होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / मेरठ में दबंगों ने घर में घुसकर पत्रकार पर किया हमला
मेरठ में दबंगों ने घर में घुसकर पत्रकार पर किया हमला
उत्तर प्रदेश में पत्रकारों पर हमले की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। बदमाशों द्वारा आए दिन पत्रकारों को निशाना बनाया जा रहा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
उत्तर प्रदेश में पत्रकारों पर हमले की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। बदमाशों द्वारा आए दिन पत्रकारों को निशाना बनाया जा रहा है। सोमवार को बलिया में पत्रकार रतन सिंह की हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि मेरठ में दबंगों द्वारा पत्रकार पर हमला किए जाने की खबर सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक स्थानीय अखबार में बतौर रिपोर्टर कार्यरत नवीन सिंह के जागृति विहार स्थित घर में घुसकर दबंगों ने हमला किया। बुधवार की रात करीब दस बजे हुए इस हमले में नवीन सिंह व उनके बड़े भाई घायल हुए हैं।
पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित रविराज को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि आपसी विवाद की वजह से यह घटना हुई है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों गाजियाबाद में कुछ बदमाशों ने बेटियों के सामने एक पत्रकार को बीच सड़क पर गोली मार दी थी। अस्पताल में उपचार के दौरान पत्रकार ने दम तोड़ दिया था, वहीं बलिया में सोमवार को कुछ बदमाशों ने रतन सिंह नामक पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
टैग्स पत्रकार पर हमला नवीन सिंह