अमिश देवगन ने ‘न्यूज18 इंडिया’ को कहा अलविदा, जल्द टाइम्स नेटवर्क से जुड़ने की तैयारी

करीब एक दशक तक नेटवर्क18 से जुड़े रहे अमिश देवगन ने इस दौरान लोकप्रिय शो ‘आर-पार’ के जरिए प्राइम टाइम न्यूज में अपनी एक अलग पहचान बनाई।

Last Modified:
Thursday, 24 September, 2026
Amish Devgan........


जाने-माने पत्रकार और न्यूज एंकर अमिश देवगन ने ‘न्यूज18 इंडिया’ को फाइनली अलविदा बोल दिया है। अमिश देवगन इस चैनल पर अपने चर्चित शो ‘आर-पार’ के साथ आज आखिरी बार नजर आएंगे। इसके साथ ही न्यूज18 इंडिया के साथ उनकी लंबी पारी का औपचारिक रूप से समापन हो जाएगा। विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो वह जल्द ही टाइम्स नेटवर्क से अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं।

करीब एक दशक तक नेटवर्क18 से जुड़े रहे अमिश देवगन ने इस दौरान एंकरिंग के साथ-साथ एडिटोरियल और न्यूज ऑपरेशन से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी संभालीं। ‘आर-पार’ के जरिए उन्होंने प्राइम टाइम न्यूज में अपनी एक अलग पहचान बनाई। यह शो उनकी पत्रकारिता और एंकरिंग पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है और न्यूज18 पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराता रहा है।

सूत्रों की मानें तो अब न्यूज18 से विदाई के बाद अमिश देवगन की अगली मंजिल टाइम्स नेटवर्क है। उनके लंबे पत्रकारिता अनुभव और टेलीविजन न्यूज में स्थापित पहचान को देखते हुए माना जा रहा है कि टाइम्स नेटवर्क में उनकी मौजूदगी नेटवर्क के लिए महत्वपूर्ण होगी।

करीब 24 साल का पत्रकारिता सफर: भारतीय टेलीविजन न्यूज की दुनिया में अमिश देवगन उन चर्चित चेहरों में शामिल हैं, जिन्होंने करीब 24 साल के पत्रकारिता सफर में कई महत्वपूर्ण पड़ाव तय किए हैं। प्रिंट से टेलीविजन, बिजनेस जर्नलिज्म से प्राइम टाइम एंकरिंग और रिपोर्टिंग से एडिटोरियल लीडरशिप तक उनका सफर रहा है।

अमिश देवगन ने वर्ष 2002 में ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ (Hindustan Times) से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने टेलीविजन की ओर रुख किया और ‘जी मीडिया’ (Zee Media) से जुड़े। वर्ष 2005 में वह ‘जी बिजनेस’ से जुड़े, जहां उनके करियर का एक लंबा और महत्वपूर्ण अध्याय शुरू हुआ।

‘जी मीडिया’ में करीब 13 साल की पारी ने उन्हें बिजनेस जर्नलिज्म और टेलीविजन एंकरिंग की दुनिया में स्थापित किया। उन्होंने ‘जी बिजनेस’ में डिप्टी एडिटर, एडिटर (आउटपुट) और एडिटर (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं और मई 2015 में चैनल के चीफ एडिटर बने।

एक रिपोर्टर के तौर पर शुरू हुआ उनका सफर धीरे-धीरे उन्हें एडिटोरियल और एंकरिंग की बड़ी जिम्मेदारियों तक ले गया। बिजनेस न्यूज की दुनिया में उन्होंने कमोडिटी और एग्रीकल्चर से जुड़े विषयों पर भी काम किया। ‘Mandi Live’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए उन्होंने कमोडिटी मार्केट से जुड़े विषयों को दर्शकों तक पहुंचाया।

‘जी बिजनेस’ में उनके कार्यकाल का एक प्रमुख कार्यक्रम ‘Big Story Big Debate’ रहा। इस शो में राजनीति, अर्थव्यवस्था, वित्तीय बाजार और देश-दुनिया से जुड़े बड़े मुद्दों पर बहस होती थी। बिजनेस न्यूज की पृष्ठभूमि से आने वाले अमिश देवगन ने ऐसे कार्यक्रमों के जरिए अपने दायरे को व्यापक बनाया और राष्ट्रीय राजनीति व समसामयिक मुद्दों पर चर्चा करने वाले एंकर के तौर पर भी पहचान बनाई।

नेटवर्क18 में शुरू हुआ नया अध्याय: ‘जी मीडिया’ में करीब 13 साल की लंबी पारी के बाद अमिश देवगन ने वर्ष 2016 में नेटवर्क18 का रुख किया। जून 2016 में उनके नेटवर्क18 से जुड़ने की खबर सामने आई। उस समय वह IBN7 (अब न्यूज18 इंडिया) के एग्जिक्यूटिव एडिटर और एंकर बने थे और चैनल की हिंदी स्ट्रैटेजी से जुड़ी जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई थी।

