 25 साल की थीं और विस्तार न्यूज में असिस्टेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत थीं। 15 नवंबर की सुबह वह बाइक टैक्सी से अपने ऑफिस जा रही थीं। इसी दौरान भोपाल के भदभदा चौराहे पर हुए हादसे में उनकी जान चली गई।
पुलिस के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब 8 बजे कमला नगर थाना क्षेत्र के भदभदा चौराहे पर हुआ। सपना बाइक टैक्सी पर सवार थीं, तभी एक अन्य बाइक सवार उनके पास से तेजी से गुजरा और अचानक कट मार दिया। इससे बाइक टैक्सी चालक का संतुलन बिगड़ गया और सपना सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है। हादसे में शामिल दूसरे बाइक सवार और डंपर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
सपना कुमारी मूल रूप से बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली थीं। विस्तार न्यूज की ओर से प्रकाशित श्रद्धांजलि के मुताबिक, वह दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थीं। उनके माता-पिता असम में पदस्थ हैं। सपना ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद 2 मार्च 2026 को विस्तार न्यूज में बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर अपने करियर की शुरुआत की थी। संस्थान में कम समय के दौरान ही उन्होंने अपने काम और व्यवहार से सहयोगियों के बीच पहचान बनाई थी।
बता दें कि हादसे के ठीक दो दिन पहले ही 13 नवंबर को विस्तार न्यूज के कार्यालय में सपना कुमारी के साथियों ने उनका जन्मदिन मनाया था। सपना कुमारी के निधन से उनके परिवार व परिचितों के साथ ही विस्तार न्यूज के साथियों में शोक की लहर है। संस्थान ने सपना कुमारी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके काम के प्रति लगन, समर्पण और सौम्य व्यवहार को याद किया है।
विस्तार न्यूज की एग्जिक्यूटिव एडिटर श्वेता राय ने भी सोशल मीडिया पर सपना के निधन पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने दिवाली के दिन सपना के साथ ली गई तस्वीर को याद करते हुए लिखा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह उनकी आखिरी तस्वीर होगी। उन्होंने सपना को अपनी प्यारी लाड़ली बताते हुए उनके असमय चले जाने पर दुख जताया।
हमारी प्यारी सी लाड़ली सपना हम लोगों को इतना जल्दी छोड़कर चली गई.. सिर्फ़ एक हफ़्ते पहले दिवाली के दिन ये तस्वीर लिए तब कभी नहीं सोचा था ये हमारी आख़िरी तस्वीर होगी.. अभी तो सफर शुरू ही हुआ था.. इतनी जल्दी तुम्हारा जाना.. निःशब्द हूँ मेरी गुड़िया रानी तुम्हारे लिए.. Vistaar News की होनहार पत्रकार सपना कुमारी का सड़क हादसे में निधन हो गया.. ईश्वर सपना की आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को ये दुःख सहने की शक्ति दें.. ओम शांति 🙏
— Shweta Rai (Vistaar News) (@Shwetaraiii) November 16, 2026
बीडीओ इंडिया ने राधिका शाह को एसोसिएट डायरेक्टर – ब्रांड मार्केटिंग एंड कम्युनिकेशंस नियुक्त किया है। उन्हें B2B और B2C सेक्टर में 15 साल से अधिक का अनुभव है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
बीडीओ इंडिया (BDO India) ने राधिका शाह (Radhika Shah) को एसोसिएट डायरेक्टर – ब्रांड मार्केटिंग एंड कम्युनिकेशंस नियुक्त किया है। अपनी नई भूमिका में वह कंपनी की ब्रांड बिल्डिंग और कम्युनिकेशंस से जुड़ी गतिविधियों का नेतृत्व करेंगी। उनका फोकस बाजार में कंपनी की मौजूदगी मजबूत करने और ब्रांड की पहचान को बेहतर बनाने पर रहेगा।
