होम / इंडस्ट्री ब्रीफिंग / दर्शकों को कुछ इस अंदाज में क्रिकेट वर्ल्ड कप की ‘सैर’ कराएगा ABP News
दर्शकों को कुछ इस अंदाज में क्रिकेट वर्ल्ड कप की ‘सैर’ कराएगा ABP News
क्रिकेट के इस महाकुंभ की कवरेज के लिए शुरू की नई पहल
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
भारत जैसे देश में जहां क्रिकेट महज एक खेल नहीं, बल्कि एक धर्म की तरह है, क्रिकेट प्रेमियों के लिए क्रिकेट वर्ल्ड कप से बड़ी कोई चीज नहीं है। 30 मई से इंग्लैंड में शुरू हो रहे क्रिकेट के इस महाकुंभ को लेकर एबीपी न्यूज नेटवर्क (ABP NEWS NETWORK) किसी भी तरह की कोई कसर बाकी नहीं रखना चाहता है। ऐसे में देश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एबीपी न्यूज नेटवर्क नई पहल करने जा रहा है।बताया जाता है कि ‘#ViratCup’ के नाम से शुरू की जा रही अपनी तरह की इस नई पहल के तहत क्रिकेट वर्ल्ड कप के बारे में दर्शकों को ऐसी कवरेज देखने को मिलेगी, जो उन्होंने पहले नहीं देखी होगी। इसके लिए नेटवर्क की ओर से बतौर क्रिकेट एक्सपर्ट कपिल देव और वीरेंद्र सहवाग दर्शकों को एक नए अंदाज में क्रिकेट वर्ल्ड कप की हर बारीकी से रूबरू कराएंगे।
यह पहली बार होगा, जब पूर्व में भारतीय टीम के कप्तान रह चुके दिग्गजों की विश्व कप से जुड़ी विशेष यादों को खास रूप में प्रसारित किया जाएगा। वर्ल्ड कप के महत्व को देखते हुए एबीपी इंग्लैंड के ओल्ड ट्रेफर्ड मैनचेस्टर में एबीपी की ओर से कई स्पेशल और एक्सक्लूसिव शो शूट किए जाएंगे। यहीं पर भारत-पाकिस्तान के बीच मैच खेला जाएगा। यही नहीं, कपिल देव लंदन के स्टेडियम में जाएंगे और ट्रॉफी के साथ तीन दशक पुराने विश्व कप की भव्यता को फिर से जीवंत करेंगे।
इस कैंपेन के बारे में ‘एबीपी न्यूज नेटवर्क’ के सीईओ अविनाश पांडे ने कहा, ‘हमारे देश के लोगों के लिए क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं है, बल्कि उससे कहीं ज्यादा है। अब चुनावी सीजन भी धीरे-धीरे खत्म हो रहा है, ऐसे में एबीपी समूह क्रिकेट सीजन पर फोकस करेगा और अपने दर्शकों को एक्सक्लूसिव और इनोवैटिव कंटेंट उपलब्ध कराएगा। इसके लिए हमारी पहल #ViratCup के द्वारा दिग्गज क्रिकेटर कपिल देव और वीरेंद्र सहवाग दर्शकों को इस महा आयोजन से जुड़ी बारीक से बारीक जानकारी देंगे, वर्ल्ड कप के दौरान यह पहल निश्चित रूप के दर्शकों को काफी पसंद आएगी। इस तरह की पहल पहले कभी नहीं हुई है। यह इस टूर्नामेंट की कवरेज को एक नई उंचाई तक ले जाएगी।’
आप अपनी राय, सुझाव और ख़बरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कीजिए
टैग्स एबीपी न्यूज नेटवर्क कपिल देव वीरेंद्र सहवाग क्रिकेट वर्ल्ड कप