यहीं से उनके करियर में ‘आर-पार’ का अध्याय शुरू हुआ। इस शो के जरिए उन्होंने राजनीति, अर्थव्यवस्था और देश से जुड़े प्रमुख मुद्दों को प्राइम टाइम बहस का हिस्सा बनाया। सवाल पूछने का सीधा अंदाज, विषय की पृष्ठभूमि पर पकड़ और बहस को तेज गति से आगे बढ़ाने की शैली उनकी ऑन-स्क्रीन पहचान का हिस्सा बनी। समय के साथ ‘आर-पार’ उनकी व्यक्तिगत एंकरिंग पहचान का मजबूत हिस्सा बन गया। टेलीविजन के साथ डिजिटल ऑडियंस के बीच भी इस शो के जरिए उन्होंने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

नेटवर्क18 में अमिश देवगन की जिम्मेदारियां समय के साथ बढ़ती गईं। वह केवल प्राइम टाइम एंकर नहीं रहे, बल्कि न्यूज ऑपरेशन और एडिटोरियल मैनेजमेंट से जुड़ी जिम्मेदारियां भी संभालते रहे। वर्ष 2019 में नेटवर्क18 ने उन्हें न्यूज18 (यूपी, मध्यप्रदेश और राजस्थान) का मैनेजिंग एडिटर बनाया। इस भूमिका के साथ उनकी जिम्मेदारी न्यूज रूम और एडिटोरियल फैसलों तक भी पहुंची।

रिपोर्टिंग से एंकरिंग तक बनाई है खास पहचान: अमिश देवगन की पहचान केवल स्टूडियो एंकर के रूप में नहीं बनी। उनके पत्रकारिता करियर में रिपोर्टिंग और खोजी पत्रकारिता का भी महत्वपूर्ण स्थान रहा है। उनके प्रमुख पत्रकारिता कार्यों में कोयला घोटाला, ओडिशा का माइनिंग स्कैम और हवाला कारोबारी मोईन कुरैशी से जुड़े खुलासे शामिल हैं।

मिल चुके हैं कई सम्मान: करीब ढाई दशक के पत्रकारिता सफर में अमिश देवगन को विभिन्न मंचों पर सम्मान भी मिला है। उनके नाम IMF Young Emerging Editors Award 2015, Srishti Award for Business Journalism और Power Brand Trendsetter Award 2016 जैसे सम्मान दर्ज हैं। इसके अलावा नेटवर्क18 में उनके कार्यकाल के दौरान उन्हें ‘एक्सचेंज4मीडिया न्यूज ब्रॉडकास्टिंग अवॉर्ड्स’ (enba) के मंच पर भी एंकरिंग और एडिटोरियल लीडरशिप के लिए पहचान मिली।

करीब 24 साल के पत्रकारिता सफर में अलग-अलग भूमिकाओं और संस्थानों से गुजरने के बाद अब अमिश देवगन न्यूज18 से विदाई ले चुके हैं। ‘आर-पार’ के साथ उनकी इस पारी का समापन हो रहा है और माना जा रहा है कि जल्द ही टाइम्स नेटवर्क के साथ उनके करियर का नया अध्याय शुरू होगा। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

दिलीप तिवारी ने News Darpan में संभाली एडिटर-इन-चीफ की जिम्मेदारी

दिलीप तिवारी को न्यूज मीडिया में काम करने का तीन दशक से अधिक का अनुभव है।

Last Modified:
Thursday, 24 September, 2026
Dilip Tiwari

वरिष्ठ पत्रकार दिलीप तिवारी ने डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म News Darpan के एडिटर-इन-चीफ के रूप में जिम्मेदारी संभाली है।

दिलीप तिवारी को न्यूज मीडिया में काम करने का तीन दशक से अधिक का अनुभव है। दिलीप तिवारी ने वर्ष 1997 में अमर उजाला से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। इसके बाद वर्ष 1999 में वह जी मीडिया से जुड़े। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने बीजेपी, प्रधानमंत्री कार्यालय और संसद से जुड़ी राजनीतिक गतिविधियों की रिपोर्टिंग की। इसके साथ ही उन्होंने कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों को भी कवर किया।

दिलीप तिवारी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कई दौरों की रिपोर्टिंग की है। इसके अलावा उन्होंने पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भी ग्राउंड रिपोर्टिंग असाइनमेंट किए हैं।

समाचार4मीडिया की ओर से दिलीप तिवारी को उनकी नई पारी के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

अरविंद माथुर ने एमेजॉन वेब सर्विसेज को कहा अलविदा

अरविंद माथुर ने एमेजॉन वेब सर्विसेज से ढाई साल बाद विदाई की घोषणा की है। उन्होंने अपने कार्यकाल, सीख, सहयोगियों और आगे की योजना को लेकर लिंक्डइन पर जानकारी साझा की।

Last Modified:
Thursday, 24 September, 2026
arvind

अरविंद माथुर (Arvind Mathur), जो एमेजॉन वेब सर्विसेज (Amazon Web Services) में एग्जीक्यूटिव इन रेजिडेंस (Executive in Residence) के तौर पर कार्यरत थे, ने ढाई साल बाद कंपनी से विदाई की घोषणा की है। उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) पोस्ट के जरिए अपने सफर के बारे में जानकारी साझा की।