राधिका को बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) और बिजनेस-टू-कंज्यूमर (B2C) सेक्टर में 15 साल से अधिक का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर का करीब एक दशक विजिटब्रिटेन (VisitBritain) के साथ बिताया। यहां उन्होंने मार्केटिंग और कम्युनिकेशंस से जुड़े कामकाज का अनुभव हासिल किया।
उनकी नियुक्ति को बीडीओ इंडिया की मार्केटिंग और कम्युनिकेशंस लीडरशिप टीम को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। कंपनी का लक्ष्य ब्रांड पोजिशनिंग को बेहतर बनाने और बाजार में अपनी विजिबिलिटी बढ़ाने पर है।
फूड एम्पायर ने अभिनव धायल को प्रमोट कर इंडोनेशिया का कंट्री हेड बनाया है। इससे पहले वह वियतनाम में सेल्स डायरेक्टर थे। कंपनी के साथ उन्हें तीन साल से अधिक का अनुभव है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
फूड एम्पायर (Food Empire) ने अभिनव धायल (Abhinav Dhayal) को प्रमोट कर इंडोनेशिया का कंट्री हेड नियुक्त किया है। इससे पहले वह कंपनी में वियतनाम के सेल्स डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। धायल ने लिंक्डइन (LinkedIn) पोस्ट के जरिए अपनी नई भूमिका की जानकारी साझा की।
अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, “करियर से जुड़ा एक नया अपडेट साझा करते हुए खुशी हो रही है। मैंने फूड एम्पायर में सेल्स डायरेक्टर-वियतनाम की भूमिका से कंट्री हेड, इंडोनेशिया की जिम्मेदारी संभाल ली है। अब तक के सफर के लिए आभारी हूं और इंडोनेशियाई बाजार में कंपनी की अगली विकास यात्रा का नेतृत्व करने को लेकर उत्साहित हूं।”
नई भूमिका में धायल इंडोनेशिया में कंपनी की मार्केट एंट्री, कमर्शियल ऑपरेशंस और प्रॉफिट एंड लॉस (P&L) की पूरी जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही वह कॉर्पोरेट सेटअप, रूट-टू-मार्केट रणनीति, थर्ड-पार्टी लॉजिस्टिक्स (3PL) सप्लाई चेन पार्टनरशिप, रेगुलेटरी कंप्लायंस और स्थानीय बाजार के मुताबिक प्रोडक्ट पोर्टफोलियो तैयार करने का काम भी देखेंगे।
उनका फोकस पारंपरिक रिटेल, मॉडर्न रिटेल और डिजिटल चैनलों के जरिए कंपनी की बाजार पहुंच और कारोबार को मजबूत करने पर रहेगा। अभिनव धायल तीन साल से अधिक समय से फूड एम्पायर के साथ जुड़े हैं। इससे पहले वह एबॉट (Abbott) में रीजनल सेल्स मैनेजर – साउथ के पद पर कार्यरत थे।
मीडिया और एंटरटेनमेंट कंपनी बोधिट्री मल्टीमीडिया (Bodhi Tree Multimedia Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के नतीजे जारी किए हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया और एंटरटेनमेंट कंपनी बोधिट्री मल्टीमीडिया (Bodhi Tree Multimedia Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के नतीजे जारी किए हैं। कंपनी की ओर से जारी कंसोलिडेटेड नतीजों के मुताबिक, जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में कुल आय सालाना आधार पर 60.6% बढ़कर 39.19 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 24.40 करोड़ रुपये थी। वहीं, दूसरी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 3.68 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के 3.05 करोड़ रुपये से 20.5% अधिक है।
पहली छमाही यानी अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान कंपनी की कुल आय 65.3% की बढ़त के साथ 70.77 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में यह 42.81 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा भी 26.5% बढ़कर 4.46 करोड़ रुपये हो गया, जबकि H1 FY26 में यह 3.53 करोड़ रुपये था।
EBITDA में भी मजबूत बढ़त
