होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / पत्रकार को भारी पड़ा शिकायत करना, शराबी ने ऐसे निकाली खुन्नस
पत्रकार को भारी पड़ा शिकायत करना, शराबी ने ऐसे निकाली खुन्नस
घटना के दौरान बच्चों को स्कूल छोड़कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था पीड़ित पत्रकार
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
देश में पत्रकारों पर हमले की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। इस लिस्ट में एक और मामला जुड़ गया है। यह मामला उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर की तहसील सिधौली मास्टर बाग क्षेत्र के छाजन का है, जहां पर एक व्यक्ति ने दिनदहाड़े पत्रकार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में पत्रकार की उंगली लहूलुहान हो गई। इलाज के लिए पत्रकार को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटनाक्रम के अनुसार, स्वतंत्र प्रभात अखबार के पत्रकार अमित मिश्रा मंगलवार को अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में घात लगाए बैठे मुस्ताक अली पुत्र अब्दुल मजीद निवासी ग्राम बहेरवा ने धारदार हथियार से अमित मिश्रा की गर्दन पर वार कर दिया। हमले से बचने के लिए अमित मिश्रा ने हाथ आगे किया, जिसके चलते उनके बाएं हाथ की उंगली बुरी तरह से कट गई। इसके बाद अमित मिश्रा ने पुलिस को सूचना दी। अमित की सूचना पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है। आरोपित फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
दरअसल, मुस्ताक अली सोमवार की रात छाजन गांव में अमित मिश्रा के घर के सामने शराब पीकर हंगामा कर रहा था और गालियां बक रहा था। इस पर अमित ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुस्ताक को डपटकर भगा दिया था। बताया जाता है कि इस खुन्नस में उसने अमित मिश्रा के ऊपर हमला किया।
टैग्स पत्रकार पर हमला अमित मिश्रा स्वतंत्र प्रभात