माथुर ने एमेजॉन वेब सर्विसेज में अपने अनुभव को उम्मीद से कहीं ज्यादा देने वाला अध्याय बताया। उन्होंने संगठन में मौजूद प्रतिभाओं और ऐसे लोगों के साथ काम करने का जिक्र किया, जिनके पास विशेषज्ञता, बेहतर निर्णय क्षमता और सहयोग की भावना है।

अपने कार्यकाल के दौरान माथुर ने कस्टमर एग्जीक्यूटिव्स (Customer Executives) के साथ काम किया और तेजी से बदलते बिजनेस माहौल को समझने और उसके अनुसार आगे बढ़ने में उनकी मदद की। उन्होंने एग्जीक्यूटिव-इन-रेजिडेंस टीम (Executive-in-Residence Team) का हिस्सा बनने के अनुभव को अपने करियर के सबसे केंद्रित लर्निंग एक्सपीरियंस (Learning Experiences) में से एक बताया।

माथुर ने कहा कि उनकी टीम में अलग-अलग दृष्टिकोण, स्पष्टता और नए तरीकों को आजमाने की इच्छा ने काम करने के अनुभव को खास बनाया। उन्होंने लिंक्डइन पोस्ट में लिखा, “धन्यवाद, AWS! ढाई साल के उल्लेखनीय सफर के बाद मैं ऐसे अध्याय को समाप्त कर रहा हूं, जिसने मेरी उम्मीद से कहीं ज्यादा दिया।”

उन्होंने कहा कि वह AWS से अपने कार्यकाल के दौरान किए गए काम के प्रभाव, सीख, दोस्ती और व्यक्तिगत विकास के लिए आभार के साथ विदा हो रहे हैं। अब वह कुछ समय अपने परिवार के साथ बिताएंगे और अपनी अगली भूमिका की घोषणा से पहले खुद को तैयार करने पर ध्यान देंगे।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

शिव आचार्जी Publicis Groupe India में स्ट्रैटेजी के वाइस प्रेजिडेंट नियुक्त

शिव आचार्जी ने Publicis Groupe India में स्ट्रैटेजी के वाइस प्रेजिडेंट के तौर पर जॉइन किया है। उन्होंने लिंक्डइन पर पोस्ट के जरिए अपनी नई नियुक्ति की जानकारी साझा की।

Last Modified:
Thursday, 24 September, 2026
Shiv4210

शिव आचार्जी ने Publicis Groupe India में स्ट्रैटेजी के वाइस प्रेजिडेंट के तौर पर जॉइन किया है। उन्होंने लिंक्डइन पर पोस्ट के जरिए अपनी नई नियुक्ति की जानकारी साझा की।

शिव आचार्जी को विज्ञापन और मीडिया के क्षेत्र में 16 साल से ज्यादा का अनुभव है। उन्हें बिजनेस स्ट्रैटेजी, ब्रैंड प्लानिंग, मार्केट रिसर्च और एनालिटिक्स के साथ-साथ स्ट्रैटेजिक मार्केटिंग और कंसल्टिंग का अनुभव है।

Publicis Groupe India में शामिल होने से पहले उन्होंने Omnicom Media India में करीब आठ साल काम किया। यहां वह हाल में स्ट्रैटेजी व ब्रैंड प्लानिंग के असिसटेंट वाइस प्रेजिडेंट के पद पर थे। इससे पहले वह Dentsu Creative और Windchimes Communications समेत कई कंपनियों के साथ भी काम कर चुके हैं।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

आशीष ऊषा अग्रवाल बने बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक

आशीष ऊषा अग्रवाल इससे पहले मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 17 अगस्त 2026 को उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग में सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई थी।

Last Modified:
Thursday, 24 September, 2026
Ashish Usha

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मध्य प्रदेश से जुड़े आशीष ऊषा अग्रवाल को पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग का संयोजक नियुक्त किया है। 23 सितंबर 2026 को जारी पार्टी की नियुक्ति संबंधी प्रेस विज्ञप्ति में आशीष ऊषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया विभाग के संयोजक की जिम्मेदारी दिए जाने की जानकारी दी गई है।

वहीं, अभी तक राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी संभाल रहे वरिष्ठ नेता और सांसद अनिल बलूनी को बीजेपी के संचार (Communication) विभाग का समन्वयक बनाया गया है। इस विभाग में पार्टी का राष्ट्रीय मीडिया सेल और सोशल मीडिया यूनिट शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:  मध्य प्रदेश की मीडिया कमान से BJP की राष्ट्रीय टीम तक, जानिए आशीष ऊषा अग्रवाल का सफर

आशीष ऊषा अग्रवाल ने नई जिम्मेदारी मिलने पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का आभार जताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और कम्युनिकेशन विभाग के नवनियुक्त समन्वयक अनिल बलूनी का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इन सभी ने उन पर विश्वास व्यक्त किया है।

आशीष ऊषा अग्रवाल ने कहा कि वह इस दायित्व का पूर्ण निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेंगे। साथ ही संगठन के विचारों, नीतियों और सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व, कार्यकर्ताओं, समर्थकों और पत्रकारों के स्नेह, मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए भी आभार जताया।

आशीष ऊषा अग्रवाल इससे पहले मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 17 अगस्त 2026 को उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग में सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई थी। अब उन्हें राष्ट्रीय मीडिया विभाग का संयोजक बनाया गया है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