कंपनी के EBITDA में भी अच्छी बढ़त देखने को मिली। Q2 FY27 में EBITDA 6.90 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 4.91 करोड़ रुपये से 40.5% अधिक है। पिछली तिमाही यानी Q1 FY27 के मुकाबले इसमें 69.8% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। Q2 में EBITDA मार्जिन 17.60% रहा।
वहीं, पहली छमाही में EBITDA 69.4% बढ़कर 10.96 करोड़ रुपये हो गया। H1 FY26 में यह 6.47 करोड़ रुपये था। इस दौरान EBITDA मार्जिन 15.49% रहा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि EBITDA और EBITDA मार्जिन में अन्य आय भी शामिल है।
5 शो प्रोडक्शन के अलग-अलग चरणों में
कंपनी के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसने टेलीविजन, OTT और डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए 100 घंटे से अधिक का ओरिजिनल कंटेंट तैयार किया। इसके अलावा, पांच शो प्रमुख ब्रॉडकास्टर्स और OTT प्लेटफॉर्म के लिए प्रोडक्शन के अलग-अलग चरणों में हैं।
कंपनी ने बताया कि उसे असम सरकार से राज्य के आधिकारिक डिजिटल कंटेंट प्लेटफॉर्म को तैयार करने और उसका प्रबंधन करने का रणनीतिक काम भी मिला है। इसके जरिए कंपनी कंटेंट प्रोडक्शन से आगे बढ़कर सरकारी डिजिटल मीडिया इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है।
Bodhi Tree Multimedia के पास 100 से अधिक शो और 5,000 घंटे से ज्यादा प्रोग्रामिंग का अनुभव है। कंपनी अब केवल दूसरे ब्रॉडकास्टर्स और प्लेटफॉर्म के लिए कंटेंट बनाने के बजाय अपने खुद के IP यानी कंटेंट और उससे जुड़े अधिकारों के स्वामित्व, कमाई और अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उनके विस्तार पर भी ध्यान दे रही है।
क्या बोले कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर?
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO मौतिक टोलिया ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही कंपनी के लिए अहम रही है। इस दौरान कंसोलिडेटेड कुल आय 65.3% बढ़कर 70.77 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, दूसरी तिमाही में आय 60.6% बढ़कर 39.19 करोड़ रुपये रही।
उन्होंने कहा कि कंपनी टेलीविजन, OTT, डिजिटल, FAST और YouTube जैसे प्लेटफॉर्म पर अपने IP तैयार करने और उनका स्वामित्व रखने की रणनीति पर काम कर रही है। उनके मुताबिक, मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर में डिजिटल, क्षेत्रीय भाषाओं और अलग-अलग प्लेटफॉर्म का महत्व बढ़ रहा है। ऐसे में कंटेंट के स्वामित्व और उसके कई माध्यमों से वितरण के जरिए कंपनी के लिए नए अवसर बन रहे हैं।
टोलिया ने यह भी बताया कि कंपनी अपने कंटेंट डेवलपमेंट और प्रोडक्शन के काम में AI का इस्तेमाल बढ़ा रही है। इससे काम की गति, कार्यक्षमता और फैसले लेने की प्रक्रिया बेहतर बनाने में मदद मिल रही है। कंपनी का कहना है कि वित्त वर्ष 2026-27 में उसका ध्यान अपने IP और डिजिटल क्षमताओं को बढ़ाने तथा कारोबार के विकास के नए रास्ते तैयार करने पर रहेगा।
मीडिया इंडस्ट्री के बदलावों पर भी कंपनी की नजर
कंपनी ने अपने नतीजों के साथ मीडिया और एंटरटेनमेंट सेक्टर से जुड़े कुछ नियामकीय बदलावों का भी जिक्र किया है। इनमें टेलीविजन ब्रॉडकास्टर्स के लिए विज्ञापन की सीमा में बदलाव, AI से तैयार गैरकानूनी कंटेंट और डीपफेक पर प्रस्तावित कार्रवाई, टेलीविजन रेटिंग से जुड़े बदलाव और प्रसारण सेवाओं के लिए एकीकृत नियामकीय ढांचे का प्रस्ताव शामिल है।
