होम / ब्रैंड स्पीक्स / NDTV को टेकओवर करने के लिए Adani समूह अब उठाएगा ये कदम!
NDTV को टेकओवर करने के लिए Adani समूह अब उठाएगा ये कदम!
मीडिया सेक्टर में अपनी उपस्थिति और मजबूत करने के लिए अडानी ग्रुप (Adani Group) ‘एनडीटीवी’ (New Delhi Television) के अधिग्रहण की तैयारियों में जुटा है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
मीडिया सेक्टर में अपनी उपस्थिति और मजबूत करने के लिए अडानी ग्रुप (Adani Group) ‘एनडीटीवी’ (New Delhi Television) के अधिग्रहण की तैयारियों में जुटा है। इस डील की राह में सेबी के एक पुराने ऑर्डर के कारण अड़चन आने की खबरों के बीच अडानी ग्रुप ने ओपन ऑफर का ऐलान कर दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अडानी ग्रुप ने एनडीटीवी की अतिरिक्त 26 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए 17 अक्टूबर को ओपन ऑफर लॉन्च करने का ऐलान किया है। इस ओपन ऑफर को जेएम फाइनेंशियल नाम की कंपनी लॉन्च करेगी। कंपनी की ओर से कहा गया है कि यह ओपन ऑफर 17 अक्टूबर को लॉन्च होकर एक नवंबर को बंद हो जाएगा। इस ओपन ऑफर के जरिए कंपनी एनडीटीवी समूह के 1.67 करोड़ शेयरों को खरीदने की कोशिश करेगी। इसके लिए 294 रुपये प्रति शेयर का भाव तय किया गया है और यह भी कहा गया है कि यदि इस दर पर ऑफर को पूरी तरह से सब्सक्राइब किया गया, तो इसकी कुल रकम 492.81 करोड़ रुपये हो जाएगी।
सेबी के एक फैसले से अटकी डील
इससे पहले अडानी ग्रुप की एक कंपनी ने मीडिया कंपनी नई दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड (New Delhi Television Ltd) के 29.18 फीसदी शेयर को अप्रत्यक्ष तरीके से खरीदने का ऐलान किया था। इस डील को अडानी ग्रुप की मीडिया कंपनी एएमजी मीडिया नेटवर्क्स (AMG Media Networks) की सब्सिडियरी विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड (Vishvapradhan Commercial Private Limited) के माध्यम से पूरा करने का प्रयास चल रहा है। हालांकि अभी यह डील सेबी के एक पुराने फैसले के कारण अटकी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेबी ने एनडीटीवी के प्रवर्तकों प्रणय रॉय (Prannoy Roy) और राधिका रॉय (Radhika Roy) को 2020 में 2 साल के लिए सिक्योरिटी मार्केट से प्रतिबंधित कर दिया था। सेबी ने यह प्रतिबंध 27 नवंबर 2020 को लगाया था। इस तरह दोनों प्रवर्तकों के ऊपर अभी सेबी का प्रतिबंध लागू ही है, जो 27 नवंबर 2022 के बाद ही हट सकता है। सेबी ने दोनों के ऊपर प्रतिबंध लगाते हुए कहा था कि वे इसके हटने तक सिक्योरिटी मार्केट में न तो कुछ खरीद सकते हैं और न ही बेच सकते हैं। एनडीटीवी ने शेयर बाजार को यह जानकारी दी है।
एनडीटीवी और उसकी एक प्रमोटर कंपनी आरआरपीआर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड का कहना है कि सेबी के इस ऑर्डर के चलते अडानी ग्रुप की कंपनी को 29.18 फीसदी हिस्सेदारी ट्रांसफर नहीं की जा सकती है।
कंपनी ने बताया, ‘जब तक लंबित अपील कार्यवाही पूरी नहीं होती है, प्रस्तावित अधिग्रहणकर्ता के लिए प्रवर्तक समूह के 99.5 फीसदी हिस्सों के लिए सेबी की मंजूरी जरूरी है।
एनडीटीवी में 29.18 फीसदी हिस्सेदारी हासिल करने वाले अडानी ग्रुप ने कहा कि वह अतिरिक्त 26 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक खुली पेशकश लाएगा। इस पर एनडीटीवी ने कहा था कि अडानी ग्रुप को ओपन ऑफर लाने से रोका जाए।
टैग्स एनडीटीवी अडानी ग्रुप