डॉ. सुभाष चंद्रा ने NCLAT का किया रुख, संपत्तियां बेचने पर NCLT की रोक को दी चुनौती

जी ग्रुप के फाउंडर सुभाष चंद्रा ने नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) की पांच सदस्यीय विशेष पीठ के 1 सितंबर के आदेश के खिलाफ नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (NCLAT) का रुख किया है।

Last Modified:
Thursday, 24 September, 2026
DrSubhashChandra895

जी ग्रुप के फाउंडर डॉ. सुभाष चंद्रा ने नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) की पांच सदस्यीय विशेष पीठ के 1 सितंबर के आदेश के खिलाफ नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (NCLAT) का रुख किया है। इस आदेश में उन्हें अपनी संपत्तियां बेचने, ट्रांसफर करने या किसी अन्य तरीके से निपटाने से रोक दिया गया था।

NCLAT की बेंच ने डॉ. सुभाष चंद्रा की अपील पर सुनवाई की और उन्हें निर्देश दिया कि वह अपनी याचिका की कॉपी लेनदारों को उपलब्ध कराएं। इसके बाद मामले की अगली सुनवाई 29 सितंबर को तय की गई है।

NCLT की विशेष पीठ ने 1 सितंबर को 25 अगस्त के उस फैसले पर रोक लगा दी थी, जिसमें डॉ. सुभाष चंद्रा को अपनी व्यक्तिगत दिवालिया प्रक्रिया को 6.25 करोड़ रुपये का भुगतान करके निपटाने की अनुमति दी गई थी। यह रकम लेनदारों के 22,006.57 करोड़ रुपये के स्वीकृत दावों के मुकाबले थी।

इसके साथ ही NCLT की विशेष पीठ ने गारंटर के तौर पर डॉ. सुभाष चंद्रा को अपनी किसी भी संपत्ति को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से बेचने, ट्रांसफर करने या किसी अन्य तरीके से निपटाने से रोक दिया था।

डॉ. चंद्रा ने NCLAT में मुख्य रूप से इस आदेश को इस आधार पर चुनौती दी है कि NCLT की पांच सदस्यीय विशेष पीठ को सिर्फ उन मुद्दों पर फैसला करना था, जिन पर पहले सुनवाई करने वाले सदस्यों के बीच मतभेद था। उनके मुताबिक, पूरी कार्यवाही को दोबारा शुरू करने और उनकी सभी संपत्तियों पर व्यापक रोक लगाने का आदेश इस सीमित दायरे से आगे जाता है।

यह मामला डॉ. सुभाष चंद्रा की व्यक्तिगत दिवालिया प्रक्रिया से जुड़ा है, जिसे इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने दिवालिया एवं दिवालियापन संहिता (IBC) की धारा 95 के तहत शुरू किया था।

25 अगस्त को तीसरे सदस्य ने सुभाष चंद्रा की 6.25 करोड़ रुपये की भुगतान योजना को मंजूरी दी थी। हालांकि, कुछ दावों को योजना से बाहर करने और उस रकम को बाकी योग्य लेनदारों में बांटने का निर्देश भी दिया गया था। उन्होंने यह भी कहा था कि मंजूर योजना उन लेनदारों पर भी लागू होगी, जिन्होंने इसका विरोध किया था।

इसके बाद मूल दो सदस्यीय NCLT बेंच ने कहा कि तीसरे सदस्य के फैसले से कोई स्पष्ट बहुमत वाली राय सामने नहीं आई है। इसके बाद मामले की सुनवाई के लिए पांच सदस्यीय विशेष पीठ बनाई गई थी। इसी पीठ ने 1 सितंबर को डॉ. सुभाष चंद्रा की संपत्तियों पर रोक लगाते हुए 25 अगस्त के फैसले पर भी रोक लगा दी थी। अब इस आदेश के खिलाफ डॉ. सुभाष चंद्रा ने NCLAT का रुख किया है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

प्राइम फोकस की कंपनी Brahma AI ने जुटाए $150 मिलियन, AI कारोबार के विस्तार पर होगा निवेश

प्राइम फोकस लिमिटेड (Prime Focus Limited) ने 23 सितंबर 2026 को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उसकी कंपनी Brahma AI ने 150 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई है।

Last Modified:
Thursday, 24 September, 2026
PrimeFocus8744

प्राइम फोकस लिमिटेड (Prime Focus Limited) ने 23 सितंबर 2026 को शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि उसकी कंपनी Brahma AI ने 150 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई है। यह फंडिंग राउंड Multiples Alternate Asset Management की अगुवाई में हुआ है। इसमें Multiples ने 100 मिलियन डॉलर का निवेश किया है। कंपनी को निवेशकों से 100 मिलियन डॉलर की अतिरिक्त निवेश रुचि भी मिली है।

Brahma AI एंटरप्राइज ऑडियोविजुअल कंटेंट के लिए AI आधारित ऑपरेटिंग सिस्टम तैयार कर रही है। कंपनी का कहना है कि नई फंडिंग का इस्तेमाल रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D), दुनियाभर के बाजारों में कारोबार बढ़ाने और सिलिकॉन वैली में अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लिए किया जाएगा।