कंपनी के मुताबिक, इन बदलावों का असर ब्रॉडकास्टर्स, विज्ञापनदाताओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म के कामकाज पर पड़ सकता है। ऐसे माहौल में Bodhi Tree Multimedia अपने कंटेंट कारोबार को कई प्लेटफॉर्म पर फैलाने और टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से मजबूत बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
मोबाइल पर आने वाली अनचाही प्रमोशनल कॉल और मैसेज यानी स्पैम से परेशान लोगों के लिए एक अहम खबर है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मोबाइल पर आने वाली अनचाही प्रमोशनल कॉल और मैसेज यानी स्पैम से परेशान लोगों के लिए एक अहम खबर है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही में अनचाहे कमर्शियल कम्युनिकेशन (UCC) के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। इस दौरान 1.10 लाख से ज्यादा टेलीकॉम संसाधनों को 15 दिनों के लिए बंद किया गया, जबकि करीब 13,777 संसाधनों को एक साल के लिए डिस्कनेक्ट किया गया। इसके अलावा 374 सेंडर्स को एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट भी किया गया है।
TRAI ने 13 नवंबर को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2026) के लिए UCC के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट जारी की। यह रिपोर्ट देश की टेलीकॉम कंपनियों से मिली जानकारी के आधार पर तैयार की गई है।
तीन महीने में मिलीं 15.29 लाख स्पैम शिकायतें
TRAI की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक देश में कुल टेलीकॉम सब्सक्राइबर्स की संख्या करीब 134.9 करोड़ थी। वहीं, जुलाई से सितंबर के बीच टेलीकॉम नेटवर्क पर 71,401 करोड़ कॉल और 70,228 करोड़ SMS किए गए।
इस दौरान अनचाहे कमर्शियल कम्युनिकेशन को लेकर कुल 15.29 लाख शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 7.23 लाख शिकायतें ऐसी थीं, जिन पर कार्रवाई की जा सकती थी। TRAI के मुताबिक, इस तिमाही में हर 10 लाख आउटगोइंग कॉल पर औसतन 2.14 UCC शिकायतें दर्ज हुईं।
कार्रवाई के तहत 1,10,325 टेलीकॉम संसाधनों को पहली बार नियमों का उल्लंघन करने पर 15 दिनों के लिए आउटगोइंग कम्युनिकेशन से रोका गया। वहीं, बार-बार नियम तोड़ने पर 13,777 संसाधनों को एक साल के लिए डिस्कनेक्ट किया गया। इसके अलावा 3,725 SMS हेडर ब्लॉक किए गए।
DND ऐप पर आईं 92.9% शिकायतें
स्पैम कॉल और मैसेज के खिलाफ कार्रवाई में TRAI के DND ऐप की भूमिका भी अहम रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान UCC से जुड़ी कुल 15.29 लाख शिकायतों में से 14.21 लाख शिकायतें TRAI DND ऐप के जरिए मिलीं। यानी कुल शिकायतों में करीब 92.9 फीसदी इसी ऐप के माध्यम से दर्ज की गईं।
30 सितंबर 2026 तक इस ऐप के कुल डाउनलोड की संख्या 42.36 लाख पहुंच गई थी। TRAI ने लोगों को ऐप के इस्तेमाल और स्पैम की शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से कई अभियान भी चलाए।
इन अभियानों के तहत 132 FM चैनलों, 15 ऑल इंडिया रेडियो (AIR) FM चैनलों, 23 निजी टीवी चैनलों, दो दूरदर्शन चैनलों और 97 अखबारों के जरिए लोगों तक जानकारी पहुंचाई गई।
इसके अलावा, जून से अगस्त 2026 के बीच MyGov पोर्टल पर 'TRAI DND Reel Challenge' आयोजित किया गया। सोशल मीडिया पर चलाए गए एक डिजिटल अभियान को 2.48 करोड़ से ज्यादा इम्प्रेशन मिले। वहीं, देशभर में 322 उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें करीब 31 हजार लोगों ने सीधे हिस्सा लिया।
TRAI ने जुलाई से सितंबर के बीच उपभोक्ताओं को DND ऐप के बारे में जागरूक करने के लिए 300 करोड़ से ज्यादा SMS भी भेजे।
अब भी 112 करोड़ से ज्यादा लोगों ने नहीं चुनी DND सुविधा