Brahma AI मुख्य रूप से चार वैश्विक क्षेत्रों पर काम कर रही है। इनमें मीडिया और एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स, हेल्थकेयर और विज्ञापन शामिल हैं।

कंपनी के प्रमुख वैश्विक ग्राहकों में Warner Bros, NBA और Mayo Clinic शामिल हैं। वहीं, इसके रणनीतिक डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर्स में Google, Hakuhodo और DNEG शामिल हैं।

प्रभु नरसिम्हन ने की Brahma AI की शुरुआत

Brahma AI की स्थापना इसके फाउंडर और CEO प्रभु नरसिम्हन ने की है। कंपनी को नरसिम्हन की उस सोच के आधार पर शुरू किया गया, जिसमें DNEG, Metaphysic और Prime Focus Technologies के जरिए विकसित टेक्नोलॉजी और क्षमताओं को एक साथ लाकर बड़ी कंपनियों के लिए AI आधारित प्लेटफॉर्म तैयार करना शामिल था।

कंपनी के मुताबिक, नरसिम्हन के नेतृत्व में Brahma AI ने Brahma AI Core और Brahma AI Studio के आधार पर अपना AI प्लेटफॉर्म तैयार किया है। कंपनी ने बड़े वैश्विक ग्राहकों और साझेदारों के साथ काम शुरू किया है और मीडिया एवं एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स, हेल्थकेयर और विज्ञापन क्षेत्रों में अपनी तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया है।

फिलहाल Brahma AI एंटरप्राइज कंटेंट की समझ और मैनेजमेंट को AI आधारित क्रिएशन टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ती है। इसमें विजुअल AI, डिजिटल ह्यूमन, वॉयस और कई भाषाओं में परफॉर्मेंस जैसी तकनीकें शामिल हैं।

कंपनी की तकनीक को 2026 में Technology & Engineering Emmy Award भी मिला है।

AI और R&D पर बढ़ेगा निवेश

Brahma AI की टेक्नोलॉजी और R&D डिविजन की जिम्मेदारी कंपनी के को-फाउंडर और CTO Jo Plaete संभाल रहे हैं। कंपनी के मुताबिक, वह AI, विजुअल AI, डिजिटल ह्यूमन और हाई-फिडेलिटी सिंथेटिक मीडिया के क्षेत्र में काम कर रहे हैं।

Multiples की फाउंडर, MD और CEO रेणुका रामनाथ ने कहा कि Brahma AI AI के दौर में कंटेंट सप्लाई चेन को नए तरीके से तैयार कर रही है। उनके मुताबिक, कंपनी AI आधारित कंटेंट, इंटेलिजेंस, लोकलाइजेशन, डिजिटल ह्यूमन और वर्कफ्लो ऑटोमेशन के जरिए संगठनों को ज्यादा वैल्यू हासिल करने में मदद कर रही है।

उन्होंने कहा कि Multiples का निवेश इस सोच पर आधारित है कि हर एंटरप्राइज अब एक कंटेंट एंटरप्राइज बन रहा है। Multiples आगे कंपनी के R&D, वैश्विक बाजार विस्तार और टैलेंट व प्रोसेस तैयार करने में भी सहयोग करेगी।

DNEG के फाउंडर ने भी दी प्रतिक्रिया

DNEG के फाउंडर और CEO नमित मल्होत्रा ने कहा कि Brahma AI की शुरुआत प्रभु नरसिम्हन के उस विचार से हुई थी, जिसमें DNEG, Metaphysic और Prime Focus Technologies की तकनीक और क्षमताओं को एक साथ लाकर AI के दौर के लिए एक नई स्वतंत्र टेक्नोलॉजी कंपनी बनाने की योजना थी।

उन्होंने कहा कि कम समय में प्रभु और उनकी टीम ने अपनी तकनीक और प्रोडक्ट तैयार किए, बड़े वैश्विक ग्राहक और साझेदार बनाए और कंपनी की अलग पहचान स्थापित की है।

डिजिटल ह्यूमन लॉन्च करने की तैयारी

Brahma AI के फाउंडर और CEO प्रभु नरसिम्हन ने कहा कि इस निवेश से कंपनी को आगे नई तकनीक तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि कंपनी जल्द ही इंटरैक्टिव डिजिटल ह्यूमन लॉन्च करने के करीब है।

उन्होंने यह भी कहा कि Brahma AI को मॉडल-अग्नोस्टिक बनाने पर काम किया जा रहा है और कंपनी अपनी तकनीक को नए इस्तेमाल के क्षेत्रों में ले जा रही है। उनके मुताबिक, सिक्योरिटी, ऑथेंटिसिटी और प्रोवेनेंस कंपनी के काम का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

इस इक्विटी फाइनेंसिंग में Cantor Fitzgerald & Co. ने एकमात्र प्लेसमेंट एजेंट के तौर पर काम किया।

Brahma AI क्या करती है?

Brahma AI एंटरप्राइज ऑडियोविजुअल कंटेंट के लिए AI आधारित ऑपरेटिंग सिस्टम है। इसका प्लेटफॉर्म Brahma AI Core और Brahma AI Studio को जोड़ता है।

Brahma AI Core एंटरप्राइज कंटेंट इंटेलिजेंस और मैनेजमेंट से जुड़ा है, जबकि Brahma AI Studio AI आधारित कंटेंट बनाने का प्लेटफॉर्म है। इसमें विजुअल AI, डिजिटल ह्यूमन, वॉयस और कई भाषाओं में परफॉर्मेंस जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

Multiples के बारे में

Multiples भारत की प्रमुख अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट कंपनियों में से एक है। कंपनी के मुताबिक, उसने अब तक 35 से ज्यादा कंपनियों में निवेश किया है। Multiples मुख्य रूप से फाइनेंशियल सर्विसेज, फार्मा और हेल्थकेयर, कंज्यूमर और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों पर ध्यान देती है। हाल के समय में कंपनी ने ग्रीन इकोनॉमी के क्षेत्र में भी निवेश बढ़ाया है।

इसके निवेश वाली कंपनियों में ACKO, Delhivery, Encube Ethicals, India Energy Exchange, Kogta Financial, Licious, Milltec, MoEngage, PVR, Quantiphi, TI Clean Mobility, Vastu Housing Finance, VIP Industries और Zenex शामिल हैं।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

निआन्स की 13वीं वर्षगांठ, ‘मेन तेराह’ में टीम और रिश्तों पर फोकस

टेक्नोलॉजी और मार्केटिंग एजेंसी निआन्स ने ‘मेन तेराह’ अभियान के साथ 13वीं वर्षगांठ मनाई। अभियान में टीम, ग्राहक संबंधों, क्रिएटिविटी, टेक्नोलॉजी और एजेंसी की विकास यात्रा को केंद्र में रखा गया।

Samachar4media Bureau by
Published - Wednesday, 23 September, 2026
Last Modified:
Wednesday, 23 September, 2026
nians

टेक्नोलॉजी और मार्केटिंग एजेंसी निआन्स (Nians) अपनी 13वीं वर्षगांठ ‘मेन तेराह’ (Main TERAh) अभियान के साथ मना रही है। एजेंसी को पहले टेक्नियंस (Technians) के नाम से जाना जाता था। ‘मेन तेराह’ नाम हिंदी के ‘तेरह’ यानी 13 और ‘तेरा’ यानी ‘आपका’ के दोहरे अर्थ पर आधारित है। एजेंसी के मुताबिक, यह नाम पिछले 13 वर्षों में कर्मचारियों और ग्राहकों के साथ बने रिश्तों को दर्शाता है।

अभियान की टैगलाइन ‘13 Years of Creativity, Technology & Performance’ है, जबकि ‘Same People, Bigger Stories’ के जरिए टीम को इस सफर के केंद्र में रखा गया है। निआन्स की शुरुआत टेक्नोलॉजी कंपनी के तौर पर हुई थी और 2013 में एजेंसी ने डिजिटल मार्केटिंग (Digital Marketing) की दिशा में कदम बढ़ाया। इसके बाद 2020 के शुरुआती वर्षों में मारटेक (MarTech) और क्रिएटिव सेवाओं का विस्तार किया गया और 2022 में फुल-फनल क्षमताएं (Full-Funnel Capabilities) जोड़ी गईं।

विस्तार के साथ एजेंसी ने अपने ऑपरेशनल स्ट्रक्चर (Operational Structure) को भी मजबूत किया। इसके तहत सिस्टम तैयार किए गए, काम करने की प्रक्रियाओं में सुधार हुआ और संगठनात्मक ढांचे को विकसित किया गया। इसके साथ शुरुआती संस्कृति को बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। ग्राहकों के साथ काम करने के लिए निआन्स चार चरणों वाली प्रक्रिया अपनाती है—समझना, रणनीतिक तालमेल, सहयोग और डिलीवरी। एजेंसी का मानना है कि कोई भी ब्रीफ (Brief) शुरुआत है, अंतिम लक्ष्य नहीं।

निआन्स को 2023 में ‘मारटेक एजेंसी ऑफ द ईयर’ (MarTech Agency of the Year) का सम्मान मिला था। पिछले पांच वर्षों में एजेंसी ने अलग-अलग मीडिया संस्थानों से 80 से अधिक पुरस्कार भी हासिल किए हैं।

समय के साथ कंपनी की संस्कृति में भी बदलाव आया है। शुरुआती ‘टेक्नियंस स्पिरिट’ अब ‘निआन्स कम्युनिटी’ में बदल चुकी है। 22 सितंबर 2025 को टेक्नियंस का औपचारिक रूप से निआन्स नामकरण किया गया। एजेंसी ने इसे सिर्फ नाम बदलने के बजाय इनोवेशन (Innovation) और बदलाव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि बताया।

13वीं वर्षगांठ के समारोह 21 सितंबर को कर्मचारियों के लिए ‘किंग कॉन्ग ऑन द ब्लॉक’ कार्यक्रम के साथ शुरू हुए। 22 सितंबर को गुरुग्राम कार्यालय में ‘बॉलीवुड: ए फिल्मी सेलिब्रेशन’ आयोजित किया गया, जिसमें कर्मचारियों के परिवार भी शामिल हुए। 23 सितंबर को रूम एक्सओ में ग्राहकों और साझेदारों के लिए कार्यक्रम रखा गया, जिसमें स्टैंड-अप कॉमेडी, केक कटिंग, एरियल एक्ट, डांस और डिनर शामिल हैं।