रिपोर्ट का एक अहम पहलू यह भी है कि देश में बड़ी संख्या में मोबाइल यूजर्स ने अभी तक DND रजिस्ट्री में अपनी पसंद दर्ज नहीं कराई है।
30 सितंबर 2026 तक DND रजिस्ट्री में कुल 22.449 करोड़ उपभोक्ताओं ने अपनी प्राथमिकताएं दर्ज कराई थीं। यह देश के कुल 134.9 करोड़ टेलीकॉम सब्सक्राइबर्स का करीब 16.64 फीसदी है।
इसका मतलब है कि 112 करोड़ से ज्यादा उपभोक्ताओं ने अभी तक अपनी DND प्राथमिकताएं रजिस्टर नहीं कराई हैं। ऐसे उपभोक्ता रजिस्टर्ड टेलीमार्केटर्स और सेंडर्स की कमर्शियल कम्युनिकेशन के लिए उपलब्ध हैं।
उपभोक्ता TRAI DND ऐप, अपनी टेलीकॉम कंपनी की वेबसाइट या ऐप के जरिए DND प्राथमिकताएं दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा 1909 नंबर पर कॉल या SMS करके भी प्रमोशनल कम्युनिकेशन को ब्लॉक करने या अपनी पसंद के मुताबिक अनुमति देने का विकल्प मौजूद है।
140 और 1600 सीरीज से पहचानना आसान हुई कॉल
अनचाही कॉल पर लगाम लगाने के लिए TRAI ने अलग-अलग तरह के कम्युनिकेशन के लिए विशेष नंबरिंग सीरीज भी निर्धारित की हैं।
140 सीरीज का इस्तेमाल प्रमोशनल कॉल के लिए किया जाता है। इन नंबरों से आने वाली कॉल को उपभोक्ताओं की रजिस्टर्ड DND प्राथमिकताओं के आधार पर जांचने के बाद ही डिलीवर किया जाता है।
वहीं, 1600 सीरीज को बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा (BFSI) सेक्टर की सर्विस और ट्रांजैक्शन से जुड़ी कॉल के साथ-साथ सरकारी संस्थाओं के नागरिकों से संपर्क के लिए शुरू किया गया है।
इसके अलावा, 10 अगस्त 2026 को TRAI ने यूटिलिटी, लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी सेक्टर की सर्विस और ट्रांजैक्शन कॉल के लिए 1601 सीरीज भी शुरू की।
रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान 140 सीरीज से 1,527 करोड़ प्रमोशनल कॉल की गईं। इनमें से 170 करोड़ कॉल उपभोक्ताओं की DND प्राथमिकताओं के आधार पर ब्लॉक कर दी गईं। इसी अवधि में रजिस्टर्ड सेंडर्स और टेलीमार्केटर्स ने 66,071 करोड़ कमर्शियल SMS भेजे, जबकि DND प्राथमिकताओं के आधार पर 1,109 करोड़ प्रमोशनल SMS ब्लॉक किए गए।
इस दौरान 1600 सीरीज से कुल 127 करोड़ कॉल की गईं।
AI ने पकड़ीं 1828 करोड़ संदिग्ध स्पैम कॉल
स्पैम पर लगाम लगाने के लिए टेलीकॉम कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सिस्टम का भी इस्तेमाल कर रही हैं। ये सिस्टम सामान्य 10 अंकों वाले मोबाइल नंबरों से आने वाली संदिग्ध कॉल और SMS की पहचान कॉलिंग पैटर्न के आधार पर करते हैं।
TRAI की रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान टेलीकॉम नेटवर्क पर कुल 70,596 करोड़ इनकमिंग कॉल आईं। इनमें से AI आधारित सिस्टम ने 1,828 करोड़ कॉल को संदिग्ध स्पैम के तौर पर चिह्नित किया।
इसी तरह, कुल 85,440 करोड़ इनकमिंग SMS में से 162 करोड़ SMS को संदिग्ध स्पैम के रूप में फ्लैग किया गया। यानी कॉल और SMS मिलाकर करीब 1,990 करोड़ संदिग्ध कम्युनिकेशन की पहचान की गई।
AI सिस्टम की मदद से संदिग्ध स्पैम भेजने वाली संस्थाओं को 45.95 लाख से ज्यादा चेतावनी नोटिफिकेशन भी भेजे गए। इसके अलावा, 34,025 संदिग्ध UCC सेंडर्स का e-KYC किया गया। KYC वेरिफिकेशन में नाकाम रहने पर 9,977 टेलीकॉम संसाधनों को डिस्कनेक्ट किया गया।
TRAI के मुताबिक, स्पैम के खिलाफ कार्रवाई अब सिर्फ मोबाइल नंबरों तक सीमित नहीं है। इसमें टेलीकॉम संसाधनों को बंद करने, सेंडर्स को ब्लैकलिस्ट करने, SMS हेडर ब्लॉक करने और AI आधारित पहचान जैसे कई स्तरों पर कदम उठाए जा रहे हैं।