अभियान में कर्मचारियों को केंद्र में रखते हुए डांस आधारित टीजर (Teaser), तस्वीरों और टीम रील (Team Reel) का इस्तेमाल किया गया है। आगे निआन्स का फोकस बाजार में बदलाव के अनुरूप खुद को ढालने, मारटेक और क्रिएटिव सॉल्यूशंस (Creative Solutions) में इनोवेशन बढ़ाने तथा ग्राहकों और साझेदारों के साथ मजबूत संबंध बनाने पर रहेगा।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Pitch BFSI Summit: बैंकिंग व इंश्योरेंस सेक्टर के दिग्गज आज एक मंच पर

Pitch BFSI Summit 2026 का चौथा संस्करण आज आयोजित हो रहा है। इस समिट में बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस (BFSI) सेक्टर के वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ एक मंच पर जुट रहे हैं।

Samachar4media Bureau by
Published - Wednesday, 23 September, 2026
Last Modified:
Wednesday, 23 September, 2026
PITCHBFS8541

Pitch BFSI Summit 2026 का चौथा संस्करण आज आयोजित हो रहा है। इस समिट में बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस (BFSI) सेक्टर के वरिष्ठ अधिकारी और विशेषज्ञ एक मंच पर जुट रहे हैं। समिट में ट्रस्ट, AI और कस्टमर अटेंशन प्रमुख विषयों में शामिल हैं।

समिट के एजेंडे में BFSI सेक्टर में तेजी से हो रहे बदलाव और उन प्रमुख ट्रेंड्स पर चर्चा होगी, जो यह तय कर रहे हैं कि ब्रैंड ग्राहकों से किस तरह जुड़ रहे हैं।

ग्राहकों की उम्मीदों में लगातार बदलाव के बीच BFSI ब्रैंड तकनीक, पारदर्शिता और ग्राहकों की जरूरतों के बीच संतुलन बनाते हुए उनके साथ बेहतर रिश्ते बनाने के नए तरीके तलाश रहे हैं। समिट में BFSI मार्केटिंग में AI, डेटा, क्रिएटिविटी और पर्सनलाइजेशन के बढ़ते महत्व पर भी चर्चा होगी।

इंडस्ट्री लीडर्स इस बात पर चर्चा करेंगे कि ब्रैंड तेजी से बंटे हुए मीडिया माहौल, बदलते ग्राहक व्यवहार और ज्यादा प्रासंगिक व जिम्मेदार कम्युनिकेशन की बढ़ती जरूरत के बीच कैसे आगे बढ़ सकते हैं।

Pitch BFSI Summit 2026 तेजी से बदलते डिजिटल माहौल में नए तरीके से ग्राहकों से जुड़ने के मुद्दों पर चर्चा के लिए BFSI कम्युनिटी को एक मंच पर ला रहा है। समिट में BFSI मार्केटर्स के सामने मौजूद कई अहम चुनौतियों पर बातचीत होगी। इनमें कस्टमर अटेंशन, बढ़ती कस्टमर एक्विजिशन कॉस्ट, AI आधारित मार्केटिंग, डेटा और पर्सनलाइजेशन, क्रिएटर के जरिए फाइनेंशियल कम्युनिकेशन और मीडिया की बदलती भूमिका शामिल हैं।

चर्चा में यह भी देखा जाएगा कि ब्रैंड इनोवेशन के साथ-साथ प्राइवेसी और जिम्मेदार कम्युनिकेशन का ध्यान रखते हुए ग्राहकों के साथ मजबूत रिश्ते कैसे बना सकते हैं।

समिट में कई अहम कीनोट और पैनल डिस्कशन भी होंगे। इनमें AI आधारित बैंकिंग का वास्तव में क्या मतलब है, इंश्योरेंस सेक्टर की संभावनाओं पर अभी भी पर्याप्त मार्केटिंग क्यों नहीं हो रही है, ग्राहकों का ध्यान अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर बंटने के बीच ब्रैंड अपनी प्रासंगिकता कैसे बनाए रख सकते हैं और भारत फाइनेंशियल सर्विसेज के क्षेत्र में दुनिया भर में भरोसेमंद पहचान कैसे बना सकता है जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

मार्केटिंग, टेक्नोलॉजी, कस्टमर एंगेजमेंट और इनोवेशन से जुड़े इन सत्रों के जरिए Pitch BFSI Summit 2026 इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को अपने अनुभव, विचार और भविष्य की रणनीतियां साझा करने का मंच देगा।

समिट के बाद Pitch Finovate - BFSI Marketing Awards का आयोजन होगा। इन अवॉर्ड्स का उद्देश्य BFSI क्षेत्र में सफल मार्केटिंग रणनीतियां, कैंपेन और नए आइडिया तैयार करने और लागू करने वाले लोगों और काम को सम्मानित करना है।

इस साल जूरी के चेयर वेंकट नागेश्वर चलसानी, चीफ एग्जिक्यूटिव, AMFI हैं। वहीं डॉ. अनुराग बत्रा, चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ, BW बिजनेसवर्ल्ड और एक्सचेंज4मीडिया को- जूरी चेयर हैं। जूरी में इंडस्ट्री के कई वरिष्ठ लीडर्स, बिजनेस हेड्स और विशेषज्ञ भी शामिल हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों का लंबा अनुभव रखते हैं। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Zee Media की AGM में तीनों प्रस्ताव मंजूर, सुरेंद्र सिंह फिर बने डायरेक्टर

जी मीडिया कॉर्पोरेशन (Zee Media Corporation Limited) की 27वीं सालाना आम बैठक यानी AGM 22 सितंबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई।

Vikas Saxena by
Published - Wednesday, 23 September, 2026
Last Modified:
Wednesday, 23 September, 2026
ZeeMedia84

जी मीडिया कॉर्पोरेशन (Zee Media Corporation Limited) की 27वीं सालाना आम बैठक यानी AGM 22 सितंबर 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई। बैठक सुबह 11:30 बजे शुरू हुई और 12:14 बजे खत्म हुई। कंपनी ने बताया कि बैठक में रखे गए सभी तीनों प्रस्ताव जरूरी बहुमत के साथ मंजूर हो गए।

बैठक में कंपनी के वित्त वर्ष 2025-26 के ऑडिट किए गए वित्तीय नतीजों और संबंधित रिपोर्टों को मंजूरी देने का प्रस्ताव रखा गया था। इसे शेयरधारकों ने मंजूर कर दिया। दूसरे प्रस्ताव के तहत सुरेंद्र सिंह को कंपनी के डायरेक्टर के तौर पर फिर से नियुक्त करने को मंजूरी दी गई। वह रोटेशन के आधार पर रिटायर होने के बाद दोबारा नियुक्ति के लिए पात्र थे।

तीसरे प्रस्ताव में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कॉस्ट ऑडिटर्स के पारिश्रमिक को मंजूरी देने की बात थी। इस प्रस्ताव को भी शेयरधारकों ने मंजूर कर दिया।

कंपनी के मुताबिक, एजीएम में कुल 70 शेयरधारक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। इनमें 5 प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप से, जबकि 65 पब्लिक शेयरधारक थे।

AGM में रिमोट ई-वोटिंग और बैठक के दौरान हुई ई-वोटिंग के नतीजों की जांच नीलम गुप्ता एंड एसोसिएट्स की प्रोपराइटर नीलम गुप्ता ने स्क्रूटिनाइजर के तौर पर की। उनकी रिपोर्ट के आधार पर तीनों प्रस्ताव जरूरी बहुमत से पास हुए।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

रजत शर्मा फिर ‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन’ के प्रेजिडेंट चुने गए

मंगलवार को हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। बता दें कि NBDA वर्तमान में देश के प्रमुख न्यूज और करेंट अफेयर्स ब्रॉडकास्टर्स का शीर्ष संगठन है।

Last Modified:
Tuesday, 22 September, 2026
NBDA

‘न्यूज ब्रॉडकास्टर्स एंड डिजिटल एसोसिएशन’ (NBDA) ने ‘इंडिया टीवी’ (India TV) के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा को वर्ष 2026-27 के लिए सर्वसम्मति से फिर प्रेजिडेंट चुना है। मंगलवार को हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

बता दें कि NBDA वर्तमान में देश के प्रमुख न्यूज और करेंट अफेयर्स ब्रॉडकास्टर्स का शीर्ष संगठन है। इसके 29 प्रमुख न्यूज और करेंट अफेयर्स ब्रॉडकास्टर्स सदस्य हैं, जिनके तहत 136 न्यूज चैनल और डिजिटल प्लेटफॉर्म शामिल हैं।

इससे पहले NBDA की 19वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में MM TV Ltd. का प्रतिनिधित्व करने वाले जयंत एम मैथ्यू का बोर्ड में स्वागत किया गया। उन्हें NBDA के बोर्ड में नियुक्त किया गया है।

इसी बैठक में ‘टाइम्स ग्रुप’ की डायरेक्टर (पब्लिक पॉलिसी एंड कंटेंट एश्योरेंस) रचना बर्मन और ‘नेटवर्क18 मीडिया एंड इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड’ की ग्रुप जनरल काउंसल क्षिप्रा जटाना को NBDA का स्थायी निदेशक बनाया गया।

NBDA बोर्ड के अन्य सदस्य

  • एम.वी. श्रेयम्स कुमार — मैनेजिंग डायरेक्टर, Mathrubhumi Printing & Publishing Co. Ltd.
  • अनुराधा प्रसाद शुक्ला — चेयरपर्सन और मैनेजिंग डायरेक्टर, News24 Broadcast India Ltd.
  • कली पुरी— वाइस-चेयरपर्सन और मैनेजिंग डायरेक्टर, TV Today Network Ltd.
  • अनिल कुमार मल्होत्रा — एडवाइजर, Zee Media Corporation Ltd.
  • ध्रुब मुखर्जी — डायरेक्टर, ABP Network Pvt. Ltd.
  • राहुल कंवल — सीईओ और एडिटर-इन-चीफ, New Delhi Television Ltd.
  • महेश कुमार राजारामन — मैनेजिंग डायरेक्टर, Sun TV Network Ltd.